2018 में Rajkumar Santoshi, Randeep Hooda को लेकर 21: Battle Of Saragarhi नाम की एक फिल्म बना रहे थे. उन्होंने 20 दिन की शूटिंग भी कर ली थी. मगर ऐन वक्त पर Akshay Kumar और Karan Johar ने सेम सब्जेक्ट पर एक और फिल्म अनाउंस कर दी. फिल्म का नाम- Kesari. उनके इस फैसले की वजह से राजकुमार और रणदीप को अपना प्रोजेक्ट बंद करना पड़ा.
अक्षय कुमार-करण जौहर ने बंद करवाई रणदीप हूडा की फिल्म, डायरेक्टर बोले- "कम-से-कम पूछ तो लेते..."
राजकुमार संतोषी और रणदीप हूडा 20 दिन की शूटिंग कर चुके थे. मगर 'केसरी' अनाउंस होते ही डिस्ट्रिब्यूटर्स ने उनका साथ छोड़ दिया.

राजकुमार संतोषी इन दिनों अपनी लेटेस्ट मूवी 'बंटवारा 1947' को प्रमोट कर रहे हैं. इस सिलसिले में उन्होंने PVK ओरिजिनल नाम के यूट्यूब चैनल को एक इंटरव्यू दिया. बातचीत के दौरान 'बैटल ऑफ सारागढ़ी' का ज़िक्र भी छिड़ा. इस पर बात करते हुए संतोषी कहते हैं,
"बैटल ऑफ सारागढ़ी फिल्म पर मैं काफी मेहनत और रिसर्च कर रहा था. उस पर काफी वक्त गया. मगर वो केसरी बन गई. मैंने 20 दिन की शूटिंग की थी. रणदीप हूडा और मुझे इस बात की बहुत पीड़ा है. हम एक ऑनेस्ट और रियल फिल्म बनाना चाहते थे. पूरा ऑडिशन वगैरह करवाया ऐसे असली सरदारों का, जिन्होंने आज तक ब्लेड को छुआ तक नहीं. ऑडिशन करके उन्हें तैयार किया था हमने. 20 दिन तक राजस्थान के गंगानगर में हमने शूटिंग भी की थी. कमाल के एक्टर और इंसान हैं रणदीप हूडा. वो रियल दाढ़ी वगैरह बढ़ाकर पूरे सरदार बन गए थे."
एक तरफ़ 'बैटल ऑफ सारागढ़ी' की शूटिंग शुरू हो गई थी. दूसरी तरफ़ करण जौहर और अक्षय कुमार ने 'केसरी' अनाउंस कर दी. राजकुमार संतोषी इस बात से नाराज़ थे. इस बारे में वो कहते हैं,
"करण जौहर और अक्षय कुमार ने हमारे साथ-साथ केसरी बना दी. उन्हें कम-से-कम पूछ लेना चाहिए था. ये इंडस्ट्री एक परिवार है. अगर कोई एक फिल्म बना रहा है, तो दूसरा उसी विषय पर न बनाए."
अक्षय और करण जौहर के सेम सब्जेक्ट पर 'केसरी' बनाने के कारण राजकुमार और रणदीप को अपनी फिल्म बंद करनी पड़ी. वो इसलिए क्योंकि कोई भी डिस्ट्रिब्यूटर या OTT प्लैटफ़ॉर्म उन्हें सपोर्ट देने को तैयार नहीं हुआ. राजकुमार बताते हैं कि उस वक्त सबने अपने हाथ पीछे खींच लिए थे. क्योंकि अक्षय बड़े स्टार हैं और करण बड़े प्रोड्यूसर. उन्हें पता था कि अक्षय और करण अपनी फिल्म जल्दी बनाकर रिलीज़ कर देंगे. इससे 'बैटल ऑफ सारागढ़ी' का बिजनेस ठप्प पड़ जाएगा. यही कारण है कि राजकुमार को 20 दिन की शूटिंग के बाद अपनी फिल्म को पूरी तरह बंद करना पड़ा. रणदीप, जो उस किरदार में पूरी तरह ढल गए थे, फिल्म बंद होने से डिप्रेशन में चले गए थे. बाद में वो अपने कई इंटरव्यूज़ में कहते भी रहे कि उन्हें आज तक 'बैटल ऑफ सारागढ़ी' के न बन पाने का मलाल है.
वीडियो: केसरी 2 पर लगा चोरी का आरोप, यूट्यूबर याहया बूटवाला ने लगाये ये आरोप











