Drishyam फ्रैंचाइज़ का फाइनल चैप्टर, Drishyam: The Conclusion, 02 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगा.फाइनल इसलिए क्योंकि Ajay Devgn और डायरेक्टर Abhishek Pathak ने साफ़ कह दिया है कि वो इस फिल्म सीरीज़ को आगे नहीं बढ़ाएंगे. यही कारण है कि उन्होंने इस अंतिम पार्ट को Drishyam 3 की जगह 'दृश्यम: द कन्क्लुजन' कहकर प्रमोट किया है.
अजय देवगन की 'दृश्यम' फ्रैंचाइज़ हमेशा के लिए पूरी तरह बंद होने जा रही है!
डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने बता दिया कि 'दृश्यम 3' में क्या होगा!

अजय देवगन की 'दृश्यम' इसी नाम से बनी मोहनलाल की मलयाली फ्रैंचाइज़ का रीमेक है. कुछ समय पहले मोहनलाल वाली फिल्म का तीसरा पार्ट सिनेमाघरों में आया था. लोगों का मानना था कि उस पार्ट के साथ सीरीज़ का अंत कर दिया जाएगा. लेकिन ओरिजिनल मेकर्स ने 'दृश्यम 4' की घोषणा कर दी. मगर अभिषेक पाठक हिंदी वर्जन में ऐसा नहीं करने वाले. उन्होंने इस फिल्म की कहानी को मलयाली वाली 'दृश्यम 3' से अलग रखा है. साथ ही स्क्रीनप्ले भी इस तरह डिजाइन किया कि कहानी का कन्क्लुजन यानी समापन हो जाए.
वैरायटी इंडिया से हुई बातचीत में अभिषेक बताते हैं कि पहले इस तीसरे पार्ट को 'दृश्यम 3' नाम दिया गया था. मगर फिर मेकर्स ने इसे रीटाइटल करके 'दृश्यम: द कन्क्लुजन' कर दिया. इसके जरिए वो ऑडियंस को साफ कह देना चाहते थे कि इस फ्रैंचाइज़ को अब और आगे नहीं बढ़ाएंगे. अभिषेक कहते हैं,
"हर कहानी का एक अंत होना जरूरी है और मुझे लगता है कि दृश्यम की कहानी भी अब खत्म हो रही है. मेरे ख्याल से फिल्म के हर कैरेक्टर को अपना-अपना क्लोजर मिल जाएगा. इसलिए दृश्यम फ्रैंचाइज़ में इसके बाद आगे कोई और फिल्म नहीं बनेगी.”
अभिषेक ने कहा कि किसी भी कहानी को जबरदस्ती आगे नहीं खींचा जा सकता. इसलिए ये समझना जरूरी है कि उसे कब रोक देना है. वो कहते हैं,
"मुझे लगता है कि अगर किसी ट्रिलजी को अच्छे तरीके से पूरा किया जा रहा है, तो उसे वहीं खत्म कर देना बेहतर होता है. एक फिल्ममेकर के तौर पर हमें ये समझना चाहिए कि कब रुक जाना है. फिल्म को उसकी कहानी के हिसाब से खुद आगे बढ़ने देना चाहिए. बजाय इसके कि उसे जरूरत से ज्यादा खींचा जाए. इसी वजह से हमने तय किया कि दृश्यम: द कन्क्लुजन इस फ्रैंचाइज़ की आखिरी फिल्म होगी.”
'दृश्यम 3' में अजय देवगन के अलावा तबु, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, रजत कपूर, इशिता दत्ता, कमलेश सावंत और मृणाल जाधव ने काम किया है. फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर अभिषेक पाठक ही हैं. मूवी 02 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी.
वीडियो: 'दृश्यम 3' विवाद के बीच 'सेक्शन 375' के निर्माता ने भी अक्षय खन्ना पर आरोप लगाए हैं











