Allu Arjun की फिल्म Pushpa 2 की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है. Sukumar के निर्देशन में बन रही फिल्म को बड़े स्केल पर बनाया जा रहा है. मेकर्स पिछले पार्ट से भी आगे निकलना चाहते हैं. यही वजह है कि फिल्म को सिर्फ इंडिया में ही शूट नहीं किया जा रहा. कुछ महीने पहले जापान में लंबा-चौड़ा एक्शन सीक्वेंस शूट किया गया था. अब बताया जा रहा है कि ‘पुष्पा 2’ की टीम फिर से विदेश जाने वाली है. बैंकॉक या जापान में एक कार चेज़ सीन शूट होना है. Gulte में छपी रिपोर्ट के मुताबिक इस सीन में या तो अल्लू अर्जुन गाड़ी चलाएंगे या फिर ट्रक. विदेश में गाड़ी चलाने के लिए इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस की ज़रूरत पड़ती है. अल्लू अर्जुन लाइसेंस लेने के लिए RTO पहुंचे थे. वहां से उनकी एक फोटो भयंकर वायरल हो रखी है. फोटो में वो लाइसेंस के लिए किसी दस्तावेज़ पर साइन कर रहे हैं. इस फोटो को गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर चलाया जा रहा है.
क्या अल्लू अर्जुन ड्रिंक एंड ड्राइव केस में पकड़े गए? पूरा सच ये निकला
Pushpa 2 के लिए Allu Arjun इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस लेने गए थे. उसके बाद लोग सोशल मीडिया पर लिखने लगे कि पुलिस ने उन्हें शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा है.
.webp?width=360)
सोशल मीडिया पर कुछ यूज़र लिखने लगे कि अल्लू अर्जुन शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे. इसलिए पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. ऐसी दावे करने वालों में अधिकांश प्रभास के फैन पेजेस हैं. अक्सर फैन पेजेस एक-दूसरे के स्टार पर कीचड़ उछालते रहते हैं. इस बार भी बस वही हुआ है. अल्लू अर्जुन लाइसेंस लेने के लिए RTO गए थे, लेकिन उसे दूसरा ही मामला बना दिया गया. इस पूरी ड्रिंक एंड ड्राइव वाली बात के बीच अल्लू अर्जुन का एक और वीडियो घूम रहा है. लोग लिख रहे हैं कि अल्लू अर्जुन को पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा. दरअसल ये वीडियो करीब 10 साल पुराना है. अल्लू अर्जुन ने तब इस मामले पर सफाई देते हुए अपने फेसबुक पर लिखा था:
जिस वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस ने मेरी गाड़ी रोकी, वो दरअसल कल रात का है. पुलिस ने मुझे ब्रेथ ऐनेलाइज़र में फूंक मारने को कहा था. लेकिन मैंने कहा कि मेरी तरह इतने सारे कैमरा मुड़े हुए हैं, इसलिए मैं थोड़ा असहज हूं. जब कैमरा हटे तब मैंने टेस्ट दिया और फिर पुलिस ने मुझे जाने भी दिया. ये देखना अपमानजनक है कि कैसे मीडिया ग्रुप्स ने उस वीडियो को लीक कर के गलत तरह से एडिट किया है. मुझे नहीं लगता कि हैदराबाद पुलिस किसी को शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ने पर सख्त कार्रवाई किए बिना ऐसे ही जाने देगी.
साल 2014 का ये वीडियो अब भी सोशल मीडिया पर वायरल होता रहता है. हालांकि तब इसे लेकर मचे हंगामे के पीछे एक और कहानी थी. इस वीडियो के बाहर आने से कुछ दिन पहले अल्लू अर्जुन की एक शॉर्ट फिल्म रिलीज़ हुई थी. टाइटल थे I Am That Change. बेसिकली ये इस बारे में थी कि नागरिक देश के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी को समझें. जब अल्लू अर्जुन के ड्राइविंग वाला वीडियो वाइरल हुआ तब लोग उसे आइरनी बताने लगे. कि ये खुद समाज की ज़िम्मेदारी की बात कर रहे थे और पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया. खैर अल्लू अर्जुन ने ऐसी बातों का खंडन करते हुए कहा था कि उनके खिलाफ नेगेटिव प्रॉपेगेंडा चलाया जा रहा था.
बाकी ‘पुष्पा 2’ की बात करें तो फिल्म की शूटिंग चल रही है. मेकर्स का प्लान है कि मई तक इसे पूरा कर लिया जाए. ताकि दो महीनों में पोस्ट-प्रोडक्शन का काम निपटा लें. उनकी पूरी कोशिश है कि ‘पुष्पा 2’ को तय रिलीज़ डेट यानी 15 अगस्त वाले हफ्ते में उतारा जाए. ऐसे में फिल्म आने से पहले प्रमोशन की गुंजाइश नहीं बचेगी, तो रिलीज़ के बाद टीम मैदान पर उतरकर प्रमोशन करेगी.
वीडियो: अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' पर श्रेयस तलपड़े ने हिंदी वर्जन को लेकर बड़ा अपडेट दिया है











