The Lallantop

बाबा रामदेव जनहित में चाहते हैं कि प्रियंका गांधी पीएम मोदी के ख़िलाफ चुनाव लड़ें

बाबा रामदेव ने बताया प्रियंका-मोदी के आमने-सामने लड़ने से जनता को क्या फायदा होगा!

Advertisement
post-main-image
बाबा का 2019 के चुनाव में पहला बड़ा बयान आया है.
2014 के मुकाबले इस चुनाव में अबतक बाबा रामदेव की ओर से कोई बड़ा सियासी बयान नहीं आया था. तकरीबन आधा चुनाव निपट गया लेकिन बाबा ने 2014 की तरह खुलेआम किसी का समर्थन नहीं किया है. 26 अप्रैल को आखिरकार पत्रकारों से सामना हो ही गया. अब माइक बाबा के पास हो तो कुछ हटके बयान तो आएगा ही. बाबा रामदेव पटना में थे. बाबा ने कहा-
प्रियंका गांधी अगर बनारस से चुनाव लड़तीं तो वहां अच्छी फाइट होती
बाबा ने इस फाइट के लिए क्रिकेट मैच के एक वर्ज़न का उदाहरण करते हुए कहा-
अगर प्रियंका मोदी के खिलाफ बनारस से लड़तीं तो लोग टी-20 मैच की तरह इस सीट पर होने वाले मुकाबले में इंटरेस्ट लेते. और अगर इस लड़ाई में कांग्रेस को मायावती और अखिलेश का साथ मिलता तो लड़ाई ऐतिहासिक हो जाती
2014 में नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी का खुल्लम-खुल्ला समर्थन करने वाले बाबा रामदेव इस बार इतना ज़ोर-शोर से समर्थन नहीं कर रहे. जब उनसे पीएम मोदी का बारे में पूछा गया तो बाबा मोदी का तारीफ़ करने से नहीं चूके. बाबा ने मोदी की तुलना हिमालय से की है. बाबा ने कहा-
पीएम मोदी का कद हिमालय जैसा है. उनके सामने बाकियों का कद बेहद छोटा है. हम वैचारिक तौर पर न किसी से दूर हैं और न ही किसी के नजदीक हैं, लेकिन मौजूदा नेताओं में मोदी का नाम सबसे ऊपर है.
मोदी विरोधियों को भी जवाब दिया बाब रामदेव ने कहा
2019 का चुनाव काफी अहम है. ये चुनाव अगले 20-25 साल के लिए देश का भविष्य तय करेगा. कुछ लोग व्यक्तिगत रूप से खिन्न हो सकते हैं, हो सकता है कि कुछ लोगों की आकांक्षाएं पूरी नही हुई हों, लेकिन ये बात सत्य है कि पीएम मोदी में भारत को मजबूत करने का पागलपन है. देश में कुछ लोग पिछड़ों की राजनीति करते हैं, लेकिन वो अति पिछड़ा हैं. मेरा मानना है कि सभी के लिए न्याय होना चाहिए.
बाबा बातों-बातों में किस न्याय की बात कर रहे हैं, पीएम मोदी वाले न्याय की या कांग्रेस वाली 'न्याय स्कीम' की, ये तो वही जानें. बहरहाल, बाबा ने कहा की उन्होंने लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को हाल ही में आशीर्वाद दिया है. देखते हैं बाबा का आशीर्वाद कब फलीभूत होता है. ;)
वीडियो- 'मुंगेर में कोर्ट की जरूरत नहीं, अनंत सिंह ही कोर्ट हैं'

Advertisement
Advertisement