एक वक्त पर लग रहा था कि Avengers: Doomsday, Dune 3 और Jumanji 4 के सामने Shah Rukh Khan अपनी फिल्म King पोस्टपोन कर देंगे. मगर आज हुए AskSRK सेशन में उन्होंने साफ़ कर दिया कि वो अपनी अनाउंस की हुई डेट से टस-से-मस नहीं होने वाले. फिर सामने कोई भी फिल्म क्यों न हो.
#AskSRK में शाहरुख का खुला ऐलान- "किसी हाल में एवेंजर्स डूम्सडे से क्लैश नहीं टलेगा"
'एवेंजर्स: डूम्सडे' के अलावा 'किंग' की टक्कर 'ड्यून 3' और 'जुमानजी 4' से भी होनी है. शाहरुख ने इस पर क्या कहा?

शाहरुख ने गणेश चतुर्थी के मौके पर AskSRK सेशन रखा था. इस दौरान कुछ यूजर्स ने 'किंग', 'एवेंजर्स: डूम्सडे' और 'ड्यून 3' के क्लैश पर सवाल किया. 'किंग' 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. वहीं 'एवेंजर्स: डूम्सडे' और 'ड्यून 3' ठीक एक हफ्ते पहले यानी 18 दिसंबर को आएंगी. रही 'जुमानजी 4' की बात, तो ये फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज़ होगी. यानी ‘किंग’ की रिलीज़ के अगले दिन. इसलिए एक यूजर ने पूछा,
“शाहरुख खान सर, किंग तो सैंडविच जैसE फंस गया है. क्या डेट चेंज होगा?”
इस पर शाहरुख कहते हैं,
"बिल्कुल भी नहीं. ब्रेड के बाकी टुकड़ों का भी तो सोचो. हम तो सेंटर के टेस्टी टिक्की हैं."

एक अन्य यूजर ने शाहरुख के छोटे बेटे अबराम का ज़िक्र करते हुए पूछा,
“शाहरुख सर, अबराम पहले डूम्सडे देखेगा या किंग?”
इस पर शाहरुख दो टूक लिखते हैं,
"पहले तो बाप ही आएगा बेटा!"

जब एक यूजर ने शाहरुख से 'किंग' का कोई डायलॉग सुनाने कहा, तो उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया. वो इसलिए क्योंकि अभी इस मूवी पर काम चल ही रहा है. फिर भी, उस फैन की तसल्ली के लिए उन्होंने मूवी की स्क्रिप्ट के साथ एक वीडियो शेयर किया. उसके बैकग्राउंड में वो कहते हैं,
"24 दिसंबर को किंग. पिक्चर अभी बाकी है. किंग अकेला काफी है."
कुल मिलाकर, शाहरुख ने अब खुद ही बता दिया है कि वो और सिद्धार्थ आनंद, अपनी फिल्म को पोस्टपोन नहीं करने वाले हैं. वो 'डूम्सडे', 'ड्यून 3' और 'जुमानजी 4' जैसी बड़ी फिल्मों से टकराने का रिस्क जानते हैं. फिर भी वो अपनी जगह से हटने को तैयार नहीं. हालांकि उनका ये फैसला कितना सही साबित होता है, ये वक्त आने पर ही पता चल पाएगा.
वीडियो: शाहरुख़ खान अपने जन्मदिन पर 'Ra-One' फिल्म पर बोले- "ये फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है"










