दिल्ली के बाहरी उत्तर इलाके में 16 साल की एक लड़की की कथित तौर पर गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई. उसका शव एक खुले मैदान में झाड़ियों के पास बेहद खराब हालत में मिला. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को पकड़ा है. इनमें तीन नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 16 और 17 साल बताई गई है, जबकि एक आरोपी 19 साल का है.
दिल्ली में 16 साल की लड़की से गैंगरेप और हत्या, 50 से ज्यादा CCTV खंगालने के बाद पकड़े गए चार आरोपी
दिल्ली के बाहरी उत्तर इलाके में 16 साल की लड़की की कथित गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर चार आरोपियों को पकड़ा, जिनमें तीन नाबालिग हैं. लड़की का शव खुले मैदान में मिला था और जांच में दो चाकू बरामद किए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, लड़की 10 सितंबर की रात अपने 17 साल के एक दोस्त से मिलने गई थी. आरोप है कि युवक ने अपने तीन दोस्तों को वहां बुलाया. इसके बाद चारों ने कथित तौर पर लड़की के साथ सामूहिक यौन हिंसा की. पुलिस का कहना है कि लड़की ने घटना की शिकायत करने की बात कही, जिसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों के पास फेंक दिया. इस मामले की जानकारी Indian Express की रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से दी गई है.
12-13 सितंबर की रात मिला शव, शुरुआत में पहचान नहीं हो सकी
पुलिस को 12 और 13 सितंबर की दरम्यानी रात एक खुले मैदान में शव पड़े होने की सूचना मिली थी. टीम मौके पर पहुंची तो शव की हालत काफी खराब थी और शुरुआती दौर में उसकी पहचान नहीं हो सकी. बाद में जांच के दौरान परिवार और अन्य सुरागों के जरिए मृतका की पहचान की गई. Hindustan Times की रिपोर्ट के मुताबिक, शव पर कई चाकू के घाव मिले थे और पोस्टमार्टम तथा परिवार की ओर से मिली जानकारी के आधार पर हत्या, रेप और सबूत मिटाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
50 से ज्यादा CCTV कैमरों ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचाया
इस केस में कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया था. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों की पहचान करना थी. जांच टीम ने इलाके के 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसी दौरान घटनास्थल के आसपास एक टेंपो की आवाजाही नजर आई. अंधेरा होने की वजह से शुरुआत में उसका नंबर साफ नहीं दिखा, लेकिन अलग-अलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर पुलिस ने टेंपो की पहचान कर ली.
पुलिस ने टेंपो के मालिक से पूछताछ की. इसके बाद वाहन चलाने वाले व्यक्ति तक पहुंच बनाई गई और जांच आगे बढ़ी. पुलिस के मुताबिक, 15 और 16 सितंबर की दरम्यानी रात चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध टेंपो को ट्रेस किया गया. पूछताछ और आगे मिले सुरागों के आधार पर चारों आरोपियों को पकड़ा गया.
ये भी पढ़ें: CCTV खराब, 11 चालान कटे... जिस बस में नाबालिग से गैंगरेप हुआ, उसका काला चिट्ठा खुला
दो चाकू बरामद, फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चाकू बरामद करने की बात कही है. हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक, जांच में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि एक आरोपी ने घटना में अपनी भूमिका से इनकार किया है. उसकी बात की पुष्टि के लिए मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 65(1), 3(5) और POCSO एक्ट की धारा 6 के तहत FIR दर्ज की गई है, जैसा कि Times of India ने पुलिस के हवाले से बताया है. अब जांच एजेंसियां ये पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात में किस आरोपी की क्या भूमिका थी और क्या इसमें कोई और व्यक्ति भी शामिल था. बरामद सबूतों को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
वीडियो: दिल्ली में बस के अंदर एक बार फिर गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार










