केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं. फोटो. ट्विटर.
ममता बनर्जी सरकार के तख्तापलट की तैयारी अभी से शुरू हो गई है. अभी लोकसभा चुनाव निपटे नहीं हैं. और भाजपा ने इसका ऐलान भी कर दिया है. केंद्र सरकार में मंत्री हैं एसएस अहलूवालिया. भाजपा ने उनको इस बार बर्दवान-दुर्गापुर से अपना उम्मीदवार बनाया है. इससे पहले वे दार्जिलिंग से सांसद थे. वहां से उनका टिकट काट दिया गया है. अहलूवालिया अब नए क्षेत्र से किस्मत आजमा रहे हैं. और वहां चुनाव प्रचार शुरू करते ही उन्होंने विवादित बयान दे दिया है. उन्होंने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव में भाजपा को पश्चिम बंगाल में ज्यादा सीटें मिली तो 6 महीने के भीतर मोदी सरकार से बोलकर विधानसभा चुनाव कराएंगे.
एसएस अहलूवालिया केंद्र सरकार में पेयजल और स्वच्छता राज्यमंत्री हैं. फाइल फोटोऔर क्या बोले अहलूवालिया?
केंद्रीय मंत्री अहलूवालिया बर्दवान शहर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. इसी रैली में उन्होंने कहा कि-
ममता बनर्जी की सरकार अराजकता की सरकार है. ममता बनर्जी और उनके नेताओं को ये बात मालूम है कि अगर राज्य में फ्री एंड फेयर चुनाव हुआ तो उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा. इसलिए वे चुनाव में गड़बड़ी करके छापा वोट करते हैं. लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि ये कोई पंचायत, निगम या मुख्यमंत्री का चुनाव नहीं है. महज 42 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली ममता बनर्जी पता नहीं कहां से प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रही हैं. आप लोग मोदी सरकार को जिताइए. और अगले 6 महीने के अंदर हम राज्य की इस संत्रास्वादी (आतंक की) सरकार को... यहां चुनाव कराकर हरा देंगे.
सभा के बाद पत्रकारों ने जब उनके इस ऐलान पर बातचीत की और पूछा कि कैसे वे एक बहुमत वाली सरकार को हटा देंगे? इसके जवाब में उन्होंने फिर कहा कि संविधान में इसके लिए कानून है. इस मौके पर सीपीएम, टीएमसी और दूसरे पार्टियों के करीब 100 कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हुए.
कौन हैं एसएस अहलूवालिया?
एसएस अहलूवालिया केंद्र सरकार में पेयजल और स्वच्छता राज्यमंत्री हैं. वे पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग से भाजपा के सांसद हैं. पार्टी के सीनियर नेताओं में एक माने जाते हैं. अहलूवालिया साल 1986 में पहली बार राज्यसभा सांसद बने थे. उसके बाद से भाजपा में लगातार अलग-अलग पदों पर रहे. जुलाई 2016 में उनको केंद्र सरकार में राज्यमंत्री की शपथ दिलाई गई थी. पार्टी ने इस बार उनको बर्दवान-दुर्गापुर से प्रत्याशी बनाया है. उम्मीदवार बनाए जाने के बाद अहलूवालिया ने कहा था कि इस क्षेत्र में उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे महत्वपूर्ण सबक सीखे हैं. मैंने अपने छात्र जीवन के दिन यहां बिताए. मैं बर्धमान विश्वविद्यालय में छात्र कार्यकर्ता था. मेरी उम्मीदवारी इस जगह के लोगों की सेवा करने का मेरे लिए एक अवसर है.
वीडियोः बाबा साहब अंबेडकर के वारिस पीएम मोदी को झूठा और चोर क्यों कह रहे हैं?