वीडियोः गौतम गंभीर को बीजेपी ने पूर्वी दिल्ली से कैंडिडेट बनाया है
गौतम गंभीर के चुनाव लड़ने के चक्कर में मुसीबत में फंस गए दिल्ली मेट्रो के बड़े अधिकारी
ऐसा फंसे कि अब जवाब देते नहीं बन रहा है.
Advertisement

गौतम गंभीर ने 22 मार्च को पार्टी जॉइन की थी, 22 अप्रैल को टिकट मिल गया था.
गौतम गंभीर के चक्कर में दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (DMRC) के एमडी मुसीबत में आ गए हैं. दिल्ली मेट्रो का एक विज्ञापन अखबारों में छपा था. इसमें गौतम गंभीर की तस्वीर थी. इसे चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना है. और DMRC के MD मंगू सिंह को नोटिस जारी कर दिया है. अब दिल्ली मेट्रो के एमडी मंगू सिंह को जवाब देना पड़ेगा.
क्या हुआ ऐसा? दिल्ली मेट्रो ने बीते दिनों अखबार में एक विज्ञापन दिया. ये विज्ञापन कई अखबारों में प्रकाशित हुआ. इस विज्ञापन में गौतम गंभीर की तस्वीर छपी थी. गौतम गंभीर इस वक्त लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं. भाजपा ने उनको पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाया है. इसी के बाद चुनाव आयोग ने इस विज्ञापन का संज्ञान लिया. कहा जा रहा है कि पूर्वी दिल्ली के चुनाव अधिकारी (रिटर्निंग अफसर) के. महेश ने इस बाबत दिल्ली मेट्रो के एमडी को नोटिस दे दिया है. चुनाव चुनाव अधिकारी ने डीएमआरसी को चुनाव आयोग को मीडिया सर्टिफिकेट और मॉनिटरिंग कमेटी के सामने दस्तावेज रखने को कहा है. ये दस्तावेज दो मई तक जमा करने होंगे. इसके बाद आयोग इस पर फैसला लेगा. गंभीर को भी मिल चुका है नोटिस इससे पहले गौतम गंभीर को खुद भी चुनाव आयोग से एक नोटिस मिल चुका है. गौतम गंभीर ने 25 अप्रैल के दिन जंगपुरा इलाके में एक चुनावी सभा की थी. इसके लिए आयोग से कोई इजाजत नहीं ली गई थी. इसके बाद ही चुनाव अधिकारी ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी थी. अब गंभीर की वजह से दिल्ली मेट्रो के एमडी की मुसीबत बढ़ गई है. पूर्वी दिल्ली में भाजपा के गौतम गंभीर और आम आदमी पार्टी की आतिशी मर्लेना के बीच मुकाबला माना जा रहा है. कांग्रेस पार्टी ने यहां से अरविंदर सिंह लवली को चुनाव मैदान में उतारा है. आतिशी मर्लेना गौतम गंभीर को लगातार अलग-अलग मुद्दों पर घेर रही हैं और तीन हेवीवेट कैंडिडेट की वजह से पूर्वी दिल्ली का चुनाव लगातार दिलचस्प होता जा रहा है.
वीडियोः गौतम गंभीर को बीजेपी ने पूर्वी दिल्ली से कैंडिडेट बनाया है
वीडियोः गौतम गंभीर को बीजेपी ने पूर्वी दिल्ली से कैंडिडेट बनाया है
Advertisement













