टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ नागपुर में पहला वनडे मैच चार विकेट (India beats England) से जीत लिया है. मैच में नाजुक मोड़ पर श्रेयस अय्यर ने 59 रनों की अहम पारी खेली. वे जब बैटिंग करने उतरे थे तब स्कोरबोर्ड पर 19 रन थे और टीम के दो विकेट गिर चुके थे. लेकिन अय्यर ने धमाकेदार बैटिंग करते हुए टीम की नैया पार करा दी. लेकिन श्रेयस को इस मैच में खेलने का मौका किस्मत से मिला. किस कारण मिला, इसका खुलासा उन्होंने खुद मैच के बाद किया है.
इंग्लैंड को कूटने के बाद श्रेयस अय्यर ने विराट कोहली को लेकर क्या बताया?
टीम मैनेजमेंट की रणनीति के हिसाब से श्रेयस अय्यर पहले वनडे मैच का हिस्सा नहीं थे. लेकिन 5 फरवरी को विराट कोहली नेट्स में अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए जिसका फायदा अय्यर को मिला.


टीम इंडिया के लिए नंबर 4 पर बैटिंग करने उतरे श्रेयस अय्यर ने मैच खत्म होने के बाद ब्रॉडकास्टर से बात की. उन्होंने बताया कि आज अगर विराट कोहली फिट होते तो उन्हें पहले वनडे मैच में खेलने का मौका नहीं मिलता. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक श्रेयस ने कहा,
“मैं कल रात मूवी देख रहा था. सोच रहा था कि आराम से देर रात तक सो सकता हूं. लेकिन तभी कप्तान रोहित शर्मा का फोन आया. उन्होंने कहा कि तुम पहले वनडे में खेल सकते हो क्योंकि विराट कोहली के घुटने में सूजन है.”
इसके बाद श्रेयस अय्यर अपने कमरे की तरफ दौड़े और सीधे जाकर सो गए. अगले दिन वो प्लेयिंग इलेवन का हिस्सा था.
दरअसल, टीम मैनेजमेंट की रणनीति के हिसाब से श्रेयस अय्यर पहले वनडे मैच का हिस्सा नहीं थे. लेकिन 5 फरवरी को विराट कोहली नेट्स में अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए और मैच के दिन फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए.
यह भी पढ़ें:अक्षर को पूरी प्लानिंग के साथ मिला था बैटिंग में प्रमोशन, रोहित ने मैच के बाद खोला राज!
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में पहला मैच नागपुर के वीसीए मैदान में खेला गया. टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला करने वाली इंग्लैंड की पूरी टीम 248 रनों पर सिमट गई. जोस बटलर ने 52 और जैकब बेथल ने 51 रनों की पारी खेली. भारत के लिए हर्षित के अलावा जडेजा ने भी तीन विकेट लिए.
वहीं टीम इंडिया ने इस टारगेट को 38.4 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया. ओपनर शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 87 रनों की पारी खेली. जबकि अक्षर पटेल ने 52 और श्रेयस अय्यर ने 59 रनों का योगदान दिया. दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैच 9 फरवरी को कटक के बाराबाती स्टेडियम में खेला जाएगा.
वीडियो: शुभमन गिल को टेस्ट क्रिकेट में क्या परेशानी आ रही है? खुद उन्होंने ही बताया है












