अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) फिल्म ‘पुष्पा 2’ (Pushpa 2) में नज़र आने वाले हैं. लेकिन इसी बीच वे कानूनी पचड़े में फंसते दिखाई दे रहे हैं. अल्लू के ऊपर आंध्र प्रदेश के नंदयाला में केस दर्ज हुआ है. दरअसल, अल्लू अपने विधायक दोस्त रवि चंद्र किशोर रेड्डी को सपोर्ट करने गए थे. यहां उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा हो गई. इस बीच कानून व्यवस्था और यातायात भी प्रभावित हुआ. जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इस वजह से अल्लू पर चुनाव की आचार संहिता के उल्लंघन करने का आरोप लगा है. उनके साथ विधायक रवि पर भी केस दर्ज किया गया है.
मुश्किलों में फंसे अल्लू अर्जुन, आंध्र प्रदेश में दर्ज हुआ केस
Allu Arjun पर आंध्र प्रदेश के नंदयाला में केस दर्ज हो गया है. अल्लू पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने का आरोप लगा है.

इंडिया टुडे में छपी रिपोर्ट के मुताबिक
"शनिवार के दिन विधायक रेड्डी ने पुलिस से बिना परमिशन के अल्लू अर्जुन को बुलाया था. जिसके कारण उनके घर के बाहर भीड़ जमा हो हो गई. पुलिस ने अल्लू और रवि चंद्र किशोर रेड्डी पर धारा 144 के उल्लंघन करने के आरोप में FIR दर्ज की है. आंध्र प्रदेश में 13 मई को चौथे चरण का मतदान है. इसी वजह से धारा 144 लागू है."
रिपोर्ट में आगे बताया कि नंदयाला में अल्लू ने रिपोर्टर से बात भी की. इस दौरान उन्होंने कहा कि
"मैं अपने दोस्तों के लिए खुद आया हूं. वे चाहे किसी भी फील्ड में काम कर रहे हों. अगर उन्हें मेरी मदद की जरूरत होगी, तो मैं खुद से आगे बढ़कर उनकी मदद करूंगा. लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि मैं किसी पॉलिटिकल पार्टी को सपोर्ट कर रहा हूं."
Puhspa 2 ने रिलीज़ से पहले कमाए 400 करोड़ रुपए
प्रोफेशन फ्रंट की बात करें तो 'पुष्पा 2: द रूल' 15 अगस्त, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है. इसे सुकुमार ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदन्ना, फहाद फासिल, प्रकाश राज और सुनील जैसे एक्टर्स ने काम किया है. फिल्म का बजट 500 करोड़ रुपए बताया जा रहा है. इसमें से मेकर्स ने 200 करोड़ रुपए नॉर्थ इंडिया के थिएट्रिकल राइट्स बेचकर कमा लिए हैं. कुछ रिपोर्ट्स में ये भी बताया जा रहा है कि इस फिल्म के ओटीटी राइट्स नेटफ्लिक्स ने 200 करोड़ रुपए में खरीद लिए हैं. इस गणित के लिहाज से फिल्म ने अपनी लागत तकरीबन वसूल लिया है. बची-खुची कसर फिल्म की टिकट खिड़की से होने वाली कमाई में पूरी हो जाएगी.
वीडियो: 'पुष्पा 2' से अल्लू अर्जुन तोड़ेंगे महेश बाबू, प्रभास, राम चरण का रिकॉर्ड?








