बाबर आज़म की टीम भारत से ज्यादा बेहतर है. ऐसा मानना है कि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सरफ़राज़ नवाज़ का. नवाज़ ने ये बात भारतीय टीम का हालिया संघर्ष देखते हुए कही. उनका मानना है कि भारतीय टीम अभी तक अपनी परफ़ेक्ट प्लेइंग इलेवन नहीं चुन पाई है.
बनाने की जगह बर्बाद की जा रही है भारतीय क्रिकेट टीम!
'इनसे बेहतर तो पाकिस्तान वाले हैं.'


बता दें कि इसी महीने के अंत में शुरू हो रहे एशिया कप से पहले भारतीय टीम का मिडल ऑर्डर अभी तक तय नहीं हो पाया है. और इसी बात को देखते हुए सरफ़राज़ का मानना है कि भारत से तुलना करें, तो पाकिस्तान की टीम ज्यादा स्टेबल दिखती है.
लाहौर में पत्रकारों से बात करते हुए सरफ़राज़ बोले,
'भारत से तुलना करें तो एशिया कप और वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान ज्यादा सेटल और स्टेबल साइड है. भारत वाले अभी तक इन बड़े इवेंट्स के लिए अपनी फ़ाइनल कॉम्बिनेशन ही नहीं बना पाए हैं. कप्तान बदल रहे हैं, कई नए प्लेयर्स ट्राई किए जा रहे हैं, कोई प्रॉपर कॉम्बिनेशन नहीं है. मैं सोचता हूं कि भारतीय टीम बनाने की जगह बर्बाद की जा रही है.'
सरफ़राज़ ने ये भी कहा कि भारतीय टीम होस्ट होने के नाते, आने वाले वर्ल्ड कप में ज्यादा प्रेशर में रहेगी. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम एक दशक से ICC टाइटल नहीं जीत पाई है. इस बात से प्लेयर्स पर बहुत मनोवैज्ञानिक दबाव होगा. सरफ़राज़ बोले,
'जब भी आप घर पर खेलते हैं, हमेशा ही लोगों को बहुत उम्मीदें होती हैं. इससे और ज्यादा प्रेशर बनता है. भारत का प्लस पॉइंट ये है कि उनके पास कुछ अच्छे सीनियर परफ़ॉर्मर हैं.'
बता दें कि भारत ने आखिरी बार साल 2013 में कोई ICC इवेंट जीता था. टीम ने धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफ़ी अपने नाम की थी. जबकि साल 2011 में इन्होंने वनडे वर्ल्ड कप जीता था. धोनी की कप्तानी में आई इन दोनों ट्रॉफ़ीज़ के बाद से भारत एक भी ICC इवेंट नहीं जीत पाया है.
इसके बाद विराट कोहली ने लंबे वक्त तक भारतीय टीम की कप्तानी की थी. उनकी कप्तानी में टीम ने कई ICC इवेंट्स खेले, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद विराट से कप्तानी लेकर रोहित शर्मा को सौंपी गई. लेकिन उनकी कप्तानी में भी भारतीय टीम को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है.
टीम पहले T20 वर्ल्ड कप 2022, जबकि इसके बाद WTC Final 2023 में भी हार चुकी है. इतना ही नहीं, इस दौरान टीम ने बहुत से अन्य कैप्टंस को भी मौका दिया, लेकिन सारे फ़ेल रहे. विराट द्वारा कप्तानी छोड़ने के बाद हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह जैसे प्लेयर्स भी टीम की कप्तानी कर चुके हैं.
लिमिटेड ओवर्स में रोहित के ना रहने पर हार्दिक अक्सर टीम की कप्तानी करते हैं. वेस्ट इंडीज़ के टूर पर भी टीम ने उन्हीं की कप्तानी में खेला है. जबकि इसके बाद शुरू हो रहे आयरलैंड टूर पर जसप्रीत बुमराह टीम की कप्तानी करते दिखेंगे. बीच में कुछ सीरीज़ के दौरान शिखर धवन ने भी भारतीय टीम की कप्तानी की थी.
वीडियो: रोहित शर्मा का ईशान किशन के ऊपर चिल्लाने का कारण जान दिल खुश हो जाएगा.

















