The Lallantop

कोहली को कप्तानी से हटाने की असली वजह खुद गांगुली ने बता दी!

वनडे की कप्तानी से हटाने का T20 से क्या कनेक्शन है?

Advertisement
post-main-image
BCCI President सौरव गांगुली, भारतीय टीम के ODI कप्तान रोहित शर्मा और टेस्ट कप्तान विराट कोहली (पीटीआई)
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने बुधवार, 8 दिसम्बर को ये ऐलान किया कि विराट कोहली की जगह अब रोहित शर्मा वनडे में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. इस फैसले के बाद  BCCI के प्रेसिडेंट सौरव गांगुली का बयान आया है. गांगुली का कहना है कि रोहित शर्मा को कप्तान बनाने का फैसला बोर्ड और सलेक्टर्स ने मिलकर लिया है.उन्होंने ये भी बताया कि BCCI नहीं चाहता था कि विराट T20 की कप्तानी छोड़ें. गांगुली के मुताबिक बोर्ड ने रोहित शर्मा को कप्तान बनाने का फैसला मजबूरी में लिया है. विराट कोहली पहले ही T20 में भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ चुके थे. इसके बाद वनडे में विराट को टीम का कप्तान बनाना सलेक्टर्स को सही नहीं लगा. सलेक्टर्स और बोर्ड ने मिलकर ये फैसला लिया कि लाल गेंद के फॉर्मेट यानी टेस्ट में विराट कप्तान होंगे, जबकि सफ़ेद गेंद के फॉर्मेट यानी वनडे और T20 में रोहित को कप्तानी की कमान सौंपी जाए. BCCI प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने न्यूज ANI से बात करते हुए इस फैसले के पीछे का कारण बताया. कहा,
'असल में BCCI ने विराट से रिक्वेस्ट की थी कि वे T20 की कप्तानी ना छोड़ें, लेकिन वो नहीं माने. इसके बाद सलेक्टर्स को ये बिलकुल सही नहीं लगा कि सफ़ेद गेंद से खेले जाने वाले दोनों फॉर्मेट्स में दो अलग-अलग लोग टीम की कप्तानी करें. इसलिए तय यह हुआ कि विराट कोहली सिर्फ टेस्ट टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि वाइट-बॉल क्रिकेट में रोहित शर्मा टीम के कप्तान होंगे. प्रेसिडेंट के तौर पर मैंने पर्सनली विराट से इस बारे में बात की थी. इसके अलावा सलेक्टर्स ने भी उनसे इस बारे में बात की थी.
BCCI प्रेसिडेंट ने ये भी भरोसा जताया कि जो फैसला लिया गया है वो भारतीय क्रिकेट टीम के हित में है. बोर्ड का मानना है कि रोहित की कप्तानी में टीम और भी अच्छा प्रदर्शन करके दिखाएगी. गांगुली ने आगे कहा,
'हमे रोहित की कप्तानी पर पूरा भरोसा है. हमें यानी BCCI को इस बात पर भी पूरा भरोसा है कि भारतीय क्रिकेट अच्छे हाथों में है. विराट ने वनडे कप्तान के रूप में जो भारतीय टीम के लिए योगदान दिया है, हम उसके लिए बहुत आभारी हैं.'
गांगुली के बयान से लगता है कि विराट का T20 फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ना उनकी वनडे कप्तानी को ले डूबा. BCCI ने विराट को कप्तानी से हटाने की घोषणा काफी अटपटे तरीके से की. बोर्ड ने साउथ अफ्रीकी दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा के साथ एक लाइन लिख कर इस बात का भी ऐलान कर दिया कि रोहित शर्मा अब वनडे में भी भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. 26 दिसम्बर से भारतीय टीम का साउथ अफ्रीकी दौरा शुरू हो रहा है. दौरे की शुरुआत तीन टेस्ट मैचों से होगी. इसके लिए BCCI ने 18 सदस्यों वाली टीम की घोषणा की है. सीरीज़ का पहला टेस्ट सेंचुरियन में खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट तीन जनवरी से जोहान्सबर्ग में, जबकि तीसरा और अंतिम टेस्ट केप टाउन में 11 जनवरी से खेला जाएगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement