भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली यूनिट ने 25 मई को होने वाली लोकसभा चुनाव की वोटिंग से पहले चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर (CEO) से मुलाकात की. दिल्ली BJP ने मांग की है कि चुनाव के दौरान बुर्का पहने महिलाओं का उचित वेरिफिकेशन किया जाए (BJP burqa women voters). इससे पहले बीजेपी कैंडिडेट माधवी लता का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो खुद ही एक वोटिंग बूथ पर आई महिला वोटर का बुर्का उठाती दिखी थीं. इसे लेकर काफी विवाद हुआ था.
दिल्ली में वोटिंग से पहले BJP ने बुर्का वाली वोटरों को लेकर चुनाव आयोग से क्या मांग की?
दिल्ली भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर को दिए ज्ञापन में मांग की है कि दिल्ली में वोटिंग के लिए आने वाली बुर्का पहने महिला मतदाताओं का उचित वेरिफिकेशन किया जाए.

अब दिल्ली BJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के CEO से 22 मई को मुलाकात की. इस प्रतिनिधिमंडल में विधायक अजय महावर और मोहन सिंह बिष्ट, प्रदेश सचिव किशन शर्मा और वकील नीरज गुप्ता शामिल थे. CEO को दिए ज्ञापन में मांग की गई कि दिल्ली में वोटिंग के लिए आने वाली बुर्का पहने महिला मतदाताओं का उचित वेरिफिकेशन किया जाए.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले विधायक अजय महावर ने बताया,
"जो लोग बुर्का या फेस मास्क पहनकर मतदान करने आते हैं, उन्हें पूरी जांच के बाद ही मतदान करने की अनुमति दी जानी चाहिए. एक महिला अधिकारी या महिला पुलिस अधिकारी को ऐसे लोगों की जांच करनी चाहिए."
महावर ने आगे कहा कि दिल्ली समेत पड़ोसी राज्यों में किसी भी तरह की धांधली या फर्जी वोटिंग नहीं होनी चाहिए.
CEO ने मुलाकात के बाद दिल्ली BJP प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि वो किसी भी प्रकार की फर्जी वोटिंग होने से रोकेंगे. साथ ही ये भी कहा कि इस मामले में कानूनी विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा.
दिल्ली BJP की तरफ से ये कदम एक वीडियो के सामने आने के बाद उठाया गया है. कुछ दिनों पहले हैदराबाद लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार माधवी लता का एक वीडियो सामने आया था. वीडियो में वो एक मतदान केंद्र पर मुस्लिम महिला मतदाताओं की पहचान की जांच करती नजर आ रही थीं.
वीडियो में माधवी लता को विशेष रूप से बुर्का पहने मुस्लिम महिलाओं की जांच के लिए उनका 'नकाब' या चेहरा ढकने वाला पर्दा हटाने के लिए कहते हुए सुना गया था. हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने माधवी लता के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
वीडियो: दिल्ली के उपराज्यपाल का आदेश- घर पर क्वारंटीन हुए कोरोना मरीजों का वेरिफिकेशन होगा











