हमारी-आपकी की इंटरनेट ऐक्टिविटी को रिकॉर्ड करने के लिए कई बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां खूब बदनाम हैं. Meta से लेकर Google, ऐप्पल से लेकर माइक्रोसॉफ्ट तक ये कांड करने में पीछे नहीं हैं. डेटा एनालिसिस, डेटा रिसर्च वगैरा-वगैरा के नाम पर हमारी निजी लाइफ में ताक-झांक करने की होड़ इन सब में है. ऐसे में अगर कोई ऐप या प्लेटफॉर्म यूजर ऐक्टिविटी को कंट्रोल करने और मॉनिटर नहीं करने की बात गलती से भी बोल दे, तो कसम से मजा ही आ जाता है. ऐसा ही कुछ किया है इंस्टाग्राम ने. लेकिन गलती से नहीं बल्कि जानबूझकर...
Instagram ने यूजर्स को डेटा सिक्योरिटी का 'मालिक' बना दिया, लेकिन अपना खेला बंद नहीं किया
Meta के मालिकाना हक वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram ने अपने यूजर्स को वेब ऐक्टिविटी ट्रेकिंग को ऑफ करने की सुविधा देने का ऐलान किया है. यूजर्स इंस्टाग्राम के अंदर 'Third Party' ऐप्स और वेबसाइट्स को डेटा कलेक्ट करने से रोक पाएंगे.

मेटा के मालिकाना हक वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने अपने यूजर्स को वेब ऐक्टिविटी ट्रेकिंग को ऑफ करने की सुविधा देने का ऐलान किया है. इससे यूजर्स इंस्टाग्राम के अंदर दूसरे ऐप्स और वेबसाइट्स को डेटा कलेक्ट करने से रोक पाएंगे. आपकी जानकारी के लिए बताते चलें कि ये फीचर मेटा के सबसे बड़े बेटे फ़ेसबुक के पास पहले से मौजूद है.
तो क्या अब प्राइवेसी पूरी तरह सेफ है?नहीं जनाब. ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं, क्योंकि इस सुविधा में थोड़ा पेच है. इंस्टाग्राम तो आपकी एक्टिविटी ट्रेक करेगा ही. इस बात को तो बॉस Adam Mosseri खुल्लम-खुल्ला स्वीकार भी चुके हैं. लेकिन इंस्टा तो आजकल बिजनेस का बड़ा प्लेटफॉर्म है. दुनिया जहान के ऐप्स और वेबसाइट यहां विज्ञापन देते हैं और अपना माल बेचते हैं.
ऐप पर दिख रहे ऐसे किसी थर्ड पार्टी विज्ञापन पर जब आप क्लिक करते हैं तो इंस्टा बाबू उसकी एक्टिविटी भी रिकॉर्ड करते हैं. मेटा इसके लिए Meta Pixel जैसे एडवांस टूल इस्तेमाल करता है. करता क्यों है उसका जवाब सभी को पता है. अब बिजनेस से ही बिजनेस बढ़ता है ना रे बाबा.
इंस्टा ने इसी एक्टिविटी को कंट्रोल करने का फीचर मुहैया करवाया है. वैसे ये फीचर अपने मन से इनेबल नहीं होगा. माने कि आपने खुद ऐप में जाकर ऐसा करना होगा. कैसे...
# अपनी इंस्टा प्रोफ़ाइल पर विजिट कीजिए.
# सेटिंग्स का रुख कीजिए.
# यहां आपको मिलेगा Activity Off-Meta Technologies.
# अपने हिसाब से ऑप्शन चुन लीजिए.
अगर फीचर नजर नहीं आता तो थोड़ा इंतजार कीजिए. धीरे-धीरे रोलआउट हो रहा है. अब आपको लगेगा इस फीचर का फायदा क्या. तो हमारे यहां एक कहावत है,
ना मामा से काना मामा अच्छा.
मतलब जो मिल रहा वो लपक लो.






















