
अमेरिका हो या यूरोप, हर जगह बीटल्स का क्रेज था. ऐसी दीवानगी जैसी दुनिया ने पहले कभी देखी नहीं थी.
5 अक्टूबर, 1962. इसी तारीख को बीटल्स का पहला गाना ब्रिटेन में रिलीज हुआ. लव मी डू. ये गाना बीटल्स के बनने से भी कई साल पहले लिखा गया था. पॉल मैकार्टनी ने 1958-59 में इसे लिखा था. महज 16 साल की उम्र में. हालांकि इसमें कुछ हिस्सा बाद में लेनन ने भी जोड़ा था. ये तारीख बीटल्स की शुरुआत की तारीख है. मैं कसम खाकर कह सकती हूं. मेरी हस्ती में एक कोना बीटल्स के नाम रिजर्व्ड है. मेरे जैसे करोड़ों लोग हैं, जो फैन नहीं हैं. उससे कहीं आगे की चीज हैं. इन्हीं बीटल्स के बारे में कुछ मजेदार बातें जानिए. यूं तो उनसे जुड़ी अनगिनत बातें हैं. क्या चुनें और क्या छोड़ें की स्थिति है. फिर भी. बहुत संघर्ष करके हमने 13 खास बातें चुनी हैं:
1. तब बीटल्स की लोकप्रियता चरम पर थी. जॉन लेनन ने कह दिया कि वो ईसा मसीह से भी ज्यादा लोकप्रिय हैं. ये भी कहा कि ईसाई धर्म खत्म होने की कगार पर है. वेटिकन सिटी बहुत नाराज़ हुआ था. बीटल्स की बातों की तुलना 'शैतान' से की. करीब चार दशक बाद अप्रैल 2010 में वेटिकन ने बीटल्स को माफ किया. उनकी तारीफ भी की. वेटिकन के आधिकारिक अखबार ने लिखा, बीटल्स न होते तो पॉप संगीत की दुनिया कैसी होती? जिस बात पर ये पूरा विवाद शुरू हुआ, वो जॉन लेनन के मुंह से निकली थी. अमेरिका के टूर के दौरान.

बीटल्स के नाम पर विवाद भी बहुत हैं. फिर चाहे वो अपने बयान को लेकर हों या फिर ड्रग्स की लत के कारण, बीटल्स को काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी.
लेनन की ये पंक्तियां बहुत मशहूर हैं:
ईसाई धर्म खत्म हो जाएगा. गायब हो जाएगा. मुझे इस बारे में बहस करने की ज़रूरत नहीं है. मैं सही बोल रहा हूं और समय आने पर सही साबित भी होऊंगा. हम लोग (बीटल्स) ज्यादा मशहूर हैं. मैं नहीं जानता कि ईसाई धर्म और रॉक एंड रोल में से पहले कौन खत्म होगा. ईसा मसीह ठीक थे लेकिन उन्हें मानने वाले बहुत आम लोग हैं. इन्हीं लोगों की वजह से ईसाई धर्म मेरे लिए खत्म हो चुका है.
2. संगीत की दुनिया में आज जो चीजें इतनी आम लगती हैं, उनमें से कई चीजों को पहली बार बीटल्स ने ही आजमाया था. मसलन, कैसेट पर गानों की लिरिक्स छपवाना. म्यूजिक वीडियो बनाना. वगैरह.

ये बीटल्स की बेहद मशहूर तस्वीर है. लंदन स्थित एबे रोड पर एक जेब्रा क्रॉसिंग पार करते हुए उनकी ये फोटो 1969 में ली गई थी. इसके बाद लोगों ने इस जगह पर इसी स्टाइल में तस्वीरें खिंचवाना शुरू कर दिया. आज भी हर साल हजारों-लाखों लोग यहां ऐसे ही तस्वीर खिंचवाते हैं.
3. वो बैंड की शुरुआत का दौर था. बीटल्स को जर्मनी बुलाया गया. उन्हें लगा, खूब पैसा मिलेगा. मजा आएगा. वहां गए तो हालत खराब. 1960 के उस साल का ज्यादातर हिस्सा बीटल्स ने एक सिनेमाहॉल की स्क्रीन के पीछे जीकर बिताया. टॉयलेट के पास. वहीं सोते थे. वहीं रहते थे. टॉयलेट के अंदर ही नहाना पड़ता था. उसी पानी से दाढ़ी बनानी पड़ती थी. पॉल मकार्टनी ने एक बार कहा था:
हम बांबी किनो नाम के उस सिनेमा हॉल के बैकस्टेज पर रहते थे. पास में ही शौचालय था. हमेशा टॉयलट की गंध आती रहती थी.
4. बीटल्स की दीवानगी के लिए भी एक टर्म है. बीटल्समेनिया. 1963 के दौर में शुरू हुआ था ये टर्म. अमेरिका के एक लड़के ने सबसे पहले इस शब्द का इस्तेमाल किया. फिर तो ये टर्म चल निकला. बीटल्स के दीवानों की कोई कमी तो थी नहीं. बाद में जब बीटल्स बैंड टूट गया और सब अलग-अलग हो गए, तब भी बीटल्समेनिया फीका नहीं पड़ा.
5. अगर 20वीं सदी की सबसे अच्छी चीज तय करने के लिए दुनियाभर में वोटिंग की जाए तो शायद बीटल्स टॉप करेंगे. बीटल्स की लोकप्रियता का मुकाबला शायद किसी और से नहीं किया जा सकता है. 20वीं सदी में जिन लोगों ने दुनिया पर सबसे ज्यादा असर डाला, उनमें बीटल्स का भी नाम शुमार है.

बीटल्स की जीवनशैली को लेकर भले ही उनकी कितनी भी आलोचना हुई हो, म्यूजिक के मामले में कभी किसी ने उनका हाथ नहीं पकड़ा.
6. आज भी अमेरिका में ऑल-टाइम बेस्ट सेलिंग अलबम का रिकॉर्ड बीटल्स के ही नाम है. 17 करोड़, 80 लाख यूनिट्स बिक चुके हैं इनके. लगता नहीं कि ये रिकॉर्ड कोई तोड़ पाएगा.
7. दुनियाभर में जिस बैंड के सबसे ज्यादा रेकॉर्ड बिके, वो भी बीटल्स ही है. 26 करोड़, 50 लाख यूनिट्स. म्यूजिक की दुनिया के ऐसे कई रिकॉर्ड बीटल्स के ही नाम हैं. अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और यूरोप के बाकी देशों में भी सबसे ज्यादा अलबम की बिक्री का कीर्तिमान बीटल्स के ही हिस्से है.

बीटल्स के बारे में बात करते समय अक्सर लोगों के दिमाग में एक काश कौंधता है. काश, बीटल्स टूटा न होता.
8. बीटल्स ने और कई कीर्तिमान बनाए होते लेकिन ग्रुप टूट गया. उनके आपस के झगड़ों में एक बड़ा हाथ ड्रग्स की उनकी लत का भी था. ड्रग्स लेने की उनकी शुरुआत भी बड़ी अजीब थी. 1965 में एक बार लेनन और हैरिसन के डेंटिस्ट जॉन रिले ने बीटल्स को डिनर पर बुलाया. उन्हें बिना बताए उनकी कॉफी में LSD मिला दिया. ये एक तरह का ड्रग होता है. इसके बारे में बताते हुए एक बार लेनन ने कहा था:
बहुत खौफनाक था वो अनुभव लेकिन शानदार था. करीब एक या दो महीने तक मैं भौंचक्का सा था. एकदम हैरान.
हैरिसन का अनुभव पढ़िए:
पहली बार जब हमने LSD लिया तो ये एक हादसा था. 1965 की बात है. हम निर्दोष थे. पीड़ित थे. हमने डिनर खत्म किया और जॉन से कहा, चलो. जॉन ने कहा, ठीक है. वो डेंटिस्ट हमें रोक रहा था. फिर उसने कहा, अच्छा. कम से कम अपनी कॉफी तो खत्म करो. हमने कॉफी पी ली. मैंने फिर चलने को कहा. फिर डेंटिस्ट ने जॉन लेनन से कुछ कहा और लेनन ने मेरी तरफ मुड़कर कहा- हमने LSD ली है. मैंने सोचा, क्या? ये क्या होता है? तो क्या हुआ? चलो!
9. बीटल्स इकलौता म्यूजिक बैंड है, जिसने दो बार खुद के ही गाने को टॉप चार्ट से नीचे उतारा. अपने नए गाने से. इस दौर में शायद बीटल्स का मुकाबला केवल बीटल्स से ही था.
10. बीटल्स बस गाते नहीं थे. उनका संगीत उनका ऐक्टिविज्म भी था. रूढ़ियों-अंधविश्वासों से बगावत की उन्होंने. कई टैबू तोड़े. जॉन लेनन की एक मशहूर पंक्ति है:
हम सब 60 के दशक के उस जहाज में सवार थे. ऐसा जहाज जिसे नई दुनिया की खोज करनी थी. उसी में सवार थी हमारी पीढ़ी. इस जहाज के शिखर पर बैठा था बीटल्स. आगे की राह तलाशता हुआ.
11. बीटल्स के सभी मेंबर्स को हवाई जहाज में उड़कर सफर करने से बड़ा डर लगता था. बहुत डरते थे वो हवाई यात्रा से. सबसे ज्यादा हालत खराब होती थी जॉर्ज हैरिसन की.
12. साल 2004 में रोलिंग स्टोन मैगजीन ने बीटल्स को दुनिया में अब तक का सबसे बेहतरीन कलाकार माना था. ऐसा मानने वाले दुनिया में कम नहीं हैं.

बीटल्स ने अपने म्यूजिक में लगातार कई प्रयोग किए. कई नई चीज़ें आजमाईं. जब उन्होंने सितार का इस्तेमाल किया, तब इसकी बहुत चर्चा हुई.
13. बीटल्स बैंड 1960 से 1970 तक साथ रहा. पॉल मैकार्टनी ने 1969 में एक इंटरव्यू के दौरान बीटल्स के अलग होने की बात कही थी. फिर 10 अप्रैल, 1970 को एक प्रेस रिलीज में इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई. बस 10 साल के उनके इस साझा सफर ने संगीत की दुनिया में ऐसा इतिहास बनाया, जिसकी मिसाल नहीं है. उनके चाहने वालों को हमेशा इसी बात का अफसोस रहता है. लोग सोचते हैं, काश बीटल्स बैंड टूटा न होता. अगर ऐसा होता तो उनके नाम पर जाने और क्या-क्या कीर्तिमान बने होते.
लल्लनटॉप शो आ रहा है लखनऊ, पूरी टीम, सरपंच और ख़ासम-ख़ास लोगों के साथ
लल्लनटॉप शो में मिलेंगे यूपी के सीएम योगी और अखिलेश यादव भी
लल्लनटॉप शो की सीटें तेज़ी से भर रही हैं, आपने रजिस्टर किया?
ये भी पढ़ें:
जीसस से ज्यादा प्रसिद्धि का दावा करने वाला रॉक स्टार, जिसे गोली मार दी गई














