आप अपने ऑफिस में कभी-कभी देरी से पहुंचते हैं तो आपका बॉस क्या करता है. वही करता होगा जो करना चाहिए. माने देरी से आने के लिए टोकता होगा. डांट भी सकता है. ईमेल पर चेतावनी भी दे सकता है. मामला ज्यादा ही गड़बड़ हुआ तो फिर शायद उस दिन की सैलरी भी काट सकता है. लेकिन नौकरी से निकाल देगा, ऐसा होना मुश्किल है. लेकिन अगर आपका बॉस कोई इंसान नहीं बल्कि AI हुआ तो फिर वही होगा जो मुश्किल है. देरी से आने के लिए आपको नौकरी से निकाल दिया जाएगा. कहानी में नहीं बल्कि हकीकत में.
AI से कहा वर्कर पर नजर रखो, उसने लेट आने पर एक इंसान की नौकरी खा ली
एक कर्मचारी बार-बार काम पर देरी से आ रहा था. AI ने कर्मचारी की अटेंडेंस का रिकॉर्ड देखा और यह तय किया कि अब उससे अलग होने का समय आ गया है, क्योंकि महाशय 23 में से 17 शिफ्ट में देर से आए थे. इसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया.

सैन फ्रांसिस्को में एक एक्सपेरिमेंटल रिटेल स्टोर चलाने वाले AI एजेंट ने असल में एक कर्मचारी को नौकरी से निकालने की सलाह दी, क्योंकि वह 23 में से 17 शिफ्ट में देर से आया था. दरअसल AI एजेंट 'लूना' (Luna) को सैन फ़्रांसिस्को में एक रिटेल स्टोर चलाने का जिम्मा सौंपा गया है. ये AI, एंडन लैब्स (Andon Labs) नाम की एक AI रिसर्च कंपनी के एक्सपेरिमेंट का हिस्सा है. ये कंपनी टेस्ट कर रही है कि जब कोई AI एजेंट असल में कोई बिजनेस चलाता है, तो क्या होता है.
लूना जी स्टोर के कामकाज, कीमत तय करने, काम की जगह की नीतियों और कर्मचारियों को मैनेज करने जैसे काम संभालती हैं. स्टोर में उनके साथ इंसानी कर्मचारी भी काम करते हैं. इन्हीं कर्मचारियों में से एक कर्मचारी बार-बार काम पर देरी से आ रहा था. लूना ने कर्मचारी की अटेंडेंस का रिकॉर्ड देखा और यह तय किया कि अब उससे अलग होने का समय आ गया है, क्योंकि महाशय 23 में से 17 शिफ्ट में देर से आए थे.
ये भी पढ़ें: एंड्रॉयड स्मार्टफोन का सबसे 'जादुई' फीचर 4 सितंबर से बंद, लेकिन फिर मिलेगी AI की ताकत
एंडॉन लैब्स ने X पर एक पोस्ट में इस घटना के बारे में बताया और किसी AI बॉस द्वारा किसी इंसानी कर्मचारी को नौकरी से निकालने का पहला मामला बताया. कंपनी ने कहा कि जब कर्मचारी को नौकरी से निकालने का सुझाव दिया गया, तब लूना 'क्लाउड ओपस 4.8' (Claude Opus 4.8) चला रही थी. लूना ने अपने सुझाव में लिखा कि फुल एण्ड फाइनल सेटलमेंट को CA Law के तहत हैंडल किया जाएगा. लूना ने कर्मचारी को निकालने से पहले दो हफ्ते की लिखित चेतावनी देने की बात भी कही.

हालांकि, यह फैसला पूरी तरह से अपने-आप नहीं लिया गया था. स्टोर के स्टाफ ने लूना की सिफ़ारिश की समीक्षा की और आखिरकार उस बंदे को नौकरी से निकालने का फैसला लिया.
एंडन मार्केट नाम का यह स्टोर, AI एजेंट के साथ कंपनी के बड़े एक्सपेरिमेंट का हिस्सा है. एंडन लैब्स स्टोर खोलने के लिए 100,000 डॉलर का बजट, एक कॉर्पोरेट कार्ड, इंटरनेट एक्सेस और तीन साल की लीज़ ली है. यह स्टोर 1 अप्रैल को खुला है और यहां किताबें, मोमबत्तियां, आर्टवर्क, प्रिंट, गेम और ब्रांडेड सामान जैसे प्रोडक्ट बेचे जाते हैं.
बाकी ऑफिस में देर से आना कोई अच्छी बात नहीं. आगे आप समझदार हैं.
वीडियो: स्मार्टफोन्स महंगे होने की वजह AI के लिए RAM की बढ़ती डिमांड?









