“दुनिया में सिर्फ दो तरह के लोग होवे हैं. वूल्फ और शीप. मै वूल्फ़ हूं, तू के है?”
YRF स्पाय यूनिवर्स की 'अल्फा' का टीज़र आया, लोग बोले- "ये क्या बना दिया"
'अल्फ़ा' का टीज़र आते ही जनता YRF वालों को स्पाय यूनिवर्स बंद करने की सलाह देने लगी. कहा- "अब पठान 2 बनाने की तो सोचना भी मत."


कुछ ऐसा है YRF Spy Universe की अपकमिंग फिल्म Alpha का टोन. आज 10 जून को इसका टीज़र आया. Bobby Deol और Alia Bhatt बाप-बेटी के किरदार में हैं. बॉबी ने अपनी बेटी को तेज़-तर्राट एसैसिन बनाया है. हालांकि टीज़र में आगे चल कर इसके पीछे मक़सद बड़ा सामने आता है. शुरुआत होती है एक पॉश होटल की डिनर टेबल के सीन से. पिता अपनी बेटी को उसके 18वें बर्थडे पर डिनर पर ले गया है. उसके लिए तोहफ़ा भी लाया है. यहां तक ये फिल्म एक साधारण फैमिली फिल्म सी लगती है. मगर जैसे ही आलिया वो गिफ्ट खोलती हैं, कहानी का टोन बदल जाता है. बॉबी देओल का किरदार अपनी बेटी को उसके जन्मदिन की बधाई और पहला एसैसिनेशन टास्क एक सांस में देता है. बर्थडे गिफ्ट है रूम नं. 3418 की चाभी. और यही है आलिया का पहला मिशन. पिता अपनी बेटी को याद दिलाता है कि उसने उसे इसी के लिए ट्रेन किया है. कुछ हिचक के साथ ही सही, मगर बेटी इसे पूरा करती है. और ट्रिगर दबते ही पिता की आंखें गर्व से पनीली हो जाती हैं.
टीज़र में ‘अल्फ़ा’ एक सीक्रेट प्रोग्राम बताया गया है. जिसे इंडिया के नेक्स्ट जनरेशन सोल्जर्स तैयार करने के लिए बनाया गया है. देश के सबसे तेज़ और सबसे बहादुर लड़ाके इसमें शामिल किए गए हैं. बॉबी अपनी बेटी के बाज़ू पर अल्फ़ा प्रोग्राम के लोगो का टैटू बना देता है. और उसे याद दिलाता है, कि उसका मक़सद अल्फ़ा को आगे बढ़ाना है. और फिर टीज़र में एक कोलाज की तरह आलिया की ट्रेनिंग के, उसके मिशंस के फाइट सीन्स आते हैं. हैंड टु हैंड कॉम्बैट, बाइक चेज़, गन फाइट... और वही सब जो अमूमन स्पाय फिल्मों में देखने को मिलता है.
टीज़र कमज़ोर है. कहानी YRF Spy Universe की पिछली फिल्मों से अलग है. ताज़ी है. मगर उसका एग्ज़ीक्यूशन और टीज़र जो फिल्म का पहला इम्प्रेशन होता है, वो उतना शार्प नहीं है. अव्वल तो बॉबी देओल जो अपने किरदारों की खाल में बखूबी उतर जाने के लिए मशहूर हैं. वो इसमें उतने सहज नहीं लग रहे. हरियाणवी लहजा उन्होंने अटेम्प्ट तो किया, मगर ‘होवे’, ‘सै’ और ‘कै’ जैसे शब्दों बोल लेने से हरियाणवी टोन सेट नहीं हो जाता. टीज़र में एक भी डायलॉग, फाइट सीन या मोमेंट ऐसा नहीं है, जो रोंगटे खड़े कर दे. या फिल्म देखने की भूख बढ़ाए.
ये YRF Spy Universe के लिए बहुत ज़रूरी फिल्म है. इस यूनिवर्स की पिछली फिल्म ‘वॉर 2’ दो बड़े स्टार्स की मौजूदगी के बावजूद नहीं चली. Jr NTR को लाने का गिमिक भी फेल हो गया. ऐसे में ‘अल्फ़ा’ पर YRF के Spy Universe को रिवाइव करने की ज़िम्मेदारी आ गई है. मगर ‘धुरंधर’ के बाद ये काम और मुश्किल हो गया है. जासूसों की दुनिया को जिस तरह इस फिल्म में दिखाया गया, उसने दर्शकों का ज़ायका बदल दिया है. इसके बाद YRF Spy Universe की ‘एक था टाइगर’ और ‘पठान’ जैसी महाकमाऊ फिल्में भी आलोचना की शिकार बनीं. ढेरों मीम्स बने. और लोगों ने थोक के भाव में इन फिल्मों के फैशनेबल स्पायज़ को कोसा. ‘अल्फ़ा’ के टीज़र के पब्लिक रिएक्शन भी कुछ ऐसे ही आए हैं. ज्यादातर लोग टीज़र देख कर निराश ही हुए. आलिया पुरज़ोर कोशिश कर रही हैं. मगर ऑडियंस को ख़ास इम्प्रेस नहीं कर सकीं. चुनिंदा रिएक्शन हम आपके साथ शेयर कर रहे है.
अक्षता नाम की एक यूज़र ने X पर लिखा,
मुझे टीज़र बिल्कुल पसंद नहीं आया. ना कोई मेमोरेबल डायलॉग था, न कोई गूज़बम्प्स मोमेंट. ना कोई ऐसा सीन जो रिलीज़ के लिए एक्साइटमेंट बढ़ाए. बस एवरेज लगा.

आयुष नाम के यूज़र ने लिखा,
ये तो बहुत बुरा है. मस्त ट्रोल होगी. फ्लॉप ऑलरेडी.

दोशांत नाम के यूज़र ने लिखा,
तुम्हें मौका मिला, तुमने चांस मिस कर दिया. रेस्ट इन पीस स्पाय यूनिवर्स. अब पठान 2 बनाने की तो कोशिश भी मत करना.

इमेंस नाम के हैंडल से लिखा गया,
YRF ने अल्फा के टीज़र के साथ स्मार्ट प्ले किया है. आलिया एक्शन करती हुई कूल लग रही हैं. ट्रेलर का इंतज़ार है.

सिनेफाइल नाम के हैंडल से लिखा गया,
"भई YRF वालों, ये क्या बना दिया. ये आलिया के मिज़ाज की फिल्म नहीं है. उनकी फिटनेस, टेम्परामेंट, पर्सनालिटी... कुछ भी इस कैरेक्टर के साथ जेल नहीं करता. ऐसा लग रहा है जैसे 10वीं-12वीं की स्टूडेंट स्कूल में बैचमेट्स से लड़ रही है. इससे तो किसी MMA क्लास की स्टूडेंट को ले लेते. टफ़ तो दिखती. और एक्टिंग तो वैसे भी YRF स्पाय यूनिवर्स में कम ही होती है. जितनी होती है, उसे संभालने के लिए बॉबी हैं ही. अब ये कचरा देखने सिनेमाहॉल तो नहीं जाऊंगा मैं."

टीज़र और ट्रेलर फिल्म की बानगी होते हैं. फिल्म के लिए पब्लिक के बीच माहौल बनाते हैं. मगर ‘अल्फ़ा’ का टीज़र ऐसा करने में फेल होता दिख रहा है. फिल्म क्या कर पाती है, ये तो वक्त ही बताएगा. इसमें आलिया के साथ शरवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल भी नज़र आएंगे. पहले ये फिल्म 13 जुलाई को रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड थी. मगर अब ये फिल्म प्रीपोन कर दी गई है. अब ये 13 के बजाय 03 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इसे 'दी रेलवे मैन' सीरीज़ बनाने वाले शिव रवैल ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: अल्फा के सेट पर आलिया और बॉबी की लड़ाई? क्या YRF ने उन्हें दूसरी फिल्म ऑफर की थी?


















