The Lallantop

टेस्ट कप्तानी छोड़ने पर अब क्या बोल गए विराट कोहली?

'कप्तानी छोड़ी है, लीडरशिप नहीं.'

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली ( फोटो क्रेडिट : AP)
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने टेस्ट कप्तानी छोड़ने पर पहली बार चुप्पी तोड़ी है. कोहली ने कहा है कि हर चीज का एक कार्यकाल और समयावधि होती है. निर्भर करता है कि आपने उस दौरान अपने लक्ष्य को हासिल किया है या नहीं. इसके अलावा विराट ने ये भी कहा है कि लीडर होने के लिए जरूरी नहीं है कि आपको टीम का कप्तान ही होना चाहिए. बता दें कि विराट कोहली ने साल 2013 में एमएस धोनी से टीम इंडिया की कप्तानी ली थी. तब इंडिया टेस्ट रैंकिंग में सातवें पायदान पर थी. और कोहली ने वहां से उठाकर इंडिया को नंबर वन बनाया. कोहली के अंडर टीम छह साल तक लगातार नंबर वन रही. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद कोहली ने अचानक टेस्ट कप्तानी छोड़ दी. कोहली के इस फैसले से हर किसी को हैरानी हुई. डिजिट इंश्योरेंस के चेयरमैन कामेश गोयल के साथ बातचीत के दौरान कोहली ने कप्तानी और करियर को लेकर खूब बातें की. टेस्ट कप्तानी छोड़ने पर कोहली ने कहा,
'हर चीज का एक कार्यकाल और समयावधि होती है. इसलिए आपको इसके बारे में पता होना चाहिए. लोग कहेंगे कि इसने क्या किया है? लेकिन आपको ये बात क्लियर होना चाहिए कि जो लक्ष्य आपने सोचा था, वो आप हासिल कर पाए या नहीं. अब एक बल्लेबाज के तौर पर आप बहुत योगदान दे सकते हैं, और टीम को ज्यादा मैच जिता सकते हैं. लीडर बनने के लिए आपको कप्तान होने की जरूरत नहीं है. कप्तानी छोड़ने के बाद भी जब एमएस धोनी टीम में थे, तो ऐसा नहीं है कि वह लीडर नहीं थे. वह हमेशा टीम में अपना इनपुट देते रहते थे.'
विराट कोहली ने आगे कहा,
'सही समय पर कप्तानी छोड़ना भी लीडरशिप का हिस्सा है. शायद इसे समझने के लिए परिस्थिति को अलग दिशा की जरूरत होती है. आपको हर रोल और जिम्मेदारी को स्वीकारना चाहिए. मैंने एमएस धोनी की कप्तानी में बतौर खिलाड़ी खेला. इसके बाद लंबे समय तक टीम इंडिया की कप्तानी की. लेकिन मेरा माइंडसेट हमेशा से एक जैसा ही रहा. जब मैं सिर्फ खिलाड़ी था, तब भी कप्तान की तरह ही सोचता था और टीम इंडिया को जीत दिलाना चाहता था.'
बता दें कि विराट कोहली के बाद BCCI ने रोहित शर्मा को व्हाइट बॉल की कप्तानी सौंपी है. जबकि नए टेस्ट कप्तान का ऐलान नहीं हुआ है. 6 फरवरी से भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज शुरू हो रही है. रोहित शर्मा टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे. और ये पहला मौका होगा जब विराट कोहली, रोहित की कप्तानी में खेलते हुए नजर आएंगे. इसके बाद 16 से 20 फरवरी के बीच तीन मैच की T20I सीरीज खेली जाएगी.

Advertisement
Advertisement