आजकल ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब WhatsApp की तरफ से कोई नया फीचर ना आता हो. जितने फीचर आते हैं, उससे कहीं ज्यादा बीटा वर्जन में होने का पता चलता है. ऐसा लगता है कि WhatsApp को ऐप ना हुआ बाहुबली हो गया. मगर असली पिक्चर एकदम अलग है. आज भी कई बहुत काम के फीचर्स WhatsApp में नहीं हैं. और जब तक ये फीचर ऐप पर नहीं आ जाते, तब तक दिल में टीस उठने की पूरी गारंटी है. एकदम वैसी वाली फीलिंग. काश ये फीचर होता. आज हम ऐसे ही बेहद जरूरी फीचर्स पर बात करेंगे.
WhastApp में जब तक ये फीचर्स नहीं आते, तब तक फुल मौज आना मुश्किल है
Meta अगर WhatsApp में ये फीचर जोड़ दे तो यूजर्स को काफी आसानी हो जाएगी.


दुख, दर्द, दिक्कत, प्रॉब्लम, चाहे जो बोल लो लेकिन ये फीचर सबसे पहले आना चाहिए. अभी किसी के पास भी आपका नंबर गलती से भी हुआ, तो उसको पता होता है कि आप WhatsApp पर मौजूद हैं. एक मैसेज आने की तो पूरी गारंटी है. फिर भले आप उस नंबर को ब्लॉक कर दो. आप किसी धीर-गंभीर काम में मगन हो और वीडियो कॉल स्क्रीन पर फ्लैश होने लगता है. जिसको आप जानते भी नहीं. टेलीग्राम जैसे दूसरे ऐप्स पर ये फीचर पहले से मौजूद है. जब तक आप नहीं चाहोगे, तब तक कोई सोशल मीडिया का लाल आपको मैसेज नहीं कर सकता. यूजर प्राइवेसी के नाम पर कसमें खाने वाले वॉट्सऐप को अगर सच में यूजर की निजता का खयाल है, तो सबसे पहले नंबर हाइड करने का फीचर देना चाहिए.
मैसेज शेड्यूलिंगआजकल बर्थ डे, एनिवर्सरी से लेकर मीटिंग तक सब कुछ वॉट्सऐप पर होता है. ऐसे में मैसेज शेड्यूल करने की कमी बहुत खलती है. अभी पहले मीटिंग कब है, उसका मैसेज भेजो फिर स्टार्ट होने के एक घंटे पहले और आपके साथी अगर आलसी टाइप हैं, तो दो मिनट पहले भी भेजना पड़ता है. दूर की बुआ को बर्थ डे विश करने के लिए पहले से मैसेज शेड्यूल हो सकता, तो रात बारह बजे तक नहीं जागना पड़ता. वैसे इस फीचर की बात करना एकदम वैसा है, जैसे बगल में छोरा, नगर में ढिंढोरा. नहीं समझे? अरे भाई फ़ेसबुक मैसेंजर पर ये फीचर उपलब्ध है. बस बगल में सरकाने की देर है.
हालांकि टेक के धुरंधरों ने इसका देशी जुगाड़ खोज रखा है, लेकिन वो सिर्फ नोट्स लेने तक सीमित है. एक प्रॉपर नोट्स टेकिंग ऐप जैसा आज तक कुछ भी नहीं आया वॉट्सऐप पर. लिस्ट बनाने, लिंक सेव करने का कोई बढ़िया जुगाड़ है नहीं. दूसरी तरफ है सिग्नल ऐप. नोट्स बनाओ और उनको बुकमार्क भी कर लो. आपके लिंक डिवाइस से सिंक करके इधर से लेकर उधर पिक करने का भी ऑप्शन है. वॉट्सऐप तुम कब सुनोगे!
कॉन्टैक्ट ग्रुपएक साधारण से कॉन्टैक्ट ऐप में भी अलग-अलग ग्रुप बनाने का फीचर होता है. एडवांस्ड ऐप्स की तो बात ही निराली है. परिवार का अलग और ऑफिस का अलग ग्रुप हो, तो कितना सही रहे. आप कहोगे ग्रुप होता तो है वॉट्सऐप में. जनाब वो एक अलग प्रोसेस है. उसके लिए आप लोगों को जोड़ते हो, फिर ग्रुप बनता है. लेकिन जरूरी नहीं की उस ग्रुप में हर बात कही जाए. अब मान लीजिए कि ऐसा कोई फीचर हो, जिसमें आप ग्रुप बनाए बिना भी कुछ लोगों को एक साथ मैसेज कर सकें. ग्रुप बना भी नहीं और काम हो गया. कितना अच्छा रहेगा ना!
चैट लॉकपता है आप कहोगे ये तो होता है. होता है लेकिन घोड़े को पानी दिखाने जैसा. पानी पिलाने वाला नहीं. अभी पूरा ऐप लॉक होता है. लेकिन ऐसा भी होता है, जब आपको लॉक खोलकर किसी को कोई चैट दिखानी होती है. मतलब सारी चैट स्क्रीन पर. अब कोई सज्जन आदमी हुआ तो ठीक, लेकिन शरारती दोस्त हुआ तो आपको पता है क्या होगा. वो सिर्फ वही चैट पढ़ेगा, जो आप नहीं चाहते की वो पढ़े. अब सोचिए कि ऐप लॉक के साथ Individual चैट को लॉक करने का फीचर होता, तो कितना मजा आता. सोच कर देखिए दिल में गुदगुदी होने की पूरी गारंटी है.
आजकल दो नंबर होना बहुत नॉर्मल है. एक नंबर किसी और काम के लिए और दूसरा किसी और काम के लिए. अरे भाई, जब दो नंबर हैं तो दो वॉट्सऐप का सपोर्ट मिलना चाहिए कि नहीं! एक नंबर हो ऑफिस या काम के लिए और दूसरा सिर्फ अपनों से बतियाने के लिए. लेकिन वॉट्सऐप तो सुन ही नहीं रहा और हम विक्की प्लीज किए जा रहे हैं.
मैसेज डिलीट अलर्टये बहुत बड़ी प्रॉब्लम है.पहले क्या कम शर्मिंदगी होती है, जब कोई गलत मैसेज चला जाता है. चलिए डिलीट करने का जुगाड़ है और अब तो टाइम भी खूब मिलता है. बस दिक्कत ये है कि जब कोई मैसेज डिलीट करो ओ उसका नोटिफिकेशन आता है. बस ये बंद हो जाए तो मौज आ जाए.
ये तो हमारी लिस्ट है वॉट्सऐप के लिए. आपकी क्या है वो आप हमें जरूर बताएं.
वीडियो: जोमैटो ने बंद किया अपना 'Zomato Pro' प्रोग्राम






















