The Lallantop

153 रन बनाकर किंग कोहली के नाम दो और रिकॉर्ड्स जुड़ जाएंगे!

पहला मैच 9 फरवरी से शुरू होने वाला है.

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली (Getty Images)

विराट कोहली. शतक ठोकने वाले फॉर्म में वापसी करने के बाद T20I और वनडे में विराट की सेंचुरी आ गई है. रह गया तो सिर्फ टेस्ट क्रिकेट. और कोहली का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड देखते हुए भारतीय फै़न्स इस फॉर्मेट में भी सेंचुरी की कयास लगा रहे हैं. अगर पहले टेस्ट में ऐसा होता है, तो टीम इंडिया के लिए ये फायदे का सौदा रहेगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

क्योंकि विराट का अच्छा फॉर्म भारत की सीरीज़ जीतने में मदद करेगा. विराट दो शानदार रिकॉर्ड्स की दहलीज़ पर भी खड़े हैं. स्टीव स्मिथ और चेतेश्वर पुजारा भी इस सीरीज़ में कुछ रिकॉर्ड्स बना सकते हैं. विराट से शुरू करते हैं.

#कौन से रिकॉर्ड्स तोड़ सकते हैं विराट?

कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 24,936 रन बनाए हैं. 64 रन और, और विराट के नाम 25,000 इंटरनेशनल रन्स हो जाएंगे. विराट क्रिकेट के इतिहास के सिर्फ छठे ऐसे बल्लेबाज़ होंगे, जिनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 25,000 रन्स होंगे. विराट से आगे सिर्फ सचिन तेंडुलकर (34357), कुमार संगकारा (28016), रिकी पॉन्टिंग (27483), महेला जयवर्धने (25957) और जैक कालिस (25534) हैं.

Advertisement

अब विराट के दूसरे रिकॉर्ड के बारे में भी जान लीजिए. कोहली ने अब तक भारत में खेले गए 46 टेस्ट मैच में 3847 रन्स बनाए हैं. विराट अगर 153 रन बना लेते हैं, तो वो पांचवें भारतीय बल्लेबाज़ बन जाएंगे, जिन्होंने घर पर 4000 टेस्ट रन्स बनाए हैं.

#चेतेश्वर पुजारा

पुजारा भाई भी एक शानदार रिकॉर्ड बना सकते हैं. भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सर्वाधिक रन्स सचिन तेंडुलकर ने बनाए हैं. सचिन ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 3262 रन्स बनाए हैं. सचिन के बाद इस लिस्ट पर वीवीएस लक्षमण, राहुल द्रविड़ और वीरेन्द्र सहवाग हैं. सहवाग के बाद इस लिस्ट पर पुजारा का नंबर है.

अगर पुजारा 250 रन बना लेते हैं, तो वो इस लिस्ट पर द्रविड़ की बराबरी कर लेंगे. भारत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पुजारा का रिकॉर्ड अच्छा है, और फै़न्स उम्मीद कर सकते हैं कि वो इस लिस्ट पर द्रविड़ को पीछे छोड़ देंगे. 

Advertisement

# स्टीव स्मिथ के रिकॉर्ड्स

पुजारा और विराट के बारे में तो हमने आपको बता दिया, अब स्टीव स्मिथ के भी रिकॉर्ड्स जान लीजिए. एक छक्का, और स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में 50 छक्के लगा लेंगे. स्मिथ के नाम एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी जुड़ सकता है. अगर स्मिथ चार मैच में 353 रन बना लेते हैं, तो वो क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज़ 9000 रन बनाने वाले प्लेयर बन जाएंगे. 92 टेस्ट में स्मिथ ने 8647 रन्स बना लिए हैं.

#पहला टेस्ट

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट गुरुवार 9 फरवरी से शुरू होना है. ये मैच नागपुर के वीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा. 
 

वीडियो: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने '36 ऑल-आउट' याद दिलाया, लेकिन एक गलती कर बैठा..!

Advertisement