फिल्म की कहानी
एक पचास साल का आदमी है और एक 24 साल की लड़की. इन्हें एक दूसरे से प्यार हो जाता है. कुछ दिन के बाद मामला फैमिली से मिलाने तक पहुंचता है. उस आदमी के घर जाकर इस लड़की को पता चलता है, इन भाई साब का भरा-पूरा परिवार है. एक बेटी है, जिसकी उम्र पापा के गर्लफ्रेंड जितनी है. एक पत्नी भी है, जिससे वो 18 साल पहले अलग हो गया था. इतना सबकुछ देखकर उस लड़की का दिमाग ठनकने लगता है. अब वो कंफ्यूज़ हो रही है लेकिन उसका फाइट मारना ज़ारी है. ये टिपिकल लव रंजन फिल्म लगती है, जिसमें सभी किरदारों को एक कॉम्प्लेक्स सिचुएशन में डालकर, उससे निकालने में पूरी फिल्म निकल जाती है. हालांकि में इसका फ्लेवर फनी ही रखा गया है. ट्रेलर देखने में तो मजेदार लग रहा है. डायलॉग से लेकर डांस नंबर्स सब कुछ हैं इसमें.

फिल्म के एक सीन में तबू, अजय और रकुल प्रीत सिंह.
कौन-कौन काम कर रहा है?
फिल्म से जुड़ी कास्ट और क्रू दोनों ही बहुत दिलचस्प है. अजय देवगन फिल्म में पचास साल के अमीर आदमी के रोल में हैं. उनकी 24 साल की गर्लफ्रेंड का रोल कर रही हैं रकुलप्रीत सिंह (यारियां, अय्यारी). पत्नी के रोल में हैं तब्बू (मकबूल, हैदर). साथ में जावेद जाफरी (धमाल, सिंह इज़ किंग), जिमी शेरगिल (हासिल, अ वेन्सडे) और हुसैन दलाल (हिचकी) जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. मीटू कैंपेन में कई महिलाओं के हैरसमेंट का आरोप झेल रहे आलोक नाथ भी इसमें काम कर रहे हैं.

फिल्म के तीन अलग-अलग दृश्यों में जिमी शेरगिल, जावेद जाफरी और आलोक नाथ.
कौन बना रहा है?
इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं मशहूर फिल्म एडिटर अकिव अली. अकिव 'गैंगस्टर' (2006), 'द डर्टी पिक्चर' (2011), 'प्यार का पंचनामा सीरीज़', 'बर्फी' (2012), 'अग्निपथ' (2012), 'ये जवानी है दीवानी' (2013), 'बैंग बैंग' (2014) 'ब्रदर्स' (2015) और 'काबिल' (2017) जैसी फिल्में एडिट कर चुके हैं. इसके अलावा 2005 में महेश भट्ट की लिखी और इरफान खान स्टारर फिल्म 'रोग' में वो बतौर एक्टर भी एक छोटे से रोल में नज़र आ चुके हैं. 'दे दे प्यार दे' से वो फिल्म डायरेक्शन में कदम रख रहे हैं. इस फिल्म को लिखा और प्रोड्यूस किया है लव रंजन ने. लव इससे पहले 'प्यार का पंचनामा सीरीज़' और 'सोनू के टीटू की स्वीटी' डायरेक्ट कर चुके हैं. इस फिल्म के अलावा लव अपने अगले प्रोजेक्ट के तौर पर अजय देवगन और रणबीर कपूर को लेकर एक एक्शन फिल्म डायरेक्ट करने वाले हैं.

आगामी अनाम फिल्म के लिए मीटिंग के दौरान रणबीर कपूर, अजय देवगन और लव रंजन.
कब आ रही है?
फिल्म की शूटिंग 19 जनवरी, 2018 को मुंबई में शुरू हुई थी. इसके बाद टीम लंदन और कुल्लू-मनाली पहुंची. पहले ये 22 फरवरी, 2019 को रिलीज़ होने वाली थी. तब उसी डेट पर कंगना-राजकुमार की 'मेंटल है क्या' अनाउंस हुई थी. हालांकि अब इस फिल्म का ट्रेलर आ गया है, जिसमें बताया जा रहा है कि फाइनली फिल्म 17 मई, 2019 को थिएटर्स में उतरेगी.
फिल्म का ट्रेलर आप यहां देख सकते हैं:
वीडियो देखें: भंसाली की फिल्म को 'कुत्ता भी देखने नहीं गया' कहने के बाद सलमान और भंसाली कैसे साथ आ गए?












