The Lallantop

यूपी-उत्तराखंड-गोवा में जीतेगी ये मोटी पार्टी, पंजाब उसका जिसका अंदाजा किसी को न था

वोटिंग-2017 से ठीक पहले का सबसे बड़ा और आखिरी सर्वे आ गया है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
इंडिया टुडे-एक्सिस चार राज्यों के विधानसभा चुनावों पर सर्वे लेकर आया है. मतदान शुरू होने से पहले का ये आखिरी सर्वे मान सकते हैं. इसमें मतदाताओं के रुझान का पता चल रहा है. हालांकि कोई भी सर्वे सौ प्रतिशत सही होने का क्लेम नहीं कर सकता, पर अंदाजा लगाने की एक जुझारू कोशिश है. आइए जानते हैं इस सर्वे के नतीजेः

1. उत्तर प्रदेश - भाजपा जीतेगी

यूपी में अब माहौल भाजपा से खिसककर सपा-कांग्रेस गठबंधन की तरफ जा रहा है. ये पता चला इंडिया टुडे-एक्सिस के सबसे नये सर्वे में. इससे पहले इन्होंने दिसंबर में सर्वे कराया था. इनके मुताबिक भाजपा तब से लेकर अब तक 25 सीटें खो चुकी है. पर अभी चुनाव कराएं तो भाजपा को 180-191 सीटें मिलेंगी. सपा-कांग्रेस 168-178 सीटें पाएंगे. बसपा को सबसे ज्यादा घाटा हुआ है. 40 सीटें खो चुकी है ये पार्टी. इनके मुताबिक बसपा को वोट परसेंटेज 26 से गिरकर 20.1 हो गया है. सपा-कांग्रेस के 33.2 परसेंट वोट हैं. भाजपा के 34.8 परसेंट वोट हैं. यूपी में पाया गया है कि दिसंबर में 72 परसेंट यादव सपा को वोट कर रहे थे. पर अब ये बढ़कर 82 परसेंट हो गया है. इसी तरह दिसंबर में 71 परसेंट मुस्लिम सपा के लिए वोट कर रहे थे. पर अब ये 74 परसेंट हो गया है. वहीं भाजपा का ओबीसी प्रजेंस 53 परसेंट से बढ़कर 56 परसेंट हो गया है. अपर कास्ट में भी इनका शेयर 61 से बढ़कर 68 हो गया है. ओपिनियन पोल के मुताबिक भाजपा पूर्वांचल में ज्यादा आगे हैं. वहीं वेस्ट यूपी में सपा-कांग्रेस आगे हैं. सेंट्रल यूपी में सपा-कांग्रेस आगे हैं. बसपा 81 में से 3 सीटों पर ही आगे है. बुंदेलखंड में भाजपा सबसे ऊपर है.
पर लल्लनटॉप का मानना है कि ये सर्वे सब कुछ बयान नहीं करता है. हमारी भी ग्राउंड रिपोर्ट आ रही है. बसपा को कतई दरकिनार नहीं किया जा सकता. बसपा के वोटर शांत हैं, पर हार नहीं माने हैं. अगर आप सीटों पर उनके कैंडिडेट देखें तो पाएंगे कि बहुत सी सूझबूझ के साथ उतारे गए हैं जो कि इस राजनीतिक घमासान में किसी को भी हरा सकते हैं. 2007 का चुनाव तो सबको याद होगा ही.

2. उत्तराखंड - यहां भी भाजपा

वहीं उत्तराखंड में सर्वे के मुताबिक भाजपा 40-44 सीटों पर आगे है. कांग्रेस 23-27 सीटों पर है. ये मानने वाली बात है. क्योंकि पिछले चुनाव में दोनों पार्टियों में सिर्फ एक सीट का अंतर था. इस बार कांग्रेस में टूट भी हुई है. और भाजपा का कद भी बढ़ा है. तो यहां पर भाजपा को फायदा होता तो दिख रहा है.

3. पंजाब - कांग्रेस. राहुल गांधी को बधाई!

पंजाब में सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी को 41 सीटें मिल रही हैं. कांग्रेस को 62 सीटें मिल रही हैं. अकाली दल-भाजपा को 13 सीटें मिल रही हैं. पर अरविंद केजरीवाल की बॉडी लैंग्वेज देख के ऐसा नहीं लग रहा है. उनका तो दावा है कि वो सरकार बना रहे हैं. बाकी पार्टियां जनता से कह रही हैं कि हमको सरकार बनाने दीजिए. आपका फायदा होगा. हालांकि पिछले कुछ वक्त में केजरीवाल का जनाधार थोड़ा खिसका है.

4. गोवा - भाजपा का बोलबाला

गोवा में भाजपा 22-25 सीटें जीत रही है. आम आदमी पार्टी 1-2 सीटें. कांग्रेस 12-14. यहां पर भी बड़ा रोचक मुकाबला है. पर अरविंद केजरीवाल तो ये बात भी नहीं मानेंगे. खैर, चारों राज्यों में चुनाव बहुत रोचक होने वाला है. क्योंकि इस बार मुद्दे बहुत गंभीर हैं. सोशल मीडिया के चलते जनता भी बहुत एक्टिव है.
ये भी पढ़िएः

आज चुनाव हो जाएं तो प्रचंड बहुमत से जीतेगी भाजपा

Advertisement
Advertisement