The Lallantop

चुनाव आयोग ने BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कराई, मंदिर में जूते बांटे थे

AAP द्वारा X पर शेयर किए गए एक वीडियो में प्रवेश बुजुर्ग महिलाओं को जूते पहनाते और उनका आशीर्वाद मांगते नजर आ रहे हैं. इसके बाद नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी ने मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन को एक पत्र लिखा. इसमें भाजपा नेता के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई.

Advertisement
post-main-image
रिटर्निंग अधिकारी की शिकायत का संज्ञान लेते हुए भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. (फोटो- X)

चुनाव आयोग ने पूर्व सांसद और दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से भाजपा के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की है. प्रवेश पर एक मंदिर में लोगों को जूते बांटकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है. इसी को लेकर FIR दर्ज की गई है. प्रवेश वर्मा नई दिल्ली सीट से AAP मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

AAP द्वारा X पर शेयर किए गए एक वीडियो में प्रवेश बुजुर्ग महिलाओं को जूते पहनाते और उनका आशीर्वाद मांगते नजर आ रहे हैं. उनके समर्थक ‘प्रवेश वर्मा अमर रहें’ के नारे लगा रहे हैं. नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मंदिर मार्ग के पास बने वाल्मीकि मंदिर परिसर में शूट किए गए वीडियो को पोस्ट करते हुए AAP ने लिखा,

"क्या चुनाव आयोग को लोकतंत्र की हत्या होती नहीं दिख रही है? एक तरफ नई दिल्ली विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा खुलेआम सड़कों पर जूते बांट रहे हैं. फोटो खिंचवा रहे हैं और वीडियो शूट करवा रहे हैं. दूसरी तरफ जिला चुनाव अधिकारी (DM) कह रहे हैं कि ऐसा कुछ नहीं हो रहा है. अगर चुनाव आयोग आचार संहिता के खुले उल्लंघन के इस वीडियो पर कार्रवाई नहीं करता है तो चुनाव और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का क्या मतलब है?"

Advertisement

इस मामले में एक वकील की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी ने मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन को एक पत्र लिखा. इसमें भाजपा नेता के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक रिटर्निंग ऑफिसर ने शिकायत में लिखा,

"जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123 (1) (A) के अनुसार, किसी उम्मीदवार या उसके एजेंट या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उम्मीदवार या उसके चुनाव एजेंट की सहमति से किसी व्यक्ति को कोई उपहार, प्रस्ताव या वादा करना भ्रष्ट आचरण के अंतर्गत आता है."

शिकायत में आगे कहा गया,

Advertisement

"इसलिए मामले की तत्काल जांच की जाए और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए उचित कार्रवाई की जाए, तथा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123 के तहत कार्रवाई शुरू की जाए."

रिटर्निंग अधिकारी की शिकायत का संज्ञान लेते हुए भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. प्रवेश दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र हैं. वो पश्चिमी दिल्ली से दो बार सांसद रह चुके हैं.

बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग होनी है. चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आएंगे.

वीडियो: AAP से BJP में शामिल हुए कपिल मिश्रा को टिकट, भाजपा की दूसरी लिस्ट आई

Advertisement