The Lallantop

क्रिस्टोफर नोलन की 'द ऑडिसी' देखने से पहले फिल्म से जुड़ी ये 5 सबसे ज़रूरी बातें जान लीजिए

क्रिस्टोफर नोलन के इंडिया आने और 'द ऑडिसी' के प्रीमियर से फिल्म जर्नलिस्ट नाराज़ क्यों हो गए हैं?

Advertisement
post-main-image
'द ओडिसी’ के लिए 609 किलोमीटर लंबी फिल्म का इस्तेमाल हुआ है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'द ऑडिसी' 17 जुलाई, 2026 को क्रिसट्रोफर नोलन द्वारा निर्देशित होकर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें मैट डैमन, टॉम हॉलैंड और ऐन हैथवे जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं।
  • भारत में 'द ऑडिसी' के प्रचार के दौरान मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ फिल्म पत्रकारों को पूर्वनिर्धारित सवाल दिए गए, जिससे कई पत्रकार नाराज हुए और अपने सवाल पूछने से वंचित रहे।
  • फिल्म को भारत में सेंसर बोर्ड ने बिना किसी काट-छांट के A सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दी है, जिससे यह केवल 18 वर्ष से अधिक आयु के दर्शक ही देख सकेंगे।

17 जुलाई, 2026. ये तारीख याद कर लीजिए क्योंकि इस दिन Christropher Nolan की नई पेशकश The Odyssey सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. दुनिया के सबसे चर्चित डायरेक्टर और लंबी-चौड़ी स्टारकास्ट की वजह से इस फिल्म की हाइप सातवें आसमान पर है. वो भी ऐसी कि इसकी टिकटें साल भर पहले ही बिकने लगी थीं. पिछले दिनों नोलन, Matt Damon और Tom Holland ने मुंबई से इसके वर्ल्डवाइड थिएट्रिकल टूर की शुरुआत की है. मगर उनके इस टूर पर ऐसा क्या हुआ कि भारतीय फिल्म जर्नलिस्ट इस इवेंट से गुस्सा गए? अगर आप भी 'द ऑडिसी' को देखने का मन बना रहे हैं, तो इस फिल्म से जुड़ी पांच सबसे अहम बातें जान लीजिए.  

Advertisement

# किस बारे में है ये फिल्म?

'द ऑडिसी' 2800 साल पहले ग्रीक मायथोलॉजी के इर्द-गिर्द बुने गए होमर के महाकाव्य 'ऑडिसी' पर आधारित है. इसमें इथाका के राजा ओडिसस की गाथा को 24 किताबों में समेटा गया है. मगर नोलन ने अपनी फिल्म में उसके ट्रॉय जाने और वहां से 20 साल बाद घर लौटने की यात्रा को दिखाया है. ओडिसस वही राजा था, जिसने ट्रॉय शहर को भेदने के लिए ट्रोजन हॉर्स का कॉन्सेप्ट दिया था. वो दस सालों से ट्रॉय में युद्ध लड़ रहा था. घर वापसी में उसे दस साल और लगे. इन 20 सालों में उसके साथ क्या कुछ हुआ, उसने किन दैत्यों और भीषण संकटों का सामना किया, 'द ऑडिसी' में उसे दिखाया गया है. वैसे, इस मूवी को देखने से पहले यदि आप ब्रैड पिट्ट स्टारर 'ट्रॉय' को देखेंगे, तो आपको इसका कॉन्टेक्स्ट मालूम पड़ जाएगा.  

Advertisement

# 'द ऑडिसी' में किन लोगों ने काम किया है?

'द ऑडिसी' को 'इंटरस्टेलर', 'इंसेप्शन' और 'ओपनहाइमर' बनाने वाले क्रिसट्रोफ़र नोलन ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में 'द मार्शियन' और 'गुड विल हंटिंग' में नजर आए मैट डैमन, ओडिसस के रोल में हैं. मार्वल के 'स्पाइडरमैन' यानी टॉम हॉलैंड ने इसमें ओडिसस के बेटे टेलीमैकस का किरदार निभाया है. Les Misérables और 'द डेविल वियर्स प्राडा 2' में दिखीं ऐन हैथवे, ओडिसस की पत्नी पेनेलपे के रोल में हैं. वहीं फिल्म के विलन एन्टोनियस बने हैं 'द बैटमैन' और 'टेनेट' जैसी फिल्मों में नजर आए एक्टर रॉबर्ट पैटिंसन. उनके अलावा ज़ेंडेया, चार्लीज़ थेरन, जॉन बर्नथल, बेनी सैफ्डी और जॉन लेगुइज़ामो जैसे एक्टर्स ने भी ‘द ऑडिसी’ में काम किया है.

# क्रिसट्रोफर नोलन के भारत आने का क्या मतलब है?

Advertisement

क्रिसट्रोफर नोलन की हर फिल्म दुनियाभर में देखी और पसंद की जाती है. उनकी लास्ट रिलीज़ 'ओपनहाइमर' ने वर्ल्डवाइड 7925 करोड़ कमाए थे. वहीं भारत में इस फिल्म ने 157 करोड़ रुपए कलेक्ट किए. बेसिकली इंडिया, नोलन की फिल्मों के लिए बड़ा मार्केट है. इसलिए नोलन ने 'द ऑडिसी' के थिएट्रिकल टूर की शुरुआत भारत से की. नोलन से जब इंडिया टूर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इंडिया के लोग सिनेमा को लेकर दुनिया के सबसे पैशनेट लोगों में से हैं. 

चूंकि डिजिटल दुनिया में भी सबसे बड़ी ऑडियंस भारत से ही है, इसलिए यहां किसी फिल्म को प्रमोट करना उसकी रीच को कई गुणा बढ़ा देता है. वैसे, इससे पहले वो ‘द डार्क नाइट राइजेज़’ के कुछ हिस्से शूट करने जोधपुर आए थे. 'टेनेट' का भी एक-दो सीक्वेंस उन्होंने मुंबई में शूट किया था. ‘टेनेट’ के प्रमोशन के लिए भी नोलन भारत आने वाले थे. मगर कोविड के कारण ये संभव नहीं हो सका. इसलिए उन्होंने 'द ऑडिसी' के प्रमोशनल टूर की शुरुआत मुंबई से ही की है.

# नोलन के इंडिया इवेंट से फिल्म जर्नलिस्ट नाराज़ क्यों?

क्रिस्टोफर नोलन के इंडिया टूर की शुरुआत मुंबई में ‘द ऑडिसी’ के प्रीमियर से हुई. इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुआ, जिसमें कुछ फिल्म जर्नलिस्ट को नोलन और फिल्म की कास्ट सवाल पूछने का मौका मिला. मगर कई जर्नलिस्ट इससे काफी खफ़ा हुए. उनका कहना था कि इस पूरे इवेंट को पीआर टीम ने हाइजैक कर लिया था. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस का इनवाइट भेजा. मगर सवाल खुद बनाकर जर्नलिस्ट्स को दिया. इससे कई सिनेमा पत्रकार नाराज़ नज़र आए. साथ ही बहुत सारे लोगों को नोलन या उनकी फिल्म के एक्टर्स से सवाल पूछने का मौका नहीं दिया गया. निजी संबंधों के आधार पर सिर्फ गिने-चुने लोगों को ही ये मौका दिया गया. ऐसे में पत्रकारों का कहना है कि फिर उस इवेंट के इनवाइट में प्रेस कॉन्फ्रेंस लिखने का क्या मतलब था!   

# इंडिया में एक भी ओरिजिनल IMAX स्क्रीन क्यों नहीं है?

क्रिसट्रोफर नोलन ने 'द ऑडिसी' को पूरी तरह IMAX कैमरे से शूट किया है. मगर भारत में फिल्मों के लिए एक भी ट्रू IMAX स्क्रीन नहीं है. IMAX का ओरिजिनल और सबसे बड़ा फॉर्मेट 1.43:1 एस्पेक्ट रेशियो का होता है. ये नॉर्मल थिएटर स्क्रीन से कहीं ज्यादा ऊंचा और बड़ा होता है, जिससे मूवी काफी इमर्सिव लगती है. लेकिन भारत में ज्यादातर IMAX थिएटर 1.90:1 फॉर्मेट वाले हैं. देश में इस तरह के 34 स्क्रीन्स हैं. इन्हें सामान्य भाषा में डिजिटल IMAX कहा जाता है. यानी यहां फिल्में IMAX में तो दिखाई जाती हैं, लेकिन वो 1.43:1 वाले ट्रू IMAX फॉर्मेट में नहीं होतीं. 

भारत में ट्रू IMAX स्क्रीन न होने की सबसे बड़ी वजह ये है कि 1.43:1 रेशियो वाले प्रोजेक्शन सिस्टम को बनाना और चलाना बहुत महंगा होता है. साथ ही इतनी बड़ी स्क्रीन लगाने के लिए काफी ऊंची इमारत और बड़े ऑडिटोरियम की जरूरत होती है. इसमें लागत बहुत है मगर रिटर्न की संभावना काफी कम. इसलिए भारत में फिल्म स्क्रीनिंग के लिए एक भी ट्रू IMAX थिएटर नहीं. हां, अहमदाबाद के गुजरात साइंस सिटी में एक 70mm वाला 1.43:1 थिएटर जरूर है. मगर वहां केवल नेचर और साइंस डॉक्यूमेंट्रीज़ ही दिखाई जाती हैं.

# भारत में 'द ऑडिसी' में सेंसर बोर्ड ने क्या काटा? 

दुनिया के अन्य देशों की तरह भारत में भी 'द ऑडिसी' 17 जुलाई को ही रिलीज़ होगी. हालांकि, इसके प्रीमियर शोज़ 10 और 11 जुलाई को रखे गए थे. इस फिल्म की टिकटों को लेकर इतनी मारा-मारी है कि मेकर्स ने साल भर पहले ही IMAX स्क्रीन्स की अडवांस बुकिंग शुरू कर दी थी. ऐसा पहले कभी किसी और फिल्म के लिए नहीं किया गया था. खास बात ये है कि बुकिंग शुरू होने के घंटे भर में ही फिल्म की 95 परसेंट टिकटें बिक गई थीं.

मौजूदा समय की बात करें तो भारत में 'द ऑडिसी' की टिकटें 3100 रुपए तक की बिक रही हैं. दिल्ली NCR में 2500 की टिकटों को लेकर भी खूब खींचा-तानी है. हालांकि, ये फिल्म हर उम्र के दर्शक के लिए नहीं. ऐसा इसलिए क्योंकि भारत में सेंसर बोर्ड ने इस मूवी को A सर्टिफिकेट दिया है. यानी इसे केवल 18 साल से अधिक उम्र के लोग ही देख सकेंगे. मगर अच्छी बात ये है कि सेंसर बोर्ड ने इस मूवी को बगैर किसी कट के पास कर दिया है. यानी फिल्म का कोई भी सीन काटा नहीं गया है.

वीडियो: नोलन की नई फिल्म का टीजर लीक,कहानी के बारे में क्या पता चला?

Advertisement