The Lallantop

बिहार: NDA से अलग हो सकते हैं पशुपति पारस, सीट शेयरिंग में नहीं मिला 'उचित सम्मान'

Lok sabha election 2024: बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए NDA के घटक दलों के बीच हुए सीट बंटवारे का 18 मार्च को एलान किया गया. इस सीट शेयरिंग की घोषणा में पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) को एक भी सीट नहीं दी गई है. वहीं उनके भतीजे चिराग पासपान की LJP को 5 सीटें दी गई हैं.

Advertisement
post-main-image
भतीजे चिराग पासवान की LJP को 5 सीटें, चाचा पशुपति पारस की पार्टी को एक सीट भी नहीं. (फाइल फोटो: आजतक)

बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए NDA के घटक दलों के बीच हुए सीट बंटवारे का 18 मार्च को एलान किया गया. बताया गया कि बिहार में BJP 17, JDU 16 और चिराग पासवान की LJP 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. जीतन राम मांझी की HAM और उपेंद्र कुशवाहा की RLM को 1-1 सीट दी गई है. इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस इस सीट शेयरिंग से नाराज हैं. चिराग पासवान के चाचा पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) को एक भी सीट नहीं मिली हैं. 

Advertisement
क्या NDA से अलग हो जाएंगे पशुपति पारस?

केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने 15 मार्च को कहा था कि अगर उन्हें ‘उचित सम्मान’ नहीं मिला तो वो राजग छोड़ सकते हैं. उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी कहीं भी जाने को ‘स्वतंत्र’ हैं और उनके ‘दरवाजे खुले' हुए हैं. पशुपति पारस ने कहा था कि वो एक बार फिर हाजीपुर सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं. ये भी कहा था कि वो बिहार में NDA उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करेंगे और उसके बाद आगे कोई फैसला लेंगे.

ये भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: बिहार में NDA सीटों का बंटवारा तय, JDU, LJP के पल्ले क्या आया?

Advertisement

बता दें कि बिहार में चिराग पासवान की पार्टी को चुनाव लड़ने के लिए जो 5 सीटें दी गई हैं, उनमें हाजीपुर भी शामिल है. LJP (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने 18 मार्च को कहा कि कि चिराग पासवान हाजीपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे.

वहीं सीट बंटवारे के समझौते में पशुपति पारस की RLJP का कोई जिक्र नहीं होने पर बिहार BJP के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि पशुपति पारस के साथ बातचीत चल रही है. 

Advertisement
मोदी कैबिनेट से इस्तीफा देने की अटकलें शुरू

हाजीपुर से सांसद पशुपति पारस इस समय मोदी सरकार में खाद्य और प्रसंस्करण मंत्री हैं. आजतक के हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों के हवाले से खबर है कि बिहार NDA गठबंधन में सीट नहीं मिलने से पशुपति पारस मोदी कैबिनेट से जल्द ही इस्तीफा दे सकते हैं. कहा जा रहा है कि पशुपति पारस इस बात से भी नाराज हैं कि सीट शेयरिंग की घोषणा से पहले उनसे बात नहीं की गई.

बता दें कि रामविलास पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) 2020 में उनके निधन के बाद दो हिस्सों में बंट गई थी. राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास). पशुपति पारस राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) और चिराग पासवान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का नेतृत्व करते हैं. 

वीडियो: लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने युवाओं के लिए 5 बड़े ऐलान कर दिए

Advertisement