The Lallantop

दरवाजे पर 15 कुत्ते लगाकर रजाई में छिपी, सोना चुराने वाली नौकरानी को पुलिस ने कैसे पकड़ा?

आरोपी महिला ने अपने घर में पिटबुल, अमेरिकन बुली और हाइब्रिड नस्ल समेत करीब 15 खतरनाक कुत्ते पाल रखे थे, ताकि कोई आसानी से घर के अंदर न जा सके. पुलिस ने करीब 2 किलो सोने के गहने बरामद किए हैं.

Advertisement
post-main-image
आरोपी ने अपने घर में खतरनाक कुत्ते पाल रखे थे. (फोटो: ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • दिल्ली पुलिस ने शालीमार बाग इलाके में हाउस हेल्प सोनिया को चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर उसके घर से लगभग 2 किलो सोने के गहने और 1 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
  • अप्रैल में दर्ज शिकायत और CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली, जिसने चोरी के गहनों को अलग-अलग जगह गिरवी रखा था।
  • पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है और उसके पुराने मुकदमों व बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की जांच कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने एक 45 साल की हाउस हेल्प को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान सोना उर्फ ‘के. सोनिया’ के तौर पर हुई है. आरोप है कि वह जिस घर में काम करती थी, वहीं से सोने के गहने और कैश लेकर फरार हो गई. इससे जुड़ी शिकायत अप्रैल महीने में दर्ज की गई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. CCTV फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची.

Advertisement
क्या है मामला?

इंडिया टुडे से जुड़े हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला दिल्ली के शालीमार बाग इलाके का है. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपने घर को ही ‘डॉग फोर्ट्रेस’ यानी खूंखार कुत्तों को पालकर एक अभेद्य किले जैसा बना लिया था. उसने घर में पिटबुल, अमेरिकन बुली और हाइब्रिड नस्ल समेत करीब 15 खतरनाक कुत्ते पाल रखे थे, ताकि कोई आसानी से घर के अंदर न जा सके. शालीमार बाग पुलिस टीम ने योजना बनाकर उसके घर पर छापा मारा. कुत्तों से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए. जब पुलिस अंदर पहुंची तो आरोपी घर में रजाइयों के नीचे छिपी मिली. पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया. 

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

आरोपी ने चोरी के सोने के गहनों को अलग-अलग बैंक और फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर करीब 5 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था. अब तक उसके नाम पर 15 गोल्ड लोन अकाउंट्स का पता चला है. पुलिस ने जांच में करीब 2 किलो सोने के गहने बरामद किए हैं. आरोपी के घर से 1 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. सोनिया का बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है और बाकी संपत्ति की बरामदगी के लिए जांच जारी है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: चोरी का शक, पिता ने बेटियों को बांधकर उल्टा लटका दिया, एक की जान चली गई

DCP (उत्तर-पश्चिम जिला) आकांक्षा यादव का कहना है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रही है. अब उसके पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है. इसकी भी जांच हो रही है.

वीडियो: बेंगलुरु में हाउस हेल्प ने एक पालतू कुत्ते को फर्श पर पटक-पटककर मार डाला

Advertisement

Advertisement