हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में एक्टर प्रभास की फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान एक दुर्घटना हो गई है. फिल्म के सेट पर किसी कीड़े के काटने के बाद एक्टर राजेश शर्मा की हालत गंभीर हो गई है. उन्हें कोलकाता के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है. इस घटना को लेकर चिंता जाहिर करते हुए 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (AICWA) ने मामले की तुरंत निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है. AICWA ने फिल्म वर्कर्स के लिए जवाबदेही और बेहतर सुरक्षा उपायों की भी मांग की है.
एक्टर राजेश शर्मा की शूटिंग के बाद तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती, सरकार से जांच की मांग
Actor Rajesh Sharma प्रभास की फिल्म 'फौजी' की शूटिंग खत्म होने के बाद सेट के पास ही टेक्नीशियंस से बातें कर रहे थे. वहां पर कई सारी झाड़ियां थीं. राजेश शर्मा को उसी समय किसी कीड़े ने काट लिया. शुरुआत में उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई, लेकिन फिर उनकी हालत बिगड़ गई.


AICWA ने इस मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से अपील की है. AICWA ने सीएम से इस घटना की हाई-लेवल जांच के आदेश देने की अपील की है. साथ ही फिल्म वर्कर्स एसोसिएशन ने यह भी मांग की कि फिल्म के प्रोड्यूसर, राजेश शर्मा के इलाज का खर्च उठाएं. और अगर जांच में कोई लापरवाही पाई जाती है, तो इस पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. AICWA के प्रेसिडेंट सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने बयान जारी कर सवाल उठाया कि क्या फिल्म सेट पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल का सही तरीके से पालन किया गया था?
एसोसिएशन ने पोस्ट में सवाल उठाया कि अगर शूटिंग के दौरान राजेश शर्मा की हालत इतनी गंभीर हो गई थी, तो उन्हें तुरंत हैदराबाद के किसी बड़े अस्पताल में क्यों नहीं भर्ती कराया गया? इसमें यह भी सवाल उठाया गया कि क्या सेट पर इमरजेंसी मेडिकल टीम या कोई सुविधा मौजूद थी? क्या जरूरी हेल्थ और वर्कप्लेस सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन किया गया था, और शूटिंग लोकेशन पर असल में क्या हुआ था जिससे एक्टर की हालत इतनी तेजी से बिगड़ गई.
संस्था ने आगे कहा कि अगर जांच में कोई चूक या लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. संस्था ने यह भी कहा कि फिल्म के पैमाने या बजट की परवाह किए बिना, किसी भी व्यक्ति या प्रोडक्शन हाउस को जवाबदेही से छूट नहीं मिलनी चाहिए. AICWA ने फिल्म के मेकर्स से राजेश शर्मा के इलाज का पूरा खर्च उठाने और उनके पूरी तरह ठीक होने तक उनकी बेहतरीन देखभाल करवाने की भी अपील की है.
यह भी पढ़ें: मच्छर तो सबको एक ही तरह से काटते हैं, फिर कुछ लोगों को कम और कुछ को ज्यादा खुजली क्यों होती है?
ये पूरी घटना 8 जुलाई की है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक एक्ट्रेस सुदीपा चटर्जी ने बताया कि रामोजी फिल्म सिटी में 'फौजी' की शूटिंग चल रही थी. शूटिंग के दौरान राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया. यह घटना तब हुई जब शूटिंग खत्म हो गई थी. उस समय राजेश शर्मा घनी झाड़ियों के बीच वहां के टेक्नीशियंस से बातचीत कर रहे थे.
शुरुआत में लगा कि कोई गंभीर बात नहीं है. क्योंकि काटने का निशान गंभीर नहीं लग रहा था. इसीलिए उन्होंने तुरंत डॉक्टर की मदद नहीं ली. लेकिन 5-6 घंटे बाद, उन्हें दाहिने पैर में तेज दर्द और बेचैनी महसूस होने लगी. हालत बिगड़ने के बावजूद, उन्होंने कोलकाता की फ्लाइट ले ली. लेकिन सफर के दौरान, राजेश शर्मा को तेज बुखार आ गया. अगले दिन, उन्हें कोलकाता के ढाकुरिया स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
वीडियो: सिनेमा शो: राजामौली की 'वाराणसी' में महेश बाबू वो करेंगे जो करियर में कभी नहीं किया
















