अपनों से प्रेम के इजहार के तमाम किस्से आपने देखे होंगे. आपके अपने भी किस्से होंगे. माने कभी आपने किसी को I love you बोला होगा और कभी किसी ने आपको I love you कहा होगा. लेकिन हम आज आपको एक ऐसे I love you के बारे में बताएंगे जो बोला तो एक मशीन की मदद से गया, मगर इंसानों को एक और उम्मीद की किरण दे गया. अरबपति कारोबारी Elon Musk ने एक्स पर एक छोटा है वीडियो पोस्ट किया है. A beautiful surprise नाम के इस वीडियो में एक व्यक्ति शायद अपने पार्टनर को I love you बोल रहा है. वीडियो देखिए.
आप जो सोच रहे कंप्यूटर ने वो बोल दिया, इस खोज ने लाखों लोगों के लिए उम्मीद जगा दी
अरबपति कारोबारी Elon Musk ने एक छोटा वीडियो जारी किया है. A beautiful surprise नाम के इस वीडियो में एक व्यक्ति शायद अपने पार्टनर को I love you बोल रहा है. जबकि ये व्यक्ति बोल नहीं पाता, जो उन्होंने सोचा, वो कम्प्यूटर ने बोल दिया.

वीडियो में जो व्यक्ति I love you बोल रहे हैं वो कोई आम इंसान नहीं हैं. ये वो मरीज हैं जो कंपनी के क्लिनिकल ट्रायल में शामिल हैं और दुनिया के साथ अपना अनुभव साझा कर रहे हैं. वीडियो में, बोलने में किसी तरह की दिक्कत से जूझ रहा मरीज़ अपने मन की शक्ति से किसी करीबी शायद अपने पार्टनर से बात करता हुआ दिखाई दे रहा है. इसकी टैगलाइन है "एक खूबसूरत सरप्राइज़".
वीडियो में शामिल व्यक्ति और उनकी स्थिति के बारे में कोई खास जानकारी तो नहीं दी गई है. इसके बजाय, पूरा फोकस ध्यान इस बात पर है कि कैसे न्यूरालिंक, ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस (BCI) इम्प्लांट का इस्तेमाल करके, बोलने में अक्षम व्यक्ति की दोबारा बोलने में मदद कर सकता है. 0.23 सेकंड का ये छोटा सा वीडियो टेक्नोलॉजी की पावर को दिखाने के लिए काफी है. वीडियो में मुख्य किरदार उस व्यक्ति से "आई लव यू" कहता है जिसकी वह परवाह करता है, क्योंकि बोलने के लिए कहे जाने पर सबसे पहले यही शब्द उनके मन में आते हैं. उनके सामने रखा कंप्यूटर उनकी भावनाओं को शब्दों में उतारकर सामने खड़ी महिला को बताता है. हालांकि ये सब अभी क्लिनिकल ट्रायल का हिस्सा है, मगर इससे एक उम्मीद तो जागती है कि एक दिन ये तकनीक शायद गूंगों को बोलने या नेत्रहीनों को देखने में मदद कर सकेगी.
क्या है Neuralinkमिस्टर मस्क का ड्रीम प्रोजेक्ट. न्यूरोटेक्नोलॉजी कंपनी जिसमें अल्ट्रा-हाई-बैंडविड्थ वाले ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफ़ेस (BCI) विकसित किए जा रहे हैं, जो इंसानी दिमाग को कंप्यूटर से जोड़ते हैं. ब्रेन कम्प्यूटर इंटरफेस जिसे ब्रेन मशीन इंटरफेस भी कहा जाता है, एक ऐसी डिवाइस है जो दिमाग में हो रही इलेक्ट्रिक ऐक्टिविटी को किसी बाहरी कम्प्यूटर या रोबोटिक हाथ से जोड़ देती है. माने यूं समझिए कि एक ऐसी चिप जिससे लकवाग्रस्त या शारीरिक रूप से दिव्यांग लोग भी आसानी से अपने रोजमर्रा के काम कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें: इंसान के दिमाग में चिप! एलन मस्क की कंपनी ने ये क्या बना दिया?
साल 2016. एलन मस्क ने 7 वैज्ञानिकों की एक टीम के साथ न्यूरालिंक को शुरू किया. मकसद था ब्रेन कम्प्यूटर इंटरफेस यानी BCIs बनाना. साल 2023 में जानवरों पर सफल ट्रायल के बाद न्यूरालिंक ने इसके ह्यूमन ट्रायल यानी इंसानों पर ट्रायल के लिए मंजूरी मांगी थी. मई 2023 में अमेरिका के फूड एण्ड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने न्यूरालिंक को ह्यूमन ट्रायल की मंजूरी दे दी थी.
वीडियो: खर्चा-पानी: अमेरिका में महंगाई का भारत पर क्या असर पड़ेगा?











