अमेरिका-इजरायल के बीच की तकरार अब सबके सामने खुलकर आ रही है. ईरान डील से इजरायल खुश नहीं है. बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार में कई नेता इसपर आपत्ति जता चुके हैं. लेकिन अब अमेरिका ने तीखा जवाब दिया है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने साफ शब्दों में कहा ‘पूरी दुनिया में अमेरिका तुम्हारा इकलौता दोस्त बचा है, तुम उसी के खिलाफ खड़े हो.’ ये कहते हुए उन्होंने इजरायल को अमेरिका के एहसान भी गिनवा दिए.
अमेरिका तुम्हारा अकेला दोस्त और तुम उसे ही... जेडी वेंस ने इजरायल को अच्छे से सुनाया है
JD Vance on US-Israel rift: अमेरिका और ईरान के बीच डील को लेकर MOU साइन हो चुका है. लेकिन इजरायल के कुछ मंत्रियों ने इसका खुलकर विरोध किया है. अब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने उन्हें कड़ा जवाब दिया है. कुल मिलाकर अमेरिका और इजरायल के बीच माहौल गरम हो गया है.


अमेरिका और ईरान के बीच मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग (US-Iran MoU) साइन हो चुका है. स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज खुल गया है और अब दोनों देश परमानेंट डील के लिए बातचीत को तैयार हैं. वाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए जेडी वेंस ने इस डील को डिफेंड किया. और डील पर लगातार तंज़ कसने वाले इजरायल को तगड़ा जवाब दिया.
क्या बोले जेडी वेंस?प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा,
‘डॉनल्ड ट्रंप पूरी दुनिया में एक मात्र ऐसे नेता हैं, जो इजरायल के साथ सहानुभूति रखते हैं. अगर मैं इजरायली सरकार में मंत्री होता तो अपने एकमात्र दोस्त देश पर निशाना नहीं साधता. डॉनल्ड ट्रंप इजरायल के लिए मुसीबत नहीं हैं. और जिन्हें ऐसा लगता है कि वे हैं उन्हें जागकर अपने देश की सच्चाई देखनी चाहिए.’
अमेरिका-ईरान डील के बाद अमेरिका में प्रो-इजरायल लॉबी और इजरायल की राजनीति में हलचल मची हुई है. जेडी वेंस ने याद दिलाया कि अमेरिका लगभग 4 बिलियन डॉलर की सालाना मिलिट्री मदद इजरायल को देता है.
न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में जेडी वेंस ने कहा कि इजरायल अपनी सैन्य शक्ति से इलाके पर कब्ज़ा करना चाहता है. लेकिन ये ठीक नहीं है. उन्होंने डील पर सवाल उठाने वाले मंत्रियों को ‘फ्रीक आउट’ (घबराए हुए) कह दिया और बताया कि अमेरिका ने मिडिल ईस्ट का भरोसा जीता है.
इसके बाद इजरायली सुरक्षा मंत्री इतामार बेन ग्विर ने X पर तंज़ करते हुए लिखा,
‘ये जो प्रपोजल है… 21वीं सदीं के नाज़ियों के लिए बनाया गया है. ठीक वैसे ही जैसे 20वीं सदी में अमेरिका ने नाज़ियों के लिए एक डील की थी.’
ये भी पढ़ें: ईरान को 28 लाख करोड़ रुपये दिए जाएंगे, अब पता चला ट्रंप ये पैसा कहां से लाएंगे
लेबनान पर क्या कहा?जेडी वेंस ने बताया कि जब अमेरिका और ईरान डील के करीब पहुंचते हैं तब इजरायल कोई न कोई हमला कर देता है. डॉनल्ड ट्रंप इस बात से कई बार नाराज़ भी हुए. उन्होंने साफ़ तौर पर कहा कि ये डील मिडिल ईस्ट के हित के लिए है. इजरायल के हित के लिए है. वो इसे जितना जल्दी समझ ले उतना आसान होगा. उन्होंने बताया कि डील में हिज्बुल्लाह और इजरायल के बीच सीजफायर भी शामिल है, जिसपर दोनों को ही अमल करना होगा.
बता दें, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने एक साथ ईरान पर हमला किया था. लेकिन जब बाद में ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान कर दिया तब इजरायल ने अलग रुख अपनाया. इजरायल हमले जारी रखना चाहता था. तभी से दोनों देशों के बीच दूरियां बढ़ने लगीं. वेंस ने बताया कि बेंजामिन नेतन्याहू ने खुलकर इस डील का विरोध नहीं किया है. लेकिन उनके मंत्री इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं. एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने अभी तक वेंस के स्टेटमेंट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
वीडियो: दुनियादारी: अमेरिका-ईरान के बीच डील, इजरायल मुंह फुलाए बैठा?


















