The Lallantop

टीम इंडिया के बाद अब इस IPL टीम की कोचिंग करते दिख सकते हैं रवि शास्त्री!

लक्ष्मण की राह पर चलेंगे शास्त्री?

Advertisement
post-main-image
तस्वीर में रवि शास्त्री के साथ अन्य सपोर्टिंग स्टाफ ( फोटो क्रेडिट : PTI)
रवि शास्त्री. T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के साथ आखिरी बार काम कर रहे हैं. टीम इंडिया के हेड कोच के तौर पर उनका कार्यकाल इस विश्व कप के बाद खत्म हो रहा है. इसके बाद अब रवि शास्त्री IPL टीम की कोचिंग करते हुए नज़र आ सकते हैं. क्रिकबज़ के अनुसार, IPL से जुड़ने वाली नई टीम अहमदाबाद की कोचिंग के लिए रवि शास्त्री के नाम पर चर्चा हो रही है. शास्त्री के साथ ही फिलहाल भारतीय टीम में अपनी सेवाएं दे रहे बोलिंग कोच भरत अरुण और फील्डिंग कोच आर. श्रीधर के भी अहमदाबाद से जुड़ने की संभावनाएं जताई जा रही है. # IPL Coach Shastri? रिपोर्ट्स की मानें तो टीम अहमदाबाद के मालिकों ने रवि शास्त्री को दुबई में अप्रोच किया है. हालांकि, उनकी तरफ से अभी कोई जवाब नहीं आया है. रवि शास्त्री ने T20 वर्ल्ड कप के खत्म होने तक का समय मांगा है क्योंकि वो टूर्नामेंट से अपना ध्यान नहीं भटकाना चाहते हैं. ऐसा माना जा रहा है कि शास्त्री कोचिंग के ऑफर को हां कर देंगे. भले ही इसकी कीमत उन्हें कॉमेंट्री से दूर रहकर चुकानी पड़े. शास्त्री ने 20 साल तक कॉमेंट्री की है और इस फील्ड में अपना नाम बनाया है. हालांकि शास्त्री बीते सात सालों से भारतीय टीम के साथ जुड़े हुए थे. और इसके चलते उन्हें कॉमेंट्री से दूर रहना पड़ा था. अब अगर रवि शास्त्री किसी IPL टीम के साथ जुड़ते है तो वो BCCI से सीधे कॉमेंट्री कॉन्ट्रैक्ट हासिल नहीं कर पाएंगे. क्योंकि इससे हितों के टकराव का मामला बन जाएगा. हालांकि, वह सीधे ब्रॉडकास्टर से जुड़ सकते हैं. अगर वह ऐसा करेंगे तो वीवीएस लक्ष्मण के बाद दूसरे ऐसे व्यक्ति हो जाएंगे. वीवीएस कॉमेंट्री भी करते है और साथ में IPL टीम सनराइजर्स हैदराबाद के मेंटॉर भी हैं. # कोचिंग में कमाल? बताते चलें कि रवि शास्त्री ने 2014 में भारतीय टीम के हेड कोच का कार्यभार संभाला था. और बीच का एक साल हटा दें तो वह लगातार टीम इंडिया के साथ हैं. उनके कार्यकाल में टीम इंडिया टेस्ट में नंबर वन टीम बनी थी और साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भी पहुंची थी. रवि शास्त्री के बाद अब राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के नए कोच बनने जा रहे हैं. राहुल द्रविड़ न्यूज़ीलैंड के भारत दौरे से ही अपना काम शुरू कर देंगे. इस दौरे की शुरुआत 17 नवम्बर से होनी है.

Advertisement
Advertisement