Akshay Kumar और Priyadarshan. ये दोनों नाम जब-जब साथ आए, दर्शकों का पेट हंसते-हंसते दुख गया है. Hera Pheri, Garam Masala, Bhool Bhulaiyaa जैसी फिल्में इसका सबसे बड़ा एग्जाम्पल हैं. इसलिए Khatta Meetha के 16 साल बाद जब इस जोड़ी ने Bhooth Bangla से वापसी का ऐलान किया, तो लोगों की उम्मीदें बढ़ गईं. आज इस फिल्म का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज़ हुआ है, जिस पर हमारा कुछ मिला-जुला रिएक्शन है.
'भूत बंगला' ट्रेलर: 16 साल बाद लौटी अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी ने इस बार क्या कमाल किया?
'भूत बंगला' के ट्रेलर में आप हंसने से ज़्यादा दुखी होते हैं. मगर क्यों?


इस ट्रेलर से हम जो बेसिक प्लॉट समझ पाए, वो ये कि मंगलपुर नाम के गांव में एक बड़ा महल है. उस महल में तमाम साजो-सामान के साथ भूत का साया भी है. गांव वालों का कहना है कि पास के जंगल में वधूसुर नाम का भूत हजारों सालों से रह रहा है. मगर इस बीच एंट्री होती है अक्षय कुमार की, जिनकी हरकत उस भूत को जंगल से महल में खींच लाती है. फिर जो होता है, वही 'भूत बंगला' की कहानी है. और सच कहें तो यहां कहानी के लिहाज़ से कुछ अनोखा डिस्कस करने को नहीं है. इस तरह का प्लॉट आपने पहले भी कई हॉरर फिल्मों में देखा है.
खैर, ट्रेलर की शुरुआत अक्षय और वेटरन एक्टर असरानी की नोक-झोंक से होती है. उनके बीच जो दो-तीन सीन्स दिखाए गए हैं, वो मजेदार हैं. खासकर पेशाब और पिशाच के कन्फ्यूजन वाला सीन. असरानी अब इस दुनिया में नहीं हैं. इसलिए उन्हें आखिरी बार स्क्रीन पर देखना, आपको अलग तरह से हिट करता है. उनके अलावा परेश रावल और राजपाल भी अपने-अपने रोल्स में ठीक लगते हैं. ये चारों शख्स प्रियदर्शन की 'दे दना दन' में भी साथ नज़र आ चुके हैं. उनके अलावा वामिका गब्बी, जिशु सेनगुप्ता, मिथिला पालकर और तबु ने भी इस मूवी में काम किया है.
कुलमिलाकर, 'भूत बंगला' की स्टारकास्ट बड़ी है. डायरेक्टर जबरदस्त हैं. प्रोड्यूसर एकता कपूर हैं. फिर भी ये ट्रेलर आपको फीका नज़र आता है. मगर इस फीकेपन की वजह केवल इसकी कलर ग्रेडिंग नहीं बल्कि डायलॉग्स और प्लॉट भी हैं. प्रियदर्शन भले ही कितना भी इन्कार करें, मगर ये फिल्म 'भूत बंगला' से ज्यादा 'भूल भुलैया 2' लग रही है. फिल्म ग्रैंड दिखती है, इसमें शक नहीं. मगर मेकर्स नॉस्टैलजिया के भरोसे चल रहे हैं. पिछले कुछ सालों में हॉरर-कॉमेडी जॉनर में 'स्त्री', 'मुंजया' और कुछ हद तक 'थामा' ने मॉडर्न जमाने के हिसाब से अपनी फिल्मों को डेवलप किया है. मगर 'भूत बंगला' अब भी 20 साल पुराने थीम पर चल रही है.
ऐसा कहने के पीछे एक बड़ा हाथ फिल्म के डायलॉग्स का भी है. यहां आप न चाहते हुए भी मूवी के डायलॉग्स को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते. कुछ डायलॉग्स फ्रेश हैं, मगर वो आपको ज्यादा देर तक याद नहीं रहते. मगर कई आपको याद रहते हैं और वो भी केवल इसलिए क्योंकि आपने उन्हें पहले भी फिल्मों में सुना है. जी हां, प्रियदर्शन ने ‘भूत बंगला’ में अलग-अलग मूवीज़ के डायलॉग्स उठाकर उसकी खिचड़ी पकाई है. एक सीन में राजपाल कहते हैं- "इसने क्या मुझे मंदिर का घंटा समझ रखा है? जब भी आता है, बजाकर चला जाता है." ये ओरिजिनली 'हंगामा' (2003) का डायलॉग है. एक सीन में मिथिला पालकर बंगले की उठा-पटक से चिढ़ जाती हैं. इस पर अक्षय कहते हैं- "बहन डर गई, बहन डर गई." ये 'भागम भाग' में इस्तेमाल हुआ डायलॉग है, जिसपर आज खूब मीम बनते हैं. चौंकिएगा मत, यदि आपको मूवी में 'हेरा फेरी' के डायलॉग्स भी सुनने को मिल जाएं.
इन डायलॉग्स को सुनकर आप मुस्कुराने लगते हैं. आप नॉस्टैल्जिक भी होते हैं. मगर क्या अक्षय और प्रियदर्शन के लिए इतना काफी है? फिल्म आपको कहानी के हिसाब से आपको कुछ हटके नहीं दे रही. ऊपर से उसके ट्रेलर में सबसे ज्यादा चर्चा भी ऐसे डायलॉग्स की होगी, जो उसके हैं भी नहीं. वो डायलॉग्स पहली बार सुनने में मजेदार लगते हैं. मगर ट्रेलर को दूसरी बार देखने में उसका नॉस्टैलजिया वाला गुब्बारा भी फूट जाता है. ऐसे में फिल्म सिनेमाघरों में आपको क्या नया देगी, ये बड़ा सवाल है.
मगर ये उतनी बड़ी दिक्कत नहीं है, जितनी बड़ी दिक्कत है इसकी कलर ग्रेडिंग. शुरुआत में लगा कि शायद हमारी ही स्क्रीन में कोई दिक्कत है. मगर सच ये है कि मेकर्स ने इसमें एक बहुत ही फीके फ़िल्टर का इस्तेमाल किया है. रंग सफेदी लिए दिख रहे हैं. फ्लैट लाइटिंग की वजह से चेहरे चमक रहे हैं मगर सीन आर्टिफ़िशियल नज़र आ रहे. ये अचरज वाली बात है कि प्रियदर्शन ने ट्रेलर को ऐसे ही आगे बढ़ने दिया. यदि सिनेमाघरों में भी फिल्म ऐसी ही नज़र आएगी तो लोगों का विजुअल एक्सपीरियंस खराब हो सकता है.

लेकिन इन तमाम दिक्कतों के बावजूद 'भूत बंगला' फैमिली ऑडियंस को खींच सकती है. ये ठीक-ठाक कमाई भी कर लेगी. मगर अक्षय को अपने कमबैक के लिए जिस बैंगर की जरूरत है, उसके हिसाब से इसमें कुछ खास एलिमेंट नज़र नहीं आ रहे. हालांकि ये अभी हमारा शुरुआती ओपिनियन है. 16 अप्रैल की रात 9 बजे से फिल्म के पेड प्रिव्यू शुरू हो जाएंगे. ऑफिशियली ये फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज हो रही है. उसके बाद ही इसका सही आकलन किया जा सकता है.
वीडियो: भूत बंगला के सेट पर OMG 3 का जिक्र क्यों? अक्षय कुमार क्या लाने जा रहे हैं?



















