पिछले हफ्ते इंडियन कार मेकर टाटा ने Tata Aeris लॉन्च की. हमेशा की तरह कंपनी ने शानदार लॉन्च इवेंट रखा. Tata Aeris के ऊपर हैरियर रखकर उसकी मजबूती की झलक दिखाई. यहां तक तो सब ठीक है. मगर जब आप इस कार के सेगमेंट पर नजर डालेंगे तो पक्का चौंक जाएंगे. Tata Aeris एक Sub-4 Metre सेडान है. सेडान वो भी 2026 में, वो भी इंडिया में. वो भी 5.29 लाख रुपये (एक्स शोरूम) में. वो भी तब जब उसकी दूसरी सेडान Tigor की साल 2025 में महज 1,296 यूनिट्स की बिक्री हुई. आखिर टाटा को हुआ क्या है?
Tata Aeris या Maruti Swift Dzire: कौन सी कार है असली 'से-डॉन'?
देश में तकरीबन खत्म हो चुके सेडान सेगमेंट में टाटा ने Tata Aeris लॉन्च की है. जिस सेगमेंट में उसकी दूसरी सेडान Tigor की साल 2025 में महज 1,296 यूनिट्स बिकी थीं, उसमें एक नई कार लॉन्च करने का क्या मतलब? आखिर टाटा (Tata Aeris vs Maruti Swift Dzire) को हुआ क्या है?

भारत की सड़कों पर एक समय Sedan कारों का जलवा हुआ करता था. ये लग्जरी और रईसी का सिंबल मानी जाती थीं. लेकिन आज सेडान कार सड़कों पर तो दूर सड़क किनारे भी इक्का-दुक्का ही नजर आती हैं. हालांकि रोड को पकड़कर चलने में आज भी इनका कोई मुकाबला नहीं. मगर इन कारों का सड़कों पर कम दिखने का सबसे बड़ा कारण इंडियन कस्टमर का बड़ी गाड़ियों की तरफ झुकाव है. इसी झुकाव या लालच का फायदा कार मेकर्स ने उठाया और मार्केट में सस्ती SUV की लाइन लगा दी. इन्हें SUV ना कहकर Compact SUV कहना ज्यादा ठीक होगा. मार्केट में 6 लाख से 12 लाख रुपये के बीच कई Compact SUV आसानी से मिल जाएंगी. Compact SUV के प्रेम के बारे में हमने पहले बताया है. आप नीचे दिए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं. अपन वापस लौटते हैं Tata Aeris पर.
ये भी पढ़ें: जिस गाड़ी को आप SUV समझ खरीद लाए हैं, असल में वो तो...
कुल 5 वेरिएंट्स: स्मार्ट, प्योर, प्योर प्लस, क्रिएटिव, और अकंप्लिश्ड में उपलब्ध है. टाटा एरिस स्मार्ट सिर्फ दो पेट्रोल और सीएनजी पावरट्रेन ऑप्शन के साथ उपलब्ध है. एरिस का रियर डिजाइन काफी साफ-सुथरा और आधुनिक है, और अच्छी बात यह है कि स्मार्ट वेरिएंट में भी इसे बरकरार रखा गया है. इसका सबसे बड़ा आकर्षण कनेक्टेड एलईडी लाइटिंग सेटअप है, जो आजकल की महंगी कार में देखने को मिलता है. महंगी कारों वाला फ्रंट सीट्स में फैब्रिक अंडर-थाई सपोर्ट इस कार के बेस मॉडल में ही मिल जाएगा. इसमें बड़ा 10.25-इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, इन-बिल्ट डैशकैम, रेन-सेंसिंग वाइपर, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर और पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. परिवार के साथ पड़ोसी का सामान रखने के लिए 419 लीटर का बूट स्पेस भी है.
टाटा एरिस में भी 1.2-लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 85 बीएचपी की पावर और 113 न्यूटन मीटर का टॉर्क (सीएनजी पर 74 बीएचपी) पैदा करता है. टाटा की कार माने असल का लोहा माने सेफ्टी की चिंता नहीं. एरिस में भी स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी प्रोग्राम (ESP), हिल होल्ड कंट्रोल, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं. टाटा एरिस की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.29 लाख रुपये है और यह टॉप वेरिएंट के लिए 9.74 लाख रुपये तक जाती है. ठीक बात है, मगर जब सेडान का चलन नहीं के बराबर है तो फिर क्या मतलब.
इंडिया में हर तरह की कारों का कारोबार एक तरफ, और दूसरी तरफ है SUV की आंधी में शान से खड़ी Maruti Swift Dzire. इस सेडान का जलवा रत्ती भर भी कम नहीं हुआ है. Dzire का ‘Desire’ बिल्कुल कम (The last standing Sedan on Indian roads) नहीं हो रहा है. जब भी मासिक और साल के बिक्री के आंकड़े आते हैं तो Swift Dzire सबसे आगे होती है.
इस सेडान कार के बेस वेरिएंट की कीमत 6.62 लाख रुपये (एक्स शोरूम) है. 25 से 30 किलोमीटर माइलेज का दावा कंपनी करती है और इसके आसपास मिल भी जाता है. सीएनजी में तो मीटर 35km/l तक जाता है. आदर्श फ्यूल एफिशिएंट कार है. Maruti Suzuki Dzire ने वो कर दिखाया है जो भारत के कार इतिहास में सिर्फ एक बार ही हुआ था. साल 1985, जब मारुति इंडिया की सड़कों पर नजर आई थी तब से आज तक इंडिया में सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में सेडान सिर्फ एक बार टॉप पर रही है. मगर साल 2025 में ऐसा फिर हुआ. Dzire पिछले साल सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही.
टाटा शायद यही मार्केट कब्जा करना चाहती है. Maruti Suzuki Dzire के बेस मॉडल से Tata Aeris का बेस मॉडल 1 लाख सस्ता है. जहां मारुति डिजायर का डिजाइन एक मैच्योर और फैमिली-ओरिएंटेड सेडान का लुक देता है, वहीं टाटा एरिस कंपनी की मिनिमलिस्ट और मॉडर्न डिजाइन लैंग्वेज पर बेस्ड है. फीचर्स के मामले में टाटा एरिस डिजायर से काफी आगे है. जैसे डिजायर के केबिन में 9-इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम लगा है तो टाटा में 10.25-इंच.
सब बातों से इतर, टाटा एरिस पर टैक्सी होने का ठप्पा नहीं है जो डिजायर के साथ चिपक गया है. ऐसे में टाटा की तैयारी तो तगड़ी लगती है. बाकी फ्यूचर बताएगा कौन आगे जाएगा.
वीडियो: E20 Protest में पहुंचे तहसीन पूनावाला, Delhi Police ने हिरासत में लिया













