हाल में समाजवादी पार्टी ने एक ऐसा चुनावी वादा किया जो काफी चर्चा में रहा. सपा ने एक ट्वीट कर बताया कि उनकी सरकार बनने के बाद अगर यूपी में सांड की टक्कर से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो उसके परिवार को 5 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. ये सवाल दी लल्लनटॉप के खास चुनावी शो ‘जमघट’ में भी उछला. इस शो में हम चर्चित नेताओं का इंटरव्यू कर उनसे आपसे जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछते हैं. और बात करते हैं चुनावी सियासी सरगर्मी की.
गोकशी और बूचड़खानों का क्या होगा? अखिलेश बोले- भाजपा वालों को पाप लगेगा
सांड की टक्कर से मौत होने पर 5 लाख का मुआवजा देने के वादे पर अखिलेश क्या बोले?

जमघट में इस बार इंटरव्यू लिया गया समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav Lallantop Interview) का. इसमें अखिलेश के चुनावी वादों और रणनीति को लेकर कई सवाल पूछे गए. इनमें सांड की टक्कर से मरने पर 5 लाख रुपये देने का वादा भी शामिल था. इस मुद्दे पर अखिलेश ने सीएम योगी को जमकर घेरा, जब उनसे पूछा गया,
आपका चुनावी वादा है कि अगर सांड से टकराकर किसी की मौत होती है तो सपा की सरकार बनने पर 5 लाख मुआवजा दिया जाएगा. सीएम योगी अपने इंटरव्यू में कहते हैं कि गाय हमारी आस्था का प्रतीक है, बीजेपी सरकार ने सारे अवैध बूचड़खाने बंद कराए हैं, गोकशी पर रोक लगी है. फिर एक सवाल आता है कि अगर अखिलेश आएंगे तो गौशाला को लेकर, अवैध बूचड़खानों या गोकशी की समस्या को लेकर उनका क्या रुख होगा?
जवाब-
मुख्यमंत्री जी से अच्छा झूठ कोई नहीं बोल सकता. उन्होंने पिछले चुनावभर कहा कि सभी बूचड़खाने बंद कर देंगे, फिर चुनाव बाद अवैध की बात कहां से आई. सबसे ज्यादा मांस का एक्सपोर्ट इनकी सरकार में बढ़ा है. इनके घर में गाय है या नहीं मुझे नहीं पता, लेकिन आप आज भी हमारे घर चले जाइए, आपको गाय मिलेगी. हम पहली रोटी गाय को खिलाते हैं. बीजेपी पर सबसे ज्यादा पाप पड़ेगा, इनकी सरकार में जितनी गाय माता भूखी मरी हैं, उतनी कभी नहीं मरीं. इन पर इस बार गाय माता का भी पाप पड़ने वाला है. मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि सपा सरकार आने पर इस पर विचार किया जाएगा कि और कौन से बेहतर काम किए जाएं जिससे गाय की देखभाल हो सके.
अखिलेश ने कहा कि डेटा उठाकर देखा जा सकता है कि सांड की टक्कर से कितनी मौतें हुई हैं.जहां तक सांड से मरने की बात है तो प्रदेश में सांड की वजह से कई एक्सीडेंट हुए हैं. एक बार तो मैं ही एक्सप्रेस वे पर बच गया था सांड से एक्सीडेंट होते-होते. एक्सप्रेस वे पर पता नहीं कहां से जानवर आ गए, मैंने रोककर वहां के सिक्योरिटी गार्ड से कहा कि तुम यहां क्या कर रहे हो, हम तो बच गए लेकिन और लोग कैसे बचेंगे? न जाने कितने लोगों के एक्सीडेंट हुए हैं एक्सप्रेस वे पर सांड की वजह से, न जाने कितने लोगों की जान गई है. सांड़ों ने मार-मारकर कई किसानों को जान से मार दिया. इस सबका जिम्मेदार कौन है? मैंने वीडियो देखे कि गोरखपुर की सड़कों पर सांड लड़ रहे हैं, इसीलिए मैंने कहा है कि सांड से एक्सीडेंट होने पर मैं परिवारजनों को 5 लाख का मुआवजा दूंगा.













