टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने पहली बार वनडे कप्तानी को लेकर चुप्पी तोड़ी है. रोहित शर्मा ने कहा है कि लोग बाहर क्या बोलते हैं, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है. उनके मुताबिक टीम इंडिया का पूरा फोकस लक्ष्य हासिल करने पर होना चाहिए, जिसके लिए खिलाड़ियों के बीच मजबूत बॉन्ड बनाने की जरूरत है. गौरतलब है कि BCCI ने विराट कोहली को वनडे कप्तानी से बर्खास्त कर रोहित को नया वनडे कप्तान बना दिया है. BCCI के इस फैसले से सोशल मीडिया दो धड़ों में बंटा हुआ है. और कोहली के फैन्स लगातार BCCI की आलोचना कर रहे हैं. कई क्रिकेट दिग्गज भी हैं, जो कोहली को कप्तानी से हटाए जाने के पक्ष में नहीं हैं. वनडे कप्तानी को लेकर छिड़ी बहस के बीच BCCI ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में रोहित पहली बार अपनी वनडे कप्तानी को लेकर बातें कर रहे हैं. वीडियो में रोहित ने बताया कि उन्हें बाहरी चीजों से फर्क नहीं पड़ता है कि कौन क्या बोल रहा है. उनका लक्ष्य सिर्फ टीम इंडिया को जिताने पर है. रोहित ने कहा,
'जब आप भारत के लिए क्रिकेट खेलते हैं, तो हमेशा आप पर काफी दबाव होता है. प्रेशर हमेशा रहता है. लोग आपके बारे में सकारात्मक और नकारात्मक बातें करते हैं. व्यक्तिगत तौर पर एक क्रिकेटर होने के नाते अपने काम पर फोकस करना ज्यादा अहम है. लोग क्या कह रहें, उस पर फोकस करना जरूरी नहीं है. लोग क्या बात कर रहे हैं, इस पर आपका कंट्रोल नहीं है. मैं यह बात पहले भी कई बार कह चुका हूं और अब भी कह रहा हूं. ये मैसेज टीम के लिए भी है.'
कप्तानी मिलने के बाद रोहित का लक्ष्य ICC का टूर्नामेंट जीतने पर है. इस कड़ी में रोहित ने आगे कहा,
'टीम को भी यह समझने की जरूरत है कि जब हम हाई प्रोफाइल टूर्नामेंट खेलते हैं तो कई तरह की बातें होती हैं. मगर हमारे हाथ में जो है, उस पर फोकस करना जरूरी है. मैच जीतना और उस अंदाज में खेलना जिसके लिए हम जाने जाते हैं. बाहर जो बातें हो रही है वह हमारे किसी काम की नहीं हैं. हमारे लिए यह महत्वपूर्ण कि हम एक-दूसरे के बारे में क्या सोचते हैं. हमें खिलाड़ियों के बीच मजबूत बॉन्ड बनाने की जरूरत है, जिससे हमें लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिल सके. राहुल भाई इस चीज के लिए हमारी मदद कर रहे हैं.'
बताते चलें कि रोहित शर्मा ने अब तक 10 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की है. जिसमें आठ मुकाबलों में जीत मिली. और दो में हार. रोहित की कप्तानी में भारत ने साल 2018 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था. अब वह बतौर स्थाई कप्तान आगामी साउथ अफ्रीका दौरे पर भारतीय वनडे टीम की अगुवाई करेंगे. भारत को इस दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है.