The Lallantop

'ट्रंप ने हताश होकर समझौता किया', US-ईरान डील पर पहली बार बोले मोजतबा खामेनेई

ईरान के सुप्रीम लीडर Mojtaba Khamenei ने दावा किया है कि समझौता करने के लिए बेताब Donald Trump ने हर तरह के दबाव का इस्तेमाल किया. उन्होंने साफ कहा कि ईरान दबाव में झुककर समझौता नहीं करेगा.

Advertisement
post-main-image
US-ईरान डील पर डिजिटल साइन होने के बाद मोजतबा खामेनेई की पहली प्रतिक्रिया आई है. (फाइल फोटो: ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के प्रति अपने बयान में कहा कि ट्रंप समझौता करने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाते रहे।
  • ईरान और अमेरिका के बीच विवाद को समाप्त करने के लिए, दोनों देशों के नेताओं ने एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
  • समझौते के बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास की नाकेबंदी बंद कर दी है, जिससे क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही बढ़ेगी।

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप पर निशाना साधा है. उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति समझौते के लिए ‘बेताब’ थे और इसे हासिल करने के लिए उन्होंने ‘हर तरह के हथकंडे’ अपनाए. एक दिन पहले ही डॉनल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने एक ‘मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ (MoU) पर दस्तखत किए हैं. यह कदम दोनों देशों के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए उठाया गया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
मोजतबा खामेनेई ने क्या कहा?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई ने गुरुवार, 18 जून को एक बयान जारी किया. इस बयान में उन्होंने ईरानी लोगों से कहा कि शुरू में उन्होंने ‘सिद्धांत के तौर पर’ इस ​​समझौते का विरोध किया था, लेकिन बाद में राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सदस्यों से भरोसा मिलने के बाद उन्होंने अपनी मंजूरी दे दी. खामेनेई ने कहा कि उन्होंने भरोसा दिलाया था कि देश और ‘रेसिस्टेंस फ्रंट’ के हितों की रक्षा की जाएगी. आगे उन्होंने कहा, 

"जिम्मेदार अधिकारियों ने सच्ची चिंता और नेक नीयत से बहुत कोशिशें कीं. और जाहिर है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने ही हताशा में आकर इसे मुमकिन बनाने के लिए हर तरह के दबाव और साधनों का इस्तेमाल किया."

Advertisement

खामेनेई के मुताबिक, ईरानी राष्ट्रपति ने उन्हें भरोसा दिलाया कि तेहरान भविष्य में अमेरिका की किसी भी ऐसी मांग को ठुकरा देगा जिसे जरूरत से ज्यादा माना जाएगा. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वॉशिंगटन के साथ भविष्य में आमने-सामने की बातचीत का मतलब यह नहीं निकाला जाना चाहिए कि अमेरिका का रुख मान लिया गया है.

अराघची ने किया समर्थन

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने खामेनेई के मैसेज का स्वागत करते हुए कहा कि तेहरान देश के हितों की रक्षा के लिए अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल करेगा. ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, अराघची ने कहा कि विदेश मंत्रालय सुप्रीम लीडर के निर्देशों का पालन करेगा और बातचीत के अगले चरण में ईरान के अधिकारों, सम्मान और आजादी की रक्षा के लिए काम करेगा.

ये भी पढ़ें: US-ईरान डील पर ट्रंप और पेजेशकियन ने किए साइन, इन 14 प्वाइंट्स पर लगी मुहर

Advertisement
समझौते का असर शुरू

ईरान और अमेरिका ने समझौते पर अमल करना शुरू कर दिया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने गुरुवार को ऐलान किया कि उसने ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के आसपास समुद्री नाकेबंदी से जुड़े सभी ऑपरेशन रोक दिए हैं. CENTCOM ने एक बयान में कहा कि अमेरिकी सेना अब ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों में आने-जाने वाले जहाजों पर कोई रोक नहीं लगा रही है.

ईरान ने भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से कमर्शियल शिपिंग को फिर से शुरू करने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. ईरानी अधिकारियों ने कहा कि जहाजों को तेजी से गुजरने की मंजूरी मिलेगी और स्ट्रेट से गुजरने की फीस 60 दिनों के लिए माफ कर दी जाएगी.

वीडियो: मोजतबा खामेनेई ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के लिए नया प्लान बनाया?

Advertisement