The Lallantop

एवेंजर्स: एंडगेम ने कमाई के मामले में आज तक बनी सभी हिंदी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है

हिंदी फिल्मों के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ.

Advertisement
post-main-image
रॉबर्ट डाउनी जू., क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, और स्कारलेट जोहैन्सन स्टारर 'एवेंजर्स: एंडगेम' को जोसफ और एंथनी रूसो ने मिलकर डायरेक्ट किया है.
एवेंजर्स: एंडगेम ने अपनी रिलीज़ से पहले ही बता दिया था कि सारे बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड खतरें में हैं. और इंडिया में तो इस फिल्म के क्या ही कहने. 'एंडगेम' ने इंडिया से पहले दिन 53.10 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. ये फिल्म इंडिया में सिर्फ 1700 थिएटर्स के कुल 2845 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई है. 'एवेंजर्स: एंडगेम' ने पहले जितनी कमाई इंडिया में कर ली है, वहां तक अभी तक कोई हिंदी फिल्म नहीं पहुंची है. पिछले साल रिलीज़ हुई आमिर खान-अमिताभ बच्चन की 'ठग्स ऑफ हिन्दोस्तां' ने पहले दिन 52.10 करोड़ रुपए कमाए थे, जो अब तक का हाइएस्ट था. लेकिन इसके लिए उसे 5000 स्क्रीन्स पर रिलीज़ होना पड़ा था.
ये उन सभी सितारों के लिए एक सबक है, जो अपनी फिल्म के कम कलेक्शन का ठीकरा देश में कम थिएटर्स होने के मत्थे फोड़ते हैं. 'एंडगेम' को देखने के बाद लग रहा है कि फिल्मों का चलना या नहीं चलना कभी स्क्रीन काउंट के बारे में था ही नहीं. कॉन्टेंट और कल्ट फॉलोविंग हमेशा से सबसे से एक बड़ा फैक्टर रही है. 'टाइगर ज़िंदा है' 5700, 'दंगल' 5300, 'सुल्तान' 5100 और 'ट्यूबलाइट' 5500 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई थीं.
'एवेंजर्स: एंडगेम' के एक सीन में कैप्टन अमेरिका, आयरनमैन, हॉक आई, वॉर मशीन (सभी बाईं तरफ), एंटमैन, ब्लैक विडो, नेब्यूला और रकून.
'एवेंजर्स: एंडगेम' के एक सीन में कैप्टन अमेरिका, आयरनमैन, हॉक आई, वॉर मशीन (सभी बाईं तरफ), एंटमैन, ब्लैक विडो, नेब्यूला और रकून (दाईं ओर). 

'एवेंजर्स: एंडगेम' इंडिया में रिलीज़ होकर पहले दिन की कमाई के मामले में अब तक की सबसे बड़ी हॉलीवुड फिल्म बन गई है. इससे पहले ये रिकॉर्ड 'एवेंजर्स: इनफिनिटी वॉर' के नाम था. 2018 में रिलीज़ हुई इस फिल्म का ओपनिंग डे कलेक्शन 31.30 करोड़ रुपए रहा था. फिल्म ट्रेड एनलिस्ट तरण आदर्श ने एक ट्वीट कर इस फिल्म जुड़ी एक और ट्रिविया बताई है, जो इंडिया भयानक सक्सेसफुल रही फिल्मों की रिलीज़ डेट से जुड़ी थी. 'बाहुबली 2' की रिलीज़ डेट थी 28 अप्रैल, 2017, 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' 27 अप्रैल, 2018 को और 'एवेंजर्स: एंडगेम' 26 अप्रैल, 2019 को रिलीज़ हुई है. और ये तीनों ही फिल्मों ने ये साबित किया है कि आपको जबरदस्त कमाई करने के लिए छुट्टी वाला वीकेंड खोजने की जरूरत नहीं है. आप कॉन्टेंट देंगे, तो जनता शाबाशी के साथ पैसे भी खूब बरसाएगी. ये अपने आप में बहुत बड़ी बात है कि कोई हिंदी भाषी देश में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड एक अंग्रेजी फिल्म के नाम हो गया है.
Capture

अगर दुनियाभर में 'एवेंजर्स: एंडगेम' की कमाई की बात करें, तो ये आंकड़ा काफी बड़ा है. जहां तक शुरुआती नंबर्स का सवाल है, तो 46 देशों में रिलीज़ हुई इस फिल्म ने पहले दिन 1403 करोड़ रुपए (216.6 मिलियन डॉलर) कमा लिए हैं. 'एंडगेम' सबसे पहले यानी 24 अप्रैल को चीन में रिलीज़ हुई. इसका फायदा उसे कुछ यूं हुआ कि 1403 करोड़ रुपए में से 334 करोड़ रुपए (47.6 मिलियन डॉलर) फिल्म ने सिर्फ चाइनीज़ बॉक्स ऑफिस पर कमाए हैं. ये बिलकुल ही शुरुआती आंकडे हैं. पहले दिन की एक्जैक्ट कमाई इससे ज़्यादा भी हो सकती है.
'अवतार' को जेम्स कैमरून 'टाइटैनिक' के ठीक बाद बनाना चाहते थे लेकिन तब उनकी इस फिल्म के लिए जरूरी तकनीक उपलब्ध नहीं थे. इसलिए ये फिल्म 2005 में बननी शुरू हुई और 2009 में रिलीज़ हुई थी.
'अवतार' को जेम्स कैमरून 'टाइटैनिक' के ठीक बाद बनाना चाहते थे लेकिन तब उनकी इस फिल्म के लिए जरूरी तकनीक उपलब्ध नहीं थे. इसलिए ये फिल्म 2005 में बननी शुरू हुई और 2009 में रिलीज़ हुई.

'एवेजर्स: एंडगेम' के शुरुआती तीन दिनों (वीकेंड) की कमाई इंडिया में 150 करोड़ के पार और दुनियाभर में तकरीबन 6 हज़ार करोड़ रुपए (900 मिलियन डॉलर) तक पहुंचने की बात कही जा रही है. दुनिया की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म जेम्स कैमरून की 'अवतार' है. 2009 में रिलीज़ हुई इस फिल्म ने 20 हज़ार करोड़ रुपए (2.7 बिलियन डॉलर) के आस पास कमाई की थी. एवेंजर्स सीरीज़ की पिछली किस्त 'इनफिनिटी वॉर' पिछले साल ही 15 हज़ार करोड़ रुपए (2.01 बिलियन डॉलर) तक पहुंच चुकी है. ऐसे में उम्मीद ये जताई जा रही है कि 2100 करोड़ रुपए (300 मिलियन डॉलर) की लागत से बनी 'एंडगेम' 'अवतार' का रिकॉर्ड तोड़कर दुनिया की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने जा रही है.

Advertisement
Advertisement