The Lallantop

T20I विश्व कप में स्पॉट फिक्सिंग पर मचा भूचाल, बांग्लादेशी प्लेयर पर लगा आरोप!

साथी खिलाड़ी ने ही किया अप्रोच.

Advertisement
post-main-image
बांग्लादेश क्रिकेट टीम (Twitter/BCBtigers)

इन दिनों साउथ अफ्रीका में विमेंस वर्ल्ड कप का आयोजन हो रहा है. जहां बांग्लादेश की टीम भी हिस्सा ले रही है. और बांग्लादेशी टीम इस टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन की जगह किसी और वजह से चर्चा में आ गई है. टीम की एक सीनियर खिलाड़ी शोहेली अख्तर पर अपनी साथी खिलाड़ी लता मंडल (Lata Mondal) को फिक्सिंग के लिए अप्रोच करने का आरोप लगा है. जिसका खुलासा खुद लता मंडल ने किया है.

लता मंडल फिलहाल साउथ अफ्रीका में हैं, वो बांग्लादेश की T20I वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल हैं. वहीं शोहेली अख्तर बांग्लादेश में ही हैं. ढाका के न्यूज आउटलेट जमुना टीवी ने एक ऑडियो टेप जारी किया है, जिसमें कथित तौर पर दोनों क्रिकेटर बातचीत कर रही हैं. वायरल ऑडियो टेप के मुताबिक शोहेली ने एक सटोरिए के जरिए लता मंडल को फिक्सिंग का ऑफर दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
# अख्तर ने दिया ऑफर

वायरल ऑडियो टेप में शोहेली ने लता को कथित तौर पर कहा कि स्पॉट फिक्सिंग करने पर उन्हें खूब पैसे मिलेंगे. शोहेली ने कहा,

‘स्पॉट फिक्सिंग में कोई बुराई नहीं है. अगर आप हिट विकेट हो जाती हैं, तो आपको 20 से 25 लाख रुपये मिलेंगे. वहीं, अगर आप स्टंप आउट हो जाती हैं, तो आपको 5 लाख रुपये मिलेंगे. मैं कुछ भी जबरदस्ती नहीं कर रही हूं. आप चाहें तो खेल सकती हैं. आप इस बार खेल सकती हैं या नहीं. आप चुनें कि आप कौन से मैच में फिक्सिंग करना चाहती हैं. आप की जब भी मर्जी हो, तब आप फिक्सिंग कर सकती हो. और अगर आप फिक्सिंग नहीं करना चाहती तो कोई बात नहीं है.’

Advertisement

लता मंडल ने इस ऑफर को तुरंत मना कर दिया. उन्होंने जवाब देते हुए कहा,

‘नहीं मेरी दोस्त, मैं इन चीजों में शामिल नहीं हूं. कृपया मुझे ये चीजें मत बताओ. मैं ये चीजें कभी नहीं कर सकूंगी. मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि कृपया मुझे ये बातें न बताएं.’

इस बातचीत के बाद लता ने इसकी शिकायत बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और टीम मैनेजमेंट से कर दी. हालांकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले को ICC की एंटी करप्शन यूनिट पर छोड़ दिया है. बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजामुद्दीन चौधरी ने ESPN क्रिकइंफो से कहा,

Advertisement

‘ICC की एंटी-करप्शन यूनिट इन मामलों को देखती है. यह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की जांच का विषय नहीं है. हम किसी न्यूज़ रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया नहीं दे सकते. यह बहुत संवेदनशील है.’

# शोहेली ने दी सफाई

वहीं शोहेली अख्तर ने स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनके मुताबिक ये मिसकम्युनिकेशन की वजह से हुआ है. उन्होंने क्रिकबज़ से बात करते हुए कहा,

‘दो दिन पहले मैं एक फेसबुक फ्रेंड से मिली. उसने मुझसे कहा कि बांग्लादेश एशिया कप में श्रीलंका से हार गई. और फिर विश्व कप में भी श्रीलंका से हार गई. मुझे लगता है कि आपके खिलाड़ी फिक्सिंग कर रहे हैं. खासकर टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज रन नहीं बना रहे हैं, जबकि गेंदबाज वाइड बॉल फेंककर मैच फिक्स करते हैं.

मैंने उनसे कहा कि देखिए हमारे खिलाड़ी ऐसा कुछ नहीं करते हैं. मैंने उनसे कहा कि आप कितना भी प्रस्ताव दें, कोई भी इसे स्वीकार नहीं करेगा. अगर आपको कोई सबूत चाहिए तो मैं दे सकती हूं. मुझे एक खिलाड़ी से पूछने दो और वह तुरंत इससे इनकार कर देगी. और इसी वजह से ये सारा कंफ्यूजन हो गया.’

अब देखना होगा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और ICC की एंटी करप्शन यूनिट इस पूरे मामले को लेकर क्या कार्रवाई करती है.
 

वीडियो: T20 वर्ल्ड कप 2023 Ind Vs Pak मैच में जेमीमा-ऋचा ने मिलकर टीम इंडिया को पहली जीत दिला दी!

Advertisement