राहुल गांधी ने 10 अप्रैल को अमेठी से अपना नामांकन दाखिल किया था.
अमेठी से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नामांकन पत्र को वैलिड पाया गया है. शिकायत के बाद उनके नामांकन पत्र की जांच की गई. राहुल की ओर से दी गई जानाकरी को रिटर्निंग ऑफिसर ने सही पाया. अमेठी सीट पर 20 अप्रैल को राहुल गांधी के नामांकन की स्क्रूटनी होनी थी. इस दौरान चार लोगों अफजाल वारिस, सुरेश चन्द्र, ध्रुवलाल और सुरेश कुमार शुक्ल ने राहुल के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई थी. 10 अप्रैल को राहुल गांधी ने अमेठी से अपना नामांकन दाखिल किया था. इसके बाद उनके विरोधियों ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया था. कहा गया कि राहुल गांधी के पास विदेशी नागरिकता है इसलिए उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाई जाए.
किस तरीके के आरोप लगे हैं?
सुरेश चन्द्र यादव और अफजाल वारिस ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी की ओर से निर्वाचन पत्र दाखिल करने के लिए शपथपत्र कहीं और से खरीदा गया था. ये भी आरोप लगाया गया था कि राहुल गांधी ने अपनी पढ़ाई लिखाई से संबंधित स्पष्ट जानकारी नहीं दी. साथ ही चल संपत्ति से संबंधित कॉलम को खाली छोड़ दिया था. वहीं ध्रुव लाल ने इस बात पर आपत्ति जताई थी कि राहुल गांधी ने अपने घोषणा पत्र में शैक्षणिक योग्यता और आय को सही तरीके से नहीं दिखाया. गांधी के विदेशी नागरिकता और विदेश में अलग नाम रखने पर आपत्ति जताई थी. सुरेश कुमार शुक्ल ने कहा था कि नामांकन दाखिल करते समय राहुल गांधी ने जो घोषणा पत्र प्रस्तुत किया सही तरीके से तथ्यों को नहीं रखा. उनके पास कितनी संपत्ति है इसे भी छिपाया.

इन आरोपों और आपत्तियों पर राहुल गांधी के प्रस्तावक नरेंद्र कुमार मिश्र की ओर से लिखित जानकारी दी गई. उन्होंने कहा कि नागरिकता के संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर फैसला नहीं ले सकता. ये उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है.
रिटर्निंग ऑफिसर ने अपने फैसले में क्या कहा
रिटर्निंग ऑफिसर डॉक्टर राम मनोहर मिश्र ने कहा कि राहुल गांधी ने ई-स्टैंप खरीदा था जो हर जगह के लिए मान्य है. राहुल गांधी की ओर से पढ़ाई लिखाई से संबंधित जो कॉलम है वह भरा हुआ है. नामांकन पत्र के सभी कॉलम भरे हुए हैं. इनकम और संपत्ति से संबंधित वितरण दिया गया है. देशी नागरिकता के संबंध में जो आपत्ति दर्ज कराई गई है, इसके लिए जो दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं उसकी कोई प्रमाणिकता नहीं है. इसलिए राहुल गांधी के नामांकन से संबंधित जितनी आपत्तियां हैं वो खारिज की जाती हैं.
वायनाड सीट पर भी इसी तरह के आरोप लगे हैं
राहुल गांधी अमेठी के अलावा केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं. इस सीट पर भी इसी तरह की आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं. वायनाड लोकसभा सीट से एनडीए के प्रत्याशी टी. वेल्लाप्पल्ली ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास किसी दूसरे देश का पासपोर्ट भी है. लेकिन उन्होंने अपने हलफनामे में इसका जिक्र नहीं किया है. इसलिए राहुल गांधी के नामांकन पत्र की जांच की जाए.
Video: मोदी पसंद हैं, पूछा क्यों तो हैरान करने वाले जवाब मिले