1) पहले ये बताया जा रहा था कि 'दबंग 3' अपने सीरीज़ की प्रीक्वल फिल्म होगी. असल में मामला थोड़ा अलग है. 'दबंग 3' में हमें एक यंग चुलबुल पांडे से एक राउडी पुलिसवाले बनने की जर्नी देखने को मिलेगी. लेकिन मेन कहानी आज के ही दौर में घटेगी. फिल्म का जो मेन विलेन है, उससे चुलबुल का कनेक्शन भी जवानी वाले दौर का ही है. इसलिए कहानी को एस्टैबलिश करने के लिए चुलबुल के जवानी वाले हिस्से को फ्लैशबैक की मदद से दिखाया जाएगा. बाकी पिछली फिल्म वाले सारे मसाले इसमें भी बरकरार रखे गए हैं.

'दबंग 3' के टाइटल ट्रैक की शूटिंग के दौरान नर्मदा नदी के किनारे सलमान खान. (फोटो: ट्विटर)
2) इस फिल्म में सलमान खान (चुलबुल पांडे), अरबाज खान (मक्खनचंद पांडे) और सोनाक्षी सिन्हा (रज्जो) अपने पिछले किरदारों को ही आगे बढ़ाते नज़र आएंगे. फिल्म का सरप्राइज़ एलिमेंट हैं इसके विलेन. 'दबंग' में सोनू सूद, 'दबंग 2' में प्रकाश राज के बाद सीरीज़ की तीसरी किस्त में मुख्य विलने का रोल करेंगे कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार सुदीप. सुदीप इससे पहले राम गोपाल वर्मा डायरेक्टेड 'फूंक' और 'रण' जैसी हिंदी फिल्मों में काम कर चुके. इसके अलावा उनकी 'रक्तचरित्र' और 'ईगा ( मक्खी)' जैसी हिंदी में डब फिल्में भी काफी हिट रही थीं. इनके अलावा फिल्म में राजेश शर्मा (तनु वेड्स मनु रिटर्न्स, धोनी) भी अहम रोल निभाते नज़र आएंगे.

अपनी आने वाली फिल्म 'पैलवान' में सुदीप एक रेस्लर का रोल कर रहे हैं. (फोटो: ट्विटर)
3) सलमान खान 1 अप्रैल से 'दबंग 3' की शूटिंग शुरू कर चुके हैं. वहीं सोनाक्षी सिन्हा ने ये टीम 4 अप्रैल को जॉइन की. इस फिल्म के लिए सलमान अपनी जन्मभूमि इंदौर पहुंचे हैं. मध्यप्रदेश के माहेश्वर और मांडलेश्वर में 'दबंग 3' का 13 दिनों का शूटिंग शेड्यूल है. सलमान ने बताया कि वो उस जगह लौटकर आए हैं, जहां उनके दादाजी पुलिस में नौकरी के दौरान पोस्टेड थे. शूटिंग की शुरुआत फिल्म के टाइटल ट्रैक से हुई है. इस गाने को 500 बैक डांसर्स के साथ शूट किया गया है. गाने की शूटिंग का एक वीडियो क्लिप इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसमें सलमान खान डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं. वो वीडियो आप नीचे देख सकते हैं:
4) फिल्म की शूटिंग अभी कायदे से चालू भी नहीं है विवादों के बादल घिरने लगे हैं. माहेश्वर में सलमान के सेट से एक फोटो पब्लिक में आई है. ये फोटो है एक शिवलिंग की, जिसे लकड़कियों से ढंका हुआ है. कुछ राजनीतिक पार्टियों का मानना है कि इससे जनता की धार्मिक भावना आहत हो सकती है. लेकिन सलमान ने इस मामले पर कहा है कि शिवलिंग को इसलिए ढंका गया था, ताकि किसी का पांव उस पर न पड़ा जाए. उसकी पवित्रता को बनाए रखने के लिए उसे ढंककर उसके आसपास दो आदमी खड़े थे.

'दबंग 2' के एक सीन में सोनाक्षी. दूसरी तस्वीर में 'दबंग 3' की शूटिंग के पहले दिन सोनाक्षी सिन्हा. (फोटो: ट्विटर)
5) इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं प्रभुदेवा. बतौर डायरेक्टर 'दबंग 3' प्रभुदेवा की सातवीं फिल्म है. 'वॉन्टेड' से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने के बाद से प्रभु अब तक 'राउडी राठोर', 'रमैया वस्तावैया', 'आर. राजकुमार', 'एक्शन जैक्सन' और 'सिंह इज़ ब्लिंग' जैसी फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. इसमें उनका सक्सेस रेट 50 परसेंट है. वहीं बतौर एक्टर वो आखिरी बार फिल्म 'तुतक तुतक तूतिया' नाम की हिंदी फिल्म में नज़र आए थे. आने वाले दिनों में वो रेमो डिसूजा डायरेक्टेड डांस फिल्म 'स्ट्रीट डांसर' में नज़र आएंगे.

फिल्म के पहले दिन की शूटिंग के दौरान सलमान खान के साथ प्रभु देवा. दूसरी तस्वीर में अपनी फिल्म के सेट पर डायरेक्टर प्रभु देवा. (फोटो:ट्विटर)
6) मध्य प्रदेश के बाद फिल्म की टीम महाराष्ट्र के वाई शहर पहुंचेगी, जहां 80 दिनों तक लगातार शूटिंग की जाएगी. ताकि क्रिसमस, 2019 पर 'दबंग 3' को रिलीज़ किया जा सके. ठीक इसी समय अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' भी रिलीज़ होने वाली है. जिसे अयान मुखर्जी डायरेक्ट कर रहे हैं. अब देखने वाली बात ये होगी कि दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टकराती हैं या कोई प्रोड्यूसर अपने पांव खींचकर मामला संभालता है.
वीडियो देखें: भंसाली की फिल्म को 'कुत्ता भी देखने नहीं गया' कहने के बाद सलमान और भंसाली कैसे साथ आ गए?












