Saiyaara से करीब 35 साल पहले एक म्यूजिकल लव स्टोरी रिलीज़ हुई थी. नाम- Aashiqui. Mahesh Bhatt के डायरेक्शन में बनी ये मूवी न केवल बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट बनी, बल्कि देशभर में एक ट्रेंडसेटर बन गई. वो भी कुछ इस तरह कि सिंगर Kumar Sanu समेत फिल्म के लीड एक्टर्स Rahul Roy और Anu Aggarwal रातों-रात स्टार बन गए. हालांकि समय के साथ दोनों एक्टर्स स्पॉटलाइट से गायब भी हो गए. राहुल पिछले दिनों एक इंस्टाग्राम रील से वायरल हुए थे. उस पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया. नतीजतन, उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों को जवाब दिया है.
'आशिकी' फेम राहुल रॉय रील बनाकर ट्रोल हुए, लोगों से कहा-"काम दिलाने में मदद कीजिए"
राहुल रॉय ने कहा कि वो अपने लीगल केस के भुगतान के लिए रील्स बना रहे थे.


हुआ ये कि डॉ. वनिता घाडगे नाम की एक यूजर ने 'आशिकी' फिल्म के गानों पर कुछ रील्स शेयर की थीं. लोगों ने नोटिस किया कि उसमें राहुल रॉय भी नज़र आ रहे हैं. एक रील में वो बिना किसी एक्सप्रेशन के खड़े थे, जिस पर लोग उन्हें ट्रोल करने लगे. कुछ ने पूछा कि ऐसी रील्स बनाने के पीछे उनकी क्या मजबूरी थी. वहीं कुछ ये कहने लगे कि उन्हें किडनैप कर जबरदस्ती ऐसा करवाया जा रहा है. कई ने इस रील को उनका सबसे बड़ा डाउनफॉल बता दिया. देखते-ही-देखते इंटरनेट पर इस तरह के हजारों कमेंट्स तैरने लगे, जिस पर अब राहुल ने रिएक्ट किया है.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालते हुए वो लिखते हैं,
"मैं अपना काम ईमानदारी और विनम्रता से करता हूं. मुझे कुछ कानूनी मामलों का भुगतान करना है और ये आज के नहीं बल्कि उस समय के हैं जब ब्रेन स्ट्रोक नहीं हुआ था. अगर आप मेरी सादगी या मेरी परेशानियों का मज़ाक उड़ाते हैं, ट्रोल करते हैं, तो ये मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज़्यादा बताता है. अगर आपको सच में इतनी चिंता है, तो मुझे कोई अच्छा और सही काम दिलाने में मदद कीजिए ताकि मैं अपने केस का भुगतान कर सकूं. कम-से-कम मैं मेहनत करके कमा रहा हूं, दूसरों का मज़ाक उड़ाकर नहीं. ब्रेन स्ट्रोक के बाद मेरे लिए सक्रिय रहना ज़रूरी है. मैं जब तक ज़िंदा हूँ, तब तक काम करना चाहता हूं. इससे मेरा दिमाग सक्रिय रहता है और मुझे ये अहसास व ज़िम्मेदारी मिलती है कि मैं आज भी काम कर रहा हूं. हां, इससे कभी-कभी थोड़ा दुख हो सकता है. लेकिन आप मुझे तोड़ नहीं सकते."

'आशिकी' से ब्रेकआउट परफॉर्मेंस देने के बाद राहुल ने 'फिर तेरी कहानी याद आए', 'जुनून', 'गुमराह' और 'प्यार का साया' जैसी फिल्मों में काम किया था. मगर उनसे उन्हें कुछ खास सफलता नहीं मिली. अगली स्पॉटलाइट उन्हें 2007 में मिली, जब वो ‘बिग बॉस सीजन 1’ के विनर रहे थे. साल 2020 में उन्हें लद्दाख में एक शूटिंग के दौरान ब्रेन स्ट्रोक हो गया था. तब उन्हें इमरजेंसी में एयरलिस्ट कर इलाज के लिए मुंबई लाया गया था. उस वक्त सलमान खान ने ही उनके सभी हॉस्पिटल बिल्स क्लियर किए थे. बता दें कि राहुल ने कुछ समय पहले 'आगरा' फिल्म में काम किया था, जो अमेजॉन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है.
वीडियो: आशिकी फेम राहुल रॉय ब्रेन हैमरेज के बाद अस्पताल में थे, सलमान खान ने खुद फोन करके बिल भर दिया.






















