The Lallantop

हैदराबाद की जीत के बाद सचिन तेंडुलकर बोले, ‘अगर SRH ने पहले बैटिंग की होती तो...’

हैदराबाद की टीम ने लखनऊ को मैच में किसी भी वक्त वापसी करने का मौका ही नहीं दिया. 9 ओवर 4 गेंदों में 167 रन बना डाले.

Advertisement
post-main-image
जीत के बाद अभिषेक ने कहा कि ऐसी बैटिंग का क्रेडिट हेड को जाता है. (फोटो- PTI)

Sunrisers Hyderabad की टीम ने Lucknow Super Giants को 10 विकेट से हरा दिया. हैदराबाद ने 166 रन का टारगेट 58 गेंद में ही पूरा कर लिया. ओपनर ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने टीम को बेहतरीन जीत दिलाई. जीत के बाद भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर (Sachin Tendulkar on SRH win) का एक बड़ा बयान आया. सचिन ने कहा कि इस पारी को धमाकेदार पारी कहना इसे कमतर आंकना होगा.

Advertisement

हैदराबाद की टीम ने लखनऊ को मैच में किसी भी वक्त वापसी करने का मौका ही नहीं दिया. 9 ओवर 4 गेंदों में 167 रन बना डाले. और 10 विकेट से जीत अपने नाम की. हैदराबाद की जीत के बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने X पर लिखा,

“इस पारी को धमाकेदार ओपनिंग पार्टनरशिप कहना इसे कमतर आंकना होगा. अगर इन लड़कों ने आज पहले बैटिंग की होती तो इन्होंने 300 रन बना दिए होते.”

Advertisement

बता दें कि टी20 के इतिहास में आज तक 300 रन नहीं बने हैं. हैदराबाद की टीम ने आज IPL के इतिहास में 10 ओवर में सबसे बड़ा स्कोर बनाया. हालांकि टीम 2 गेंद पहले मैच जीत गई. मैच 9 ओवर 4 गेंदों में ही खत्म हो गया. इसी को लेकर सचिन ने कहा कि अगर टीम पहले खेलती तो शायद 300 भी बना लेती!

हेड और अभिषेक का तूफान

ट्रेविस हेड ने इस चेज में 30 गेंदें खेली. बनाए 89 रन. 8 चौके और 8 छक्के लगाए. पारी में हेड का स्ट्राइक रेट 296 से भी ज्यादा का था. हेड ने 16 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया था. पहले छह ओवर में हैदराबाद की टीम ने 107 रन बना लिए थे. जो कि इस IPL में पावरप्ले के अंदर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था.

Advertisement

दूसरे एंड पर खड़े अभिषेक शर्मा भी बॉलर्स की कुटाई जारी रखे हुए थे. अभिषेक ने मैच में 19 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की. 9वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने टीम को मैच जिताया. शर्मा ने 75 रन की पारी खेली. 28 गेंदों में. पारी में 8 चौके और 6 छक्के लगाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 267 के ऊपर रहा. मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए अभिषेक ने कहा,

“ऐसी बैटिंग का क्रेडिट हेड को जाता है. जिस तरह से वो सभी बॉलर्स के खिलाफ बैटिंग करते हैं और शुरुआत से ही अटैक करते हैं, मेरे ऊपर से प्रेशर कम हो जाता है. युवी पाजी, ब्रायन लारा और मेरे पहले कोच मेरे पिता को धन्यवाद.”

मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में 165 रन बनाए. केएल राहुल ने 29, क्रुणाल पंड्या ने 24 रन बनाए. टीम के लिए सबसे ज्यादा स्कोर आयुष बडोनी ने किया. बडोनी ने 30 गेंद पर 55 रन की पारी खेली. निकोलस पूरन ने 26 गेंद में 48 रन बनाए. हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 12 रन देकर 2 विकेट लिए. वहींं पैट कमिंस ने एक विकेट अपने नाम किया. शानदार बैटिंग के लिए हैदराबाद के ट्रेविस हेड को प्लेयर ऑफ दी मैच अवार्ड मिला.

वीडियो: सचिन तेंडुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़कर क्या बोले सरफ़राज़ के भाई मुशीर खान?

Advertisement