Shahrukh Khan की Pathaan 2 को लेकर हर दिन नया अपडेट आ रहा है. बीते दिनों खबर आई कि आदित्य चोपड़ा नहीं चाहते कि 'पठान 2' को सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट करें. इसलिए वो किसी नए डायरेक्टर की तलाश कर रहे हैं. अब खबर आ रही है कि 'पठान 2' को साउथ का कोई बहुत बड़ा डायरेक्टर डायरेक्ट कर सकता है.
शाहरुख की 'पठान 2' को लोकेश कनगराज डायरेक्ट करेंगे?
आदित्य चोपड़ा नहीं चाहते कि स्पाय यूनिवर्स की किसी भी फिल्म में कुछ भी दोहराया जाए. इसलिए वो Pathaan 2 को Siddharth Anand के हाथ में नहीं सौंपना चाहते.

पीपिंगमूनी की रिपोर्ट के मुताबिक आदित्य चोपड़ा नहीं चाहते कि स्पाय यूनिवर्स की किसी भी फिल्म में कुछ भी दोहराया जाए. वो चाहते हैं कि स्पाय यूनिवर्स के अंडर बनी हर फिल्म में एक फ्रेशनेस हो. शॉट्स, एक्शन या डायरेक्शन में किसी भी तरह का दोहराव ना हो. इसलिए वो 'पठान 2' को सिद्धार्थ आनंद के हाथ में नहीं सौंपना चाहते. यही वजह से है कि वो किसी नए डायरेक्टर के नज़रिए से 'पठान' को दर्शकों के सामने पेश करना चाहते हैं.
जब से ये खबर फैली है तभी से सोशल मीडिया पर लोगों ने तेज़ी से अनुमान लगाना शुरू कर दिया है. लोग अपने-अपने हिसाब से अंदाज़ा लगा रहे हैं कि साउथ के किस बड़े डायरेक्टर की झोली में 'पठान 2' गिरने वाली है. इनमें सबसे पहला नाम आ रहा है 'जवान' बनाने वाले डायरेक्ट एटली का.
एटली की फिल्म 'जवान' ने बीते साल ताबड़तोड़ बिज़नेस किया. पूरी दुनिया से इसने 1100 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई की. ऐसे में एटली के साथ कई बड़े प्रोडक्शन हाउस काम करना चाहते हैं. इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी अगर यशराज फिल्म्स वाले भी 'पठान 2' के लिए एटली को फाइनल कर लें. फिर 'जवान' की तरह 'पठान 2' में भी शाहरुख और एटली की जोड़ी कमाल कर सकती है.
एटली से हटकर सबसे ज़्यादा नाम जो चर्चा में है वो है लोकेश कनगराज का. 'विक्रम', 'लियो' और 'कैथी' जैसी कमाल की लार्जर देन लाइफ फिल्में बनाने वाले लोकेश भी 'पठान 2' को डायरेक्ट कर सकते हैं. साउथ की फिल्मों में जिस तरह तगड़ा एक्शन और सीक्वेंस बनाया जा रहा है कुछ वैसा ही मेकर्स 'पठान 2' में चाहते होंगे. हालांकि लोकेश कनगराज इन दिनों रजनीकांत वाली अपनी फिल्म पर काम कर रहे हैं. ऐसे में वो 'पठान 2' जैसे बड़े प्रोजेक्ट को हाथ में लेंगे या नहीं ये चर्चा का विषय है.
इनके अलावा 'असुरन' बनाने वाले वेत्रिमारन, डायरेक्टर एस. शंकर और विष्णुवर्धन का नाम भी सुझाया जा रहा है. मगर विष्णुवर्धन का नाम इससे इसलिए भी नहीं जोड़ा जा सकता क्योंकि फिलहाल वो सलमान खान और करण जौहर के साथ उनकी अगली फिल्म 'द बुल' पर काम कर रहे हैं. ऐसे में ये जानना दिलचस्प होगा कि 'पठान 2' के लिए आदित्य चोपड़ा किसे फाइनल करते हैं.
सिद्धार्थ आनंद भले ही 'पठान 2' डायरेक्ट ना कर रहे हों मगर शाहरुख के साथ कोलैबरेट करने जा रहे हैं. सिद्धार्थ के प्रोडक्शन हाउस की अगली फिल्म 'किंग' से शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं. जिसमें शाहरुख खान का भी रोल होगा. इस फिल्म को सुजॉय घोष डायरेक्ट करेंगे. अगले महीने से ये मूवी फ्लोर पर आ सकती है.











