The Lallantop

आ गया ट्विटर का नया मालिक, जानिए कौन हैं श्रीराम कृष्णन?

लोग एलन मस्क से कह रहे- "इस आदमी को CEO बना डालो!"

Advertisement
post-main-image
ट्विटर का नया सीईओ भारत से होगा क्या (image credit-twitter)

एलन मस्क (Elon Musk) ने भले ट्विटर का मालिकाना हक मिलते ही CEO पराग अग्रवाल सहित कई बड़े अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया हो, लेकिन इस गेम में अब एक और भारतीय की एंट्री हो गई है. खबरें हैं कि श्रीराम कृष्णन (Sriram Krishnan) ट्विटर में एलन मस्क की मदद कर रहे हैं. इतना ही नहीं, कई बड़ी हस्तियों ने तो श्रीराम को नया CEO बनाने की बात भी कह दी है. आपके मन में सवाल होगा कि आखिर कौन हैं ये मिस्टर कृष्णन. अभी क्या करते हैं और ट्विटर में क्या करने वाले हैं. सारे सवालों के जवाब हमने आपके लिए तलाशे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
कौन हैं श्रीराम?

श्रीराम कृष्णन एक निवेशक हैं. ऐसा उनकी की सोशल मीडिया प्रोफाइल बताती है. वो क्रिप्टो और वेब 3 जैसी चीजों में पैसा लगाते हैं. कृष्णन की पत्नी आरती राममूर्ति भी इन्वेस्टर हैं. दोनों Aarthi and Sriram's GoodTime Show नाम से पॉडकास्ट शो भी होस्ट करते हैं. चेन्नई में जन्मे श्रीराम ने वहां के प्रतिष्ठित SRM इंजीनियरिंग कॉलेज से इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की पढ़ाई की है. साल 2005 में ग्रेजुएशन पूरी होने के बाद श्रीराम अमेरिका चले गए.

अभी क्या करते हैं?

आज की तारीख में श्रीराम इन्वेस्टमेंट फर्म Andreesen Horowitz में पार्टनर हैं. इसे "a16z" के नाम से जाना जाता है. माइक्रोसॉफ्ट में प्रोग्राम मैनेजर के तौर पर काम करने के बाद 2007 में श्रीराम ने फेसबुक जॉइन किया था. यहां पर वो 'फेसबुक ऑडियंस नेटवर्क' सेक्शन में काम करते थे. उन्होंने स्नैप चैट के साथ भी काम किया हुआ है.

Advertisement
ट्विटर से क्या याराना है?

ट्विटर की बात करें तो श्रीराम ने इस माइक्रो ब्लॉगिंग साइट के लिए सीनियर डायरेक्टर प्रोडक्ट के तौर पर काम किया. यहां उन्होंने यूजर्स के असल अनुभव को बेहतर करने पर काम किया और ऐप के होम पेज को भी दोबारा से डिजाइन किया. उन्होंने क्लब हाउस ऐप पर भी गुड टाइम शो को होस्ट किया. दिसंबर 2020 में शो को होस्ट करने के बाद कुछ ही महीनों में उसे पौने दो लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स मिले. इनमें पेरिस हिल्टन जैसी शख्सियत भी शामिल थी. साल 2022 में कृष्णन दंपती का शो यूट्यूब पर भी आना स्टार्ट हुआ. शो पर खुद एलन मस्क, मार्क जुकरबर्ग, कानये वेस्ट जैसे मशहूर लोग आ चुके हैं.

इन दिनों श्रीराम के चर्चा में होने की वजह उनका एक ट्वीट है. हाल में उन्होंने ट्विटर पर लिखा था,

मैं अस्थायी तौर पर कुछ और महान लोगों के साथ एलन मस्क की मदद कर रहा हूं.

Advertisement

श्रीराम के ट्वीट के साथ ही लोगों ने अनुमान लगाना शुरू कर दिया था कि क्या वो ट्विटर में वापस आने वाले हैं. शार्क टैंक इंडिया के जज रहे अनुपम मित्तल ने तो मस्क से उनको तुरंत CEO बनाने की मांग कर डाली. अनुपम ने श्रीराम को CEO बनाने के साथ Twitcoin लॉन्च करने के लिए भी कहा. 

बहरहाल ये देखना वाकई में दिलचस्प होगा की चेन्नई के श्रीराम कृष्णन का ट्विटर के भविष्य में क्या रोल होगा.

वीडियो: ट्विटर CEO पराग अग्रवाल की नौकरी किस वजह से चली गई?

Advertisement