देश के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री से मिलते वक्त लोगों को कई तरह के प्रोटोकॉल्स का पालन करना होता है. मगर Allu Arjun से मिलना शायद उससे भी कठिन है. दरअसल, उनसे मिलने से पहले आपको 42 तरह के कायदे-कानूनों का सामना करना पड़ सकता है. कम-से-कम रॉयल एनफील्ड की पूर्व ब्रांड स्ट्रेटजिस्ट Kaveri Baruah तो ऐसा ही कहती हैं. जैसे ही कावेरी का बयान वायरल हुआ, अल्लू अर्जुन की टीम ने इस बाबत स्टेटमेंट जारी कर दिया.
अल्लू अर्जुन से मिलने वालों को करना पड़ता है 42 नियमों का पालन, आंखों में देखने तक की इज़ाज़त नहीं?
अल्लू अर्जुन से मिलने की शर्तें हैं कि उन्हें सर कहना होगा. उनसे हाथ नहीं मिलाना होगा. जूते निकालकर मिलना होगा. ऐसी 42 शर्तें हैं.
.webp?width=360)

इंटरनेट पर कावेरी का अल्लू अर्जुन पर दिया गया एक बयान धड़ल्ले से वायरल हो रहा है. स्वीकृति टॉक्स चैनल से हुई बातचीत में वो ‘अल्लू अर्जुन प्रोटोकॉल्स’ के बारे में कहती हैं,
"मेरा एक रोचक किस्सा अल्लू अर्जुन से जुड़ा है. हैदराबाद के मेगास्टार. साउथ के स्टार्स अपने बड़े दल-बल के साथ आते हैं. अर्जुन से मिलने से पहले हमें एक नोट दिया गया, जिसमें 42 नियम दिए गए थे. वहां मैनेजर के मैनेजर का भी एक मैनेजर था. वो लोग काफ़ी स्ट्रिक्ट थे. जैसे-'सर की आंखों में मत देखना. उनसे हाथ मत मिलाना.' ये सब उनका नियम था, जिसकी वजह पता नहीं."
कावेरी और अर्जुन ने किस फिल्म या ऐड पर साथ काम किया था, इस बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया. मगर आगे वो कुछ और नियमों का ज़िक्र करते हुए कहती हैं,
“अर्जुन से एक हाथ की दूरी बनाए रखने को कहा गया था. आप अपने फोन्स का इस्तेमाल नहीं कर सकते. जब वो कमरे में आए तो मैं पीछे बैठे फोन चला रही थी. इतने में उनका बॉडीगार्ड और मेरे हाथ से फोन छीन ले गया. मैंने कहा-'एक्सक्यूज मी! मैं बस अपना काम कर रही थी.' पर हां, उनके आसपास फोन की इज़ाज़त नहीं है.”
कावेरी ने बताया कि किसी अन्य एक्टर ने इस तरह का नियम कभी नहीं रखा है. हालांकि फिर उन्होंने खुद ही अर्जुन के इन कड़े नियमों के पीछे की वजह बता दी. वो कहती हैं,
"साउथ में सेलिब्रिटीज़ इस तरह के नियम ज्यादा रखते हैं. मुंबई में लोग सेलिब्रिटीज़ को लेकर काफ़ी कैजुअल हैं. इसलिए उनके लिए वहां घूमना-फिरना काफ़ी आसान होता है. सिर्फ साउथ ही नहीं, देश के बाकी हिस्सों में भी लोग एक्टर्स को लेकर जुनूनी हैं. हाल ही में एक साउथ इंडियन एक्ट्रेस (निधि अग्रवाल) पर भीड़ टूट पड़ी थी. इसलिए वो लोग इस तरह के रूल्स बनाते हैं."
इंटरनेट इस 'अल्लू अर्जुन प्रोटोकॉल' पर बंट गया है. कुछ लोग उनके स्टारडम को देखते हुए इन नियमों को ज़रूरी बता रहे हैं. वहीं कुछ का कहना है कि इसमें आंख मिलाकर बात न करने जैसे नियम की क्या ज़रूरत है? अल्लू अर्जुन फैन्स का कहना है कि ऐसे नियम सेलिब्रिटी मैनेजमेंट में काफ़ी कॉमन होते हैं. इससे एक्टर्स का ध्यान नहीं भटकता और सुरक्षा भी बनी रहती है. वहीं दूसरा पक्ष ये कह रहा कि सेलिब्रिटीज़ को लोगों से जुड़ा हुआ होना चाहिए. इस तरह के नियम केवल दूरी पैदा करते हैं. वैसे, बहस का एक मध्य मार्ग भी है. उसका ये कहना है कि ये नियम एक्टर्स नहीं, बल्कि उनकी पीआर टीम बनाती है. एक्टर्स को तो उनके बारे में पता भी नहीं होता.
मगर इससे पहले कि विवाद और बढ़ता, अल्लू अर्जुन की टीम ने एक ऑफ़िशियल स्टेटमेंट जारी कर दिया. इसमें लिखा गया,
“हाल ही में अल्लू अर्जुन के बारे में जो बातें कही गईं, वो पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं. अल्लू अर्जुन ने हमेशा खुद को सम्मान और गरिमा के साथ पेश किया है. हम इन झूठे आरोपों को गंभीरता से ले रहे हैं. साथ ही इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ हमारी लीगल टीम मानहानि की कार्रवाई शुरू कर रही है. हम सभी से अपील करते हैं कि बिना वेरिफाई किए, इस तरह की खबरें फैलाने से बचें.”

इस बीच रिपोर्ट है कि कावेरी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स को डिएक्टिवेट कर दिया है. मगर यूट्यूब पर ये इंटरव्यू अब भी मौजूद है. हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल उनके इंटरव्यू के क्लिप्स हटने लगे हैं.
वीडियो: अल्लू अर्जुन की अगली फिल्म का बजट 800 करोड़ है, शूटिंग पूरी होने से पहले ही सारे रिकार्ड्स टूटे

















.webp?width=120)
.webp?width=120)
