पाकिस्तान क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज़ खेलने का मौका नहीं मिलता है. साथ ही उनके खिलाड़ियों के इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है. और इसे लेकर कई पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी अपनी भड़ास निकालते रहते हैं. और दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने इंडियन प्लेयर्स पर अपमानजनक टिप्पणी करने वालों की क्लास लगाई है.
सुनील गावस्कर के मुताबिक पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी अपने फॉलोवर्स को बढ़ाने के लिए लगातार ऐसे बयान देते रहते हैं. उन्होंने मिड-डे के अपने कॉलम में लिखा,
भारत पर बोलने वाले पाकिस्तानी खिलाड़ियों की गावस्कर ने सही क्लास लगाई है
'फॉलोवर्स बढ़ाने का ये नया तरीका है'


‘ये लगभग रोज का हो गया है. बॉर्डर के उस पार का कोई पूर्व खिलाड़ी, भारतीय प्लेयर्स के बारे में भला-बुरा कहेगा और पाकिस्तानी खिलाड़ी को बेहतर बताएगा. इन्हें पता है कि इस तरह की पोस्ट पर तुरंत ही भारतीय फैंस की तरफ से रिस्पॉन्स मिलेगा, क्योंकि वो अपने फेवरेट प्लेयर को डिफेंड करेंगे. और ऐसे में इनके फॉलोअर्स तुरंत बढ़ जाएंगे. उन्हें ये तरीका काफी अच्छे से पता है. इसी वजह से वो भारतीय खिलाड़ियों को लेकर कुछ भी बयान देते रहते हैं.’
गावस्कर ने आगे कहा कि उनकी इस तरह की बयानबाजी का इंडियन प्लेयर्स पर कोई असर नहीं होता है. उन्होंने लिखा,
# IPL की वजह से सुधरे संबंध‘वो लोग क्या कहते हैं, हमें इससे बिल्कुल भी फर्क नहीं पड़ता है. और इसी कारण हमारे खिलाड़ी कभी भी ऐसा करते नहीं दिखाई देते हैं. ये हमारा स्टाइल ही नहीं है. अगर हमारी ऑनलाइन मीडिया इस चीज को नजरअंदाज कर दे कि वो लोग क्या कह रहे हैं, तो फिर ये अपने आप ही रुक जाएगा. लेकिन हमारी मीडिया इसे फिर भी पब्लिश करती है, भले ही इसमें किसी भारतीय खिलाड़ी की आलोचना ही क्यों ना की गई हो.’
गावस्कर ने इस कॉलम में ये भी लिखा कि IPL की वजह से मैदान पर खिलाड़ियों के बीच स्लेजिंग अब कम हो गई है. हालांकि उनके बीच अभी भी उसी तरह का कॉम्पटिशन देखने को मिलता है. उन्होंने कहा,
‘जब भी दो अच्छी रैंक वाली टीम्स एक-दूसरे के खिलाफ खेलती हैं, तो आपको कॉम्पटिशन देखने को मिलेगा. भले ही IPL शुरू होने के बाद खिलाड़ियों के बीच पहले की तरह स्लेजिंग अब देखने को नहीं मिलती, लेकिन उनके बीच कॉम्पटिशन बिल्कुल भी कम नहीं हुआ है. छह हफ्तों तक एक साथ रहना, एक ही ड्रेसिंग रूम शेयर करना. इससे खिलाड़ियों को एक-दूसरे को समझने का मौका भी मिला.’
बताते चलें कि रमीज राजा, राशिद लतीफ और सलमान बट्ट जैसे कई पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी लगातार इंडियन टीम को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते रहते हैं.
वीडियो: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया की दिक्कतें बढ़ने वाली है






















