The Lallantop

भोजपुरी सिंगर प्रियंका सिंह के साथ बेअदबी, स्टेज पर माइक छीना, रोते हुए बोलीं, 'ये ठीक नहीं है'

ये पर्यटन विभाग का प्रोग्राम था. विभाग का कहना है कि प्रियंका को रोका गया था, जब वो नहीं मानीं, तो माइक छीन लिया. ये उनका जस्टिफिकेशन है.

Advertisement
post-main-image
स्टेज पर परफॉर्म करतीं प्रियंका सिंह से माइक छीनते हुए आयोजक. अन्य तस्वीरों में रोती हुईं प्रियंका.

मशहूर भोजपुरी सिंगर हैं Priyanka Singh. उन्हें बिहार के गोपालगंज में पर्यटन विभाग के इवेंट के लिए बुलाया गया था. मगर स्टेज पर उनकी बड़ी फ़जीहत हुई. गाने के बीच में उनसे माइक छीन लिया गया. प्रियंका ने रोते हुए कहा कि एक आर्टिस्ट के साथ वो लोग ठीक नहीं कर रहे हैं. उन्होंने उस विभाग में कंप्लेंट भी लगाई. जवाब ये आया कि वो प्रोगाम तय समय से आगे खिंच चुका था. प्रियंका से उन्होंने कई बार रिक्वेस्ट की. जब उन्होंने गाना बंद नहीं किया, तो उनसे माइक छीन लिया. ये उनका जस्टिफिकेशन है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बिहार में गोपालगंज नाम का जिला है. पंकज त्रिपाठी वहीं के एक गांव से आते हैं. खैर, यहां 15 अप्रैल से थावे महोत्सव शुरू हुआ. ये दो दिनों तक चलने वाला इवेंट है. कल्चरल प्रोग्राम वगैरह होते हैं. पर्यटन विभाग ने ऑर्गनाइज़ करवाया था. यहां परफॉर्म करने के लिए सिंगर प्रियंका सिंह को बुलाया गया था. प्रियंका 'छलकता हमरो जवनिया' और 'नथुनिया' समेत कई पॉपुलर भोजपुरी गाने गा चुकी हैं. प्रियंका सिंह को शिल्पी राज के साथ भोजपुरी की टॉप सिंगरों में गिना जाता है.

थावे महोत्सव के दौरान प्रियंका सिंह के साथ जो कुछ भी हुआ, उसका वीडियो इंटरनेट पर आ गया है. जिस पर भोजपुरी स्टार्स का रिएक्शन आ रहा है. इस वीडियो में दिखता है कि प्रियंका स्टेज पर गाना गा रही हैं. उसी बीच में उन्हें मंच संचालक रोक देती है. प्रियंका कहती हैं-

Advertisement

''मैं दो मिनट बोलना चाहती हूं.''

इस पर वो महिला कहती हैं- 'आराम से मैडम, आराम से.'

Advertisement

प्रियंका दोबारा बोलना शुरू करती हैं, तभी एंकर सम्मानित करने के लिए लोगों को स्टेज पर बुलाने लगती हैं. फिर एक भाई साहब आते हैं और वो प्रियंका के हाथ से माइक छीन लेते हैं. कहते हैं- 'छोड़ दीजिए. छोड़ दीजिए'. मगर प्रियंका माइक वापस लेती हैं और रोते हुए कहती हैं-

''ये ठीक नहीं है. और आप मेरे साथ ठीक नहीं कर रहे हैं. किसी कलाकार की ऐसी बेइज्ज़ती नहीं होनी चाहिए. कोई कलाकार गा रहा हो, और आप बीच में... मैं गाने के लिए मर नहीं रही हूं. बहुत सारा मंच है मेरे पास गाने के लिए. यहां के जिला प्रशासन, आपने बहुत ही गलत किया. बहुत ही गंदा एक्सपीरियंस है मेरा दस साल बाद. यहां की बेटी को इस तरह से सम्मान दिया! बहुत गलत किया. इसका न्याय लेकर ही रहूंगी. बोलकर जा रही हूं. थैंक यू.''

ये वीडियो इंटरनेट पर फैल गया है. इसे शेयर करते हुए एक्टर अक्षरा सिंह ने लिखा-

''एक कलाकार के साथ इतना गिरा हुआ व्यवहार बहुत निंदनीय है. बहुत भाग्य से ईश्वर किसी को कलाकार के रूप में जन्म देते हैं. अभद्रता की पराकाष्ठा...

कहने को ये सभ्य समाज की महफिल पर अभद्रता की पराकाष्ठा. देखिए कैसे अपने प्रभाव का खुद तमाशा दिखा रहे हैं. ये लोग भूल गए कि मंच की मर्यादा और एक लड़की… उससे पहले कलाकार की इज्ज़त सरेआम कर रहे हैं. जब भी किसी भी कलाकार की बात आएगी, तो पढ़े-लिखे जाहिलों का खुला विरोध करूंगी. स्टेज पर माइक छीन रही ये औरत शायद भूल गई है कि एक औरत हो के औरत का अपमान कर रही हैं. धिक्कार है. मेरा विरोध है ऐसे आयोजकों का.''

रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका ने ये भी बताया कि उन्हें पर्यटन विभाग की तरफ से बुलाया गया था. मगर एयरपोर्ट पर रिसीव करने के लिए कोई गाड़ी नहीं भेजी गई. कहा गया कि ठहरने के लिए सर्किट हाउस का कमरा बुक किया गया है. मगर उन्हें कमरा भी नहीं मिला. वो अपने घर जाकर ठहरीं. प्रियंका ने कहा कि उन्हें मेन इवेंट से पहले भी बहुत टॉर्चर किया गया था. परफॉर्मेंस का टाइम था 8 से 9 बजे तक. मग प्रियंका को 11 बजे गाने के लिए बुलाया गया.

प्रियंका सिंह ने बताया उन्होंने इस मामले की शिकायत भी संबंधित विभाग में की थी. इसको लेकर जिला प्रशासन ने प्रेस रिलीज़ किया है. इसमें कहा गया कि थावे महोत्सव लेट तक चल रहा था. जो टाइम फिक्स किया गया था, इवेंट पहले से ही उससे काफी आगे निकल चुका था. प्रियंका से कई बार गाना रोकने की रिक्वेस्ट की गई. जिला प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था को देखते हुए वो फंक्शन तुरंत खत्म करवाने के ऑर्डर आ गए. मगर प्रियंका रुक नहीं रही थीं. वीडियो पर कहा गया कि वो अधूरा फुटेज है. उन्होंने इस मामले को ज़्यादा तूल न देने की बात भी कही है. 

वीडियो: खेसारी लाल ने कहा- 'बेटी का नाम अश्लील गानों में इस्तेमाल किया, मेरे 200 गाने डिलीट करवा दिए'

Advertisement