The Lallantop

विराट के साथ ऐसा कर, BCCI टीम इंडिया को बर्बाद कर देगी!

इंडियन क्रिकेट फ़ैन्स को और नहीं रुलाना है!

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली (फोटो - PTI)

BCCI अब आगे बढ़ रही है. T20I क्रिकेट में युवा खिलाड़ियों को मौका दे रही है. और ख़बर है कि अब ये मौके इन खिलाड़ियों को लगातार मिलने वाले हैं. क्योंकि इंडियन मैनेजमेंट अब आगे बढ़ रहा है. परफॉर्म ना करने वाले खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाकर, अटैकिंग खेलने वाले बल्लेबाजों को टीम में ला रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

और इस प्रोसेस में वो रोहित शर्मा और विराट कोहली से भी आगे देख रहे हैं. ऐसा रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है. हालांकि, रोहित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए ये साफ कर दिया है कि वो T20 क्रिकेट नहीं छोड़ना चाहते. और हाल के T20I मैचेज में शामिल ना होने का कारण बताते हुए कहा, कि ये वनडे वर्ल्ड कप का साल है. खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेज करते हुए काम किया जाएगा.

लेकिन हाल में इन खिलाड़ियों की T20I परफॉर्मेंस देखकर ये बात भी सही ही लगती है, कि कई खिलाड़ियों का T20I करियर अब ऑलमोस्ट खत्म हो गया है. लेकिन किसका? इसकी चर्चा कर लेते हैं.

Advertisement

रिपोर्ट्स के अनुसार इस चक्रव्यूह में रोहित शर्मा और विराट कोहली ही नज़र आ रहे हैं. तो सबसे पहले टीम के कप्तान रोहित शर्मा का ही ज़िक्र कर लेते हैं. रोहित शर्मा की इस साल बहुत आलोचना हुई है. कारण आप सबको याद ही होगा, T20I क्रिकेट में उन्होंने काफी समय से बड़ी पारी नहीं खेली.

इसी साल T20 वर्ल्ड कप भी हुआ, जिसमें ओपन करते हुए उनके बल्ले से इतनी खास पारियां नहीं आई. ओवरऑल रोहित ने इस साल कुल 24.29 की एवरेज और 134.42 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. और 29 मैच में कुल 656 रन बनाए. उनकी ऐसी परफॉर्मेंस देखकर मैनेजमेंट किसी बेहतर और अटैकिंग ऑप्शन की तलाश कर रहा है.

टीम के पास पृथ्वी शॉ, ईशान किशन के रूप में अच्छे विकल्प भी हैं. अब अगर आप ईशान का तीन मैच में 111.11 का स्ट्राइक रेट बताना चाह रहे हैं, तो रुक जाइए. करियर की शुरुआत में रोहित को भी ‘हिटमैन’ बनने में समय लगा था.

Advertisement

अब इनके बाद ज़िक्र करते हैं विराट कोहली का. क्योंकि सूत्रों के मुताबिक, BCCI इनको भी T20I टीम से बाहर करने का प्लान कर रही है. विराट की बात उनके आंकड़ों से ही शुरू करते हैं. अब आप ये मत कहना कि विराट ने बीते सालों में जैसा परफॉर्म किया है, उसने उनकी हाल की परफॉर्मेंस को छुपा लिया है.

और फिर भी अगर आप ऐसा सोचते हैं, तो बता दें विराट का इस साल T20I क्रिकेट में एवरेज 55.78 का रहा है. अब कहिए कि T20I क्रिकेट में एवरेज नहीं, स्ट्राइक रेट मैटर करता है. आप ना भी कहें, तब भी बता रहे हैं कि इस साल विराट का स्ट्राइक रेट भी 138.23 का रहा है. और T20I क्रिकेट में 140 या उससे ऊपर के स्ट्राइक रेट को अच्छा माना जाता है.

विराट का स्ट्राइक रेट इसके आस-पास ही रहा है. और ये बात सिर्फ इस साल की नहीं है. बीते कई सालों से विराट ने लगातार गेम के इस सबसे छोटे और अग्रेसिव फॉर्मेट में रन बनाए हैं. साल 2021 में उनका स्ट्राइक रेट गिरा था. वो 132.88 पर आ गए थे. लेकिन इस साल उन्होंने कितनी लम्बी पारियां खेली हैं, वो आप उनके 74.75 के एवरेज से जानिए.

और ये एवरेज नॉटआउट आने वाला धोखा भी नहीं देगा, क्योंकि विराट या तो ओपन करते हैं या फिर नंबर तीन पर खेलते हैं. और इससे पीछे के दो सालों का भी ज़िक्र करना चाहते हैं, तो जानिए कि उसमें उन्होंने 140 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है.

और यही आंकड़े विराट की टीम में जगह बनाते हैं. हम लोग कितना भी स्लो स्टार्ट का हल्ला काटें, लेकिन आपको हर टीम में एक ऐसा प्लेयर चाहिए ही होता है जो टिक जाए. और जिसके रहते हुए दूसरे एंड पर बैटर्स आकर विरोधी टीम का भूत बनाकर जाएं. विराट अपनी टीम के लिए यही काम करते हैं.

और क्रीज़ पर थोड़ा समय बिताने के बाद वो कैसी भारी पारियां खेलते हैं, ये आप पाकिस्तान वालों से पूछ सकते हैं. अब अंत में आपके लिए बस एक सवाल है. श्रीलंका के खिलाफ पुणे में हुए दूसरे T20I मुकाबले में किसने विराट कोहली को मिस किया था? आप चाहें तो इसका जवाब हम तक पहुंचा सकते हैं.

वीडियो: सूर्यकुमार यादव अगर पाकिस्तान से खेलते है तो उनका हाल ऐसा होता!

Advertisement