Dhurandhar की सक्सेस के बाद ये लगभग तय था कि आने वाले समय में इसे स्पाय जॉनर की फिल्मों के लिए एक मापदंड की तरह देखा जाएगा. हुआ भी ऐसा ही. पिछले दिनों YRF Spy Universe की Alpha रिलीज़ हुई और लोग इसे सीधे Ranveer Singh की फिल्म से कंपेयर करने लगे. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस तुलना के कारण Alia Bhatt की फिल्म को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है.
ट्रेड एक्सपर्ट्स ने बताया क्यों बुरी तरह पिटी आलिया - शरवरी की 'ऐल्फा'
YRF Spy Universe की सबसे बड़ी फ्लॉप कैसे बनी 'ऐल्फा'?


ट्रेड वेटरन तरण आदर्श ने बॉलीवुड हंगामा से हुई बातचीत में बताया कि 'धुरंधर' के बाद स्पाय थ्रिलर्स को लेकर लोगों का नजरिया बदल गया है. खासकर इसमें पाकिस्तान को जिस तरह से पेश किया गया, उसने लोगों की सोच बदली है. ट्रेड एनलिस्ट अतुल मोहन का कहना है कि 'ऐल्फा' को रिलीज़ से पहले ही सोशल मीडिया पर बेवजह निशाने पर लिया जा रहा था. लोग दावा कर रहे थे कि ये मूवी पाकिस्तान के पक्ष में है. ऐसे में इसकी सीधी तुलना 'धुरंधर' से होने लगी. उनके मुताबिक, ऐसा करना गलत है क्योंकि इस फिल्म की शूटिंग 'धुरंधर' से पहले ही पूरी हो चुकी थी. लेकिन रिलीज़ में हुई देरी और टीज़र को अच्छा रिस्पॉन्स न मिलने की वजह से फिल्म के लिए नेगेटिव माहौल बन गया.
वैसे, अतुल मोहन ने ये जरूर स्वीकारा कि स्पाय फिल्मों की 'धुरंधर' से तुलना होना तय है और इससे बचा नहीं जा सकता. उनका मानना है कि जब भी लोग स्पाय यूनिवर्स की बात करेंगे, तो उसे सीधे-सीधे रणवीर सिंह की मूवी से कंपेयर किया जाएगा. अतुल के मुताबिक, 'धुरंधर' जैसी फिल्में कभी-कभार ही बनती हैं. इसने स्टोरीटेलिंग को नेक्स्ट लेवल पर पहुंचा दिया है. ऐसे में दूसरी फिल्मों के लिए इसे एक पैमाने की तरह देखा जाएगा.
हालांकि ट्रेड एक्सपर्ट विशेक चौहान बाकी लोगों की बातों से इत्तेफाक नहीं रखते. उनके मुताबिक, 'धुरंधर' की वजह से दूसरी फिल्मों को नुकसान होगा, ये सोच पूरी तरह गलत है. उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर ऐसे दावे वही लोग कर रहे हैं जिन्हें फिल्म बिजनेस की ज्यादा समझ नहीं. उन्होंने कहा कि खराब रिव्यू मिलने के बावजूद पहले वीकेंड पर लोग बड़ी संख्या में 'ऐल्फा' देखने पहुंचे थे. उनका मानना है कि 'धुरंधर' का उफ़ान अब खत्म हो चुका है. अब लोग ऐसी किसी भी फिल्म को देखने के लिए तैयार हैं, जो उन्हें एक्साइटिंग लगे.
जहां तक 'ऐल्फा' के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात है, 03 जुलाई को रिलीज़ हुई इस फिल्म ने पहले दिन ग्रॉस 11.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी. पहले वीकेंड पर इसने भारत में 40.8 करोड़ कमा लिए थे. खबर लिखे जाने तक मूवी ने भारत में 64.79 करोड़ और विदेशों में 26.20 करोड़ का कलेक्शन किया है. इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 90.99 करोड़ तक पहुंच गया है. लेकिन अब इसकी कमाई 1 करोड़ के आंकड़े से नीचे आ गई है. ऐसे में 100 करोड़ तक पहुंचने के लिए भी ‘ऐल्फा’ को अच्छा-खासा संघर्ष करना पड़ेगा.
वीडियो: आलिया भट्ट की 'ऐल्फा' किन वजहों से दर्शक नहीं जुटा पा रही?








