The Lallantop

IND vs AUS: इस बोलर से पार पाने में एक बार फिर नाकाम हुए कप्तान कोहली

चौथे नंबर पर बैटिंग करने आए, 16 रन बनाकर निकल लिए.

Advertisement
post-main-image
सात वनडे मैचों में ज़ैम्पा ने कोहली को चार बार पवेलियन भेजा है.(फोटो: ट्विटर)
इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज़ की शुरुआत हो चुकी है. पहले मैच में टीम इंडिया टॉस हारकर पहले बैटिंग कर रही है. इस मैच में टीम इंडिया तीन स्पेशलिस्ट ओपनरों के साथ खेल रही है. कप्तान विराट कोहली ने इस मैच में अपना बैटिंग ऑर्डर नीचे किया. ये बदलाव कोहली के लिए ठीक साबित नहीं हुआ. वे एक बार फिर से ज़ैम्पा इफ़ेक्ट के शिकार हो गए. कंगारू कप्तान ने 32वां ओवर फेंकने के लिए लेग स्पिनर एडम ज़ैम्पा को बुलाया था. पहली गेंद आधी पिच पर टप्पा खाकर कोहली के पास पहुंची. कोहली ने बहुत ही आसानी से गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया. अगली गेंद पर ज़ैम्पा ने वापसी की. गेंद आगे फेंकी. कोहली ने गेंद सीधी हवा में खेली. ज़ैम्पा ने हाथ ऊपर टिकाया. गेंद सीधा उनके हाथों में समा गई. इस तरह दुनिया का नंबर 1 बल्लेबाज सिर झुकाए क्रीज छोड़कर निकल गया. ये चौथा मौका है, जब कंगारू लेग स्पिनर ज़ैम्पा ने कोहली को आउट किया है. दोनों खिलाड़ियों ने सात वनडे मैचों में एक-दूसरे का सामना किया है. इस टक्कर में ज़ैम्पा हमेशा बीस साबित हुए हैं. उन्होंने वनडे में कोहली को 97 गेंदें फेंकी है. इन गेंदों पर कुल 126 रन बने और कोहली को चार बार आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा. वनडे क्रिकेट में कोहली को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में ज़ैम्पा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. कोहली को वनडे में वेस्ट इंडीज के रवि रामपॉल ने सबसे अधिक 6 बार आउट किया है. श्रीलंका के थिसारा परेरा और न्यूज़ीलैंड के टिम साउदी ने 5-5 बार, जबकि सूरज रणदीव, झाय रिचर्डसन और ग्रीम स्वान ने 4-4 बार कोहली को पवेलियन भेजा है. मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम. इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया. आरोन फ़िंच ने टॉस जीतने के बाद टीम इंडिया को बैटिंग के लिए बुलाया. रोहित शर्मा जीवनदान के बावजूद 10 रन ही बना सके. इसके बाद धवन और राहुल ने मिलकर पारी संभाल ली. राहुल ने 47, जबकि धवन 74 रन बनाकर आउट हुए. दोनों ही अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदल पाने में नाकाम रहे.
वीडियो: गुवाहाटी के इस लड़के का गिफ्ट साथ ले जाने से विराट कोहली ने मना क्यों किया?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement