The Lallantop

लोकसभा चुनाव 2024: NDA में ही रहेंगे चिराग पासवान, सीट शेयरिंग पर खुद दी बड़ी जानकारी

चिराग पासवान ने X पर बताया कि बिहार में NDA गठबंधन के सीट बंटवारे को फाइनल कर दिया गया है. वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि चिराग पासवान की पार्टी को 5 सीटें दी जा रही हैं, जबकि पशुपति पारस कोई सीट नहीं दी जाएगी, उन्हें राज्यपाल बनने का ऑफर दिया गया है.

Advertisement
post-main-image
खबर है कि बिहार में चिराग पासवान की पार्टी को 5 सीटें दी जा रही हैं. (फोटो: X)
author-image
हिमांशु मिश्रा

बिहार में NDA गठबंधन के बीच लोकसभा चुनाव (Lok sabha election 2024) के लिए सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है. ये जानकारी लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने खुद दी है. बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर BJP, चिराग पासवान की LJP (राम विलास), पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी, जीतन राम मांझी की HAM, उपेन्द्र कुशवाहा की RLM (राष्ट्रीय लोक मोर्चा) और नीतीश कुमार की JDU मिलकर चुनाव लड़ने वाले हैं. ऐसे में यहां सीट शेयरिंग को लेकर आपसी सहमति मुश्किल मानी जा रही थी.

Advertisement

इस बीच 13 मार्च को जमुई से सांसद चिराग पासवान ने X पर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें शेयर की थीं. चिराग पासवान ने लिखा,

"NDA के सदस्य के रूप में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री जेपी नड्डा जी के साथ बैठक में हमने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए बिहार में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है. उचित समय आने पर इसकी सूचना दी जाएगी."

Advertisement

एक ओर चिराग पासवान ने सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय होने की जानकारी दी है. वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी JDU 16 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. कहा जा रहा है कि NDA गठबंधन में चिराग पासवान की पार्टी को 5 सीटें दी जा रही हैं. 

ये भी पढ़ें- बिहार में चुनाव जीतना है तो गठबंधन जरूरी या मजबूरी? आंकड़ों में समझ लीजिए 

वहीं जीतन राम मांझी की पार्टी HAM को 1 सीट और उपेन्द्र कुशवाह की पार्टी RLM को 1 सीट देने पर सहमति बनी है. आजतक के हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक पशुपति पारस की पार्टी को NDA में एक भी सीट नहीं मिलेगी. इसका मतलब है कि BJP बिहार में 17 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है.

Advertisement

बताया जा रहा है कि चिराग पासवान के चाचा पशुपति पारस को राज्यपाल बनाने का प्रस्ताव दिया गया है. वहीं समस्तीपुर से सांसद प्रिंस राज को बिहार सरकार में मंत्री बनाने का ऑफर मिला है. बता दें कि प्रिंस राज चिराग पासवान के चचेरे भाई हैं. पिता रामचंद्र पासवान की मृत्यु के बाद प्रिंस राज समस्तीपुर से उपचुनाव जीतकर सांसद बने थे, लेकिन साल 2021 में लोक जनशक्ति पार्टी टूट गई और प्रिंस राज पशुपति पारस के खेमे में चले गए थे.

Advertisement